Nidhi Razdan: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वरिष्ठ पत्रकार और टीवी एंकर निधि राजदान से शादी कर ली है। दोनों ने 31 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी। उमर अब्दुल्ला ने तस्वीर के साथ लिखा, ‘कल एक नई यात्रा शुरू हुई’, जबकि निधि राजदान ने भी अपनी पोस्ट के जरिए शादी की पुष्टि की। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों ने 30 अक्टूबर को निजी समारोह में विवाह किया। इस खबर के बाद निधि राजदान की पहचान, पत्रकारिता करियर और निजी जिंदगी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
कौन हैं निधि राजदान?
निधि राजदान देश की जानी-मानी अंग्रेजी पत्रकार और न्यूज एंकर हैं। उनका संबंध जम्मू-कश्मीर से है। उनके पिता एमके राजदान भी वरिष्ठ पत्रकार रहे हैं और प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के संपादक-इन-चीफ रह चुके हैं। निधि ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो और टेलीविजन पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा हासिल किया।
Nidhi Razdan: NDTV में करीब दो दशक तक किया काम
निधि राजदान की पहचान NDTV के चर्चित चेहरों में रही है। उन्होंने करीब दो दशक तक इस मीडिया संस्थान में काम किया। वह चैनल के प्राइम टाइम कार्यक्रम ‘Left, Right & Centre’ की एंकर रहीं। इस कार्यक्रम में देश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर नेताओं, विशेषज्ञों और अन्य प्रमुख लोगों के साथ चर्चा होती थी। उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति, विदेश नीति और जम्मू-कश्मीर से जुड़े विषयों पर रिपोर्टिंग भी की।
पत्रकारिता के लिए मिले कई सम्मान
निधि राजदान को जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत से जुड़ी रिपोर्टिंग के लिए रामनाथ गोयनका पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से भी पत्रकारिता में उत्कृष्टता के लिए सम्मान मिला। वह पत्रकारिता के साथ लेखन से भी जुड़ी रही हैं। उनकी किताब ‘Left, Right and Centre: The Idea of India’ वर्ष 2017 में प्रकाशित हुई थी। इसमें भारतीय राजनीति और लोकतंत्र से जुड़े विषयों को शामिल किया गया है।
Nidhi Razdan: पहले किससे हुई थी निधि राजदान की शादी?
निधि राजदान की यह दूसरी शादी है। इससे पहले वर्ष 2005 में उन्होंने पत्रकार और लेखक नीलेश मिश्रा से विवाह किया था। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और वर्ष 2007 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद निधि राजदान ने अपना पत्रकारिता और लेखन का काम जारी रखा।
उमर अब्दुल्ला की भी दूसरी शादी
उमर अब्दुल्ला की पहली शादी वर्ष 1994 में पायल अब्दुल्ला से हुई थी। दोनों के दो बेटे जाहिर और जामिर हैं। वे लंबे समय से अलग रह रहे थे। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की आपसी सहमति और समझौते के आधार पर विवाह समाप्त करने का आदेश दिया। अब उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान ने विवाह कर अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है। दोनों की शादी की जानकारी सामने आने के बाद राजनीतिक और मीडिया जगत में यह खबर चर्चा का विषय बनी हुई है।
ये भी पढ़ें…बेटी के बॉलीवुड करियर के लिए विदेशी उप प्रधानमंत्री बना रहे हैं पीयूष गोयल पर दबाव, जानें पूरा मामला








