Home » राजनीति » PM मोदी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- ‘विरोध पक्ष नहीं, अवरोध पक्ष बन गया है’

PM मोदी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- ‘विरोध पक्ष नहीं, अवरोध पक्ष बन गया है’

PM Modi Opposition Attack:

PM Modi Opposition Attack: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विपक्षी दलों पर तीखा निशाना साधा। गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम और परेड को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश का विपक्ष अब ‘विरोध पक्ष’ नहीं, बल्कि ‘अवरोध पक्ष’ बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपनी राजनीतिक हताशा और निराशा के कारण देश के विकास में बाधाएं पैदा कर रहा है।

PM Modi Opposition Attack: विपक्ष पर पीएम मोदी ने साधा निशाना

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना और स्वस्थ आलोचना करना है, लेकिन मौजूदा विपक्ष अपने कर्तव्यों को भूल गया है। उन्होंने कहा, “यह हमारा दुर्भाग्य है कि इस समय देश का विपक्ष अपने कर्तव्य को भूल गया है और ‘विरोध पक्ष’ नहीं, बल्कि ‘अवरोध पक्ष’ बन गया है। अपनी हताशा और निराशा में ये लोग देश के विकास के रास्ते में रुकावटें पैदा कर रहे हैं।” पीएम मोदी ने आगे कहा कि यह स्वस्थ विपक्ष की राजनीति नहीं है, बल्कि बाधाएं पैदा करने की राजनीति है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने इसे ही अपनी मुख्य राजनीति बना लिया है।

PM Modi Opposition Attack: संविधान और देश को बांटने की कोशिश का लगाया आरोप

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर संविधान की गरिमा और उसकी सीमाओं का सम्मान नहीं करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें लगातार देश में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। पीएम मोदी ने सवाल उठाते हुए कहा, “कौन विदेश में भारत विरोधी ताकतों से गुप्त रूप से मिल रहा है? कौन देश विरोधी तत्वों जैसी भाषा बोल रहा है?” उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतों के खिलाफ पूरे देश को एकजुट होने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से मिलकर इन चुनौतियों का सामना करने की अपील भी की।

नक्सलवाद के बाद ‘दिमागी नक्सलियों’ पर क्या बोले पीएम मोदी?

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने देश में नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने देश के दूरदराज के इलाकों से नक्सलवाद को काफी हद तक समाप्त करने में सफलता हासिल की है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में अभी एक और चुनौती बाकी है। पीएम मोदी ने कहा, “हमने सुदूर इलाकों में नक्सलवादियों का अंत कर दिया है, लेकिन दिमागी नक्सलियों का खतरा अभी भी देश से टला नहीं है।” उन्होंने राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों से एकजुट रहने का आह्वान किया।

यह भी पढ़े- फोन पर दिखेगा कॉलर का नाम, PNB चार्ज और FASTag पास भी बदलेंगे; 1 नवंबर से नए नियम समझिए