Home » राजनीति » कौन हैं DUSU के नए अध्यक्ष यश डबास? टेनिस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाया देश का नाम

कौन हैं DUSU के नए अध्यक्ष यश डबास? टेनिस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाया देश का नाम

Yash Dabas:

Yash Dabas: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद नए अध्यक्ष यश डबास लगातार चर्चा में हैं। ABVP के उम्मीदवार यश डबास ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्हें कुल 24,576 वोट मिले, जबकि उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी NSUI के विजय शंकर मीणा को 22,523 वोट मिले। जीत के बाद यश डबास ने इसे छात्रों, सद्भाव और संगठन की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह उन सभी छात्रों की जीत है, जो पिछले कई वर्षों से उनके साथ खड़े रहे और उनके कामों में सहयोग करते रहे।

Yash Dabas: कौन हैं DUSU के नए अध्यक्ष यश डबास-

यश डबास मूल रूप से दिल्ली के कंझावला इलाके के रहने वाले हैं। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज (SGTB) में दाखिला लिया, जहां से उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। फिलहाल यश डबास दिल्ली विश्वविद्यालय के बौद्ध स्टडीज डिपार्टमेंट से MA की पढ़ाई कर रहे हैं। छात्र राजनीति में सक्रिय रहने के साथ-साथ उनकी पहचान खेल के मैदान पर भी रही है।

Yash Dabas: टेनिस कोर्ट पर बनाई अंतरराष्ट्रीय पहचान-

छात्र राजनीति में आने से पहले यश डबास टेनिस खिलाड़ी के तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर टेनिस में हिस्सा लिया है। इसके अलावा उन्होंने स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ITF प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया। टेनिस से जुड़े अनुभव ने उन्हें अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में मदद की, जिसे वह छात्र राजनीति में भी इस्तेमाल करते रहे हैं।

6 साल से ABVP से जुड़े हैं यश डबास-

यश डबास छात्र राजनीति में नए नहीं हैं। वह करीब 6 साल से ABVP के कार्यकर्ता के तौर पर छात्र समुदाय से जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने छात्रों से जुड़े कई मुद्दों को लेकर काम किया। छात्रों के बीच उनकी सक्रियता और जमीनी जुड़ाव के चलते उन्हें DUSU अध्यक्ष पद के लिए ABVP का उम्मीदवार बनाया गया।

छात्र सुरक्षा और सेफ्टी ऑडिट रहे प्रमुख मुद्दे-

चुनाव प्रचार के दौरान यश डबास ने छात्रों से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनकी प्राथमिकताओं में कैंपस और उसके आसपास छात्रों की सुरक्षा प्रमुख रही। उन्होंने कॉलेजों, हॉस्टल और निजी PG में अनिवार्य सेफ्टी ऑडिट कराने की बात कही। इसके अलावा कॉलेज परिसरों में छात्रों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी उन्होंने अपने एजेंडे में शामिल किया।

अब अध्यक्ष के तौर पर बड़ी जिम्मेदारी-

टेनिस कोर्ट से छात्र राजनीति के मंच तक पहुंचे यश डबास अब DUSU अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। चुनाव के दौरान उठाए गए छात्र सुरक्षा, हॉस्टल और PG से जुड़े मुद्दों पर अब उनकी भूमिका पर छात्रों की नजर रहेगी

यह भी पढ़े- DUSU चुनाव में ABVP का दबदबा, 4 में से 3 पद जीते; यश डबास बने अध्यक्ष