West Bengal: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी बीच भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि राज्य में भाजपा की स्पष्ट लहर चल रही है और टीएमसी को अपनी हार का अंदेशा हो चुका है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने के दिन 4 मई को ममता बनर्जी चुनाव आयोग के बाहर धरने पर बैठ सकती हैं।
भाजपा का दावा: बंगाल में बदलाव तय
रोहन गुप्ता ने अहमदाबाद में बातचीत के दौरान कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता इस बार बदलाव के मूड में है। उनके अनुसार, राज्य में विकास की कमी और मौजूदा सरकार के खिलाफ बढ़ती नाराजगी के चलते भाजपा को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब “डबल इंजन सरकार” चाहती है, जिससे राज्य में तेज विकास हो सके।
West Bengal: सीआरपीएफ पर बयान को लेकर पलटवार
सीआरपीएफ जवानों पर ममता बनर्जी के कथित बयान को लेकर भी भाजपा नेता ने तीखी प्रतिक्रिया दी। गुप्ता ने कहा कि सीआरपीएफ देश का गौरव है और उनके खिलाफ भड़काऊ बयान देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे टीएमसी की मानसिकता करार देते हुए कहा कि चुनाव में हार के डर से ऐसे बयान दिए जा रहे हैं।
चुनाव आयोग और संविधान पर टिप्पणी
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्ताव खारिज होने पर भी रोहन गुप्ता ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार काम करना सभी की जिम्मेदारी है और निजी हितों के लिए संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि अगर किसी प्रक्रिया पर संदेह है तो ठोस सबूत के साथ सामने आएं, केवल आरोप लगाने से जनता प्रभावित नहीं होगी।
ये भी पढ़ें…ममता बनर्जी को शेरनी बता, बंगाल चुनाव को लेकर संजय राउत ने की बड़ी भविष्यवाणी!








