Home » Uncategorized » राजनाथ सिंह ने बिहार में विकास और पारदर्शिता पर कहा – भ्रष्टाचार मिटाना हमारा लक्ष्य

राजनाथ सिंह ने बिहार में विकास और पारदर्शिता पर कहा – भ्रष्टाचार मिटाना हमारा लक्ष्य

राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव अभियान के तहत गुरुवार को चंपारण और सीतामढ़ी में दो अलग-अलग चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्य करना नहीं है, बल्कि ऐसी पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करना है जिसमें भ्रष्टाचार का नामो-निशान मिट जाए।

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब तक बिहार विकसित बिहार नहीं बनेगा, तब तक विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता।

बिहार की राजनीति से भ्रष्टाचार खत्म करेंगे

रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा ऐसी व्यवस्था चाहती है जिसमें भ्रष्टाचार का कोई स्थान न रहे। उन्होंने कहा, हम इस हद तक परिवर्तन लाना चाहते हैं कि हिंदुस्तान की राजनीति से भ्रष्टाचार का नाम ही सदा के लिए समाप्त हो जाए।

राजद पर तीखा प्रहार

सीतामढ़ी की सभा में राजनाथ सिंह ने विपक्षी दलों, विशेषकर राजद पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाल ही में राजद की एक सभा में एक छोटे बच्चे से “तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे तो हमारे हाथों में कट्टा होगा” जैसी बातें बुलवाई गईं। राजनाथ ने कहा, यह है उस पार्टी की सोच। वे बिहार को फिर से भय और हिंसा के दौर में ले जाना चाहते हैं।

नीतीश कुमार ने विकास किया

रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा, पिछले 20 सालों में नीतीश कुमार ने बिहार को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया है। उनके नेतृत्व में सड़क, बिजली, शिक्षा और कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार पर कभी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा और उनके विरोधी भी उनके दामन पर कोई दाग नहीं बता पाए हैं।

जनता से की अपील

राजनाथ सिंह ने जनसभा के अंत में कहा कि जनता प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को विकसित राज्य बनाने में सहयोग करे, ताकि 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार हो सके।

 

यह भी पढ़ें…Realme GT 8 Pro भारत लॉन्च डेट हुई तय! जानिए फीचर्स