Ravindra Jadeja: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा के वनडे करियर को लेकर सवाल उठने लगे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए उन्हें भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। उनकी जगह अक्षर पटेल को प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे में 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए जडेजा की टीम में जगह को लेकर भी संशय बना हुआ है। इस बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने जडेजा के वनडे भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि जडेजा का वनडे करियर लगभग खत्म हो सकता है और टीम मैनेजमेंट अब उन्हें इस फॉर्मेट की योजनाओं में शामिल नहीं कर रहा है।
Ravindra Jadeja: जडेजा के वनडे भविष्य पर पुजारा ने क्या कहा?
चेतेश्वर पुजारा के मुताबिक, अगर भारतीय टीम मैनेजमेंट रविंद्र जडेजा को वनडे क्रिकेट में अपनी योजनाओं का हिस्सा मानता, तो उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए जरूर चुना जाता। पुजारा ने जियोस्टार पर बातचीत के दौरान कहा, “मुझे ऐसा लगता है कि अगर आप रविंद्र जडेजा को ODI क्रिकेट में रखना चाहते हैं, तो उन्हें चुना जाना चाहिए था। मुझे यकीन है कि उन्हें बताया गया होगा कि उन्हें शायद नहीं चुना जाएगा, क्योंकि अक्षर पटेल ODI क्रिकेट में मुख्य ऑलराउंडर रहे हैं और उन्हें ज्यादा मौके दिए जा रहे हैं।” उनके इस बयान से साफ है कि टीम में ऑलराउंडर की भूमिका के लिए फिलहाल अक्षर पटेल को प्राथमिकता मिल रही है।
Ravindra Jadeja: क्या अब सिर्फ टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे रविंद्र जडेजा?
पुजारा ने जडेजा की उम्र और टीम की मौजूदा रणनीति का जिक्र करते हुए कहा कि संभव है कि उन्हें अब सिर्फ टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान देने के लिए कहा गया हो। उन्होंने कहा, “उनकी उम्र को देखते हुए, मुझे लगता है कि टीम मैनेजमेंट ने शायद उनसे कहा होगा कि वह अब सिर्फ टेस्ट क्रिकेट का हिस्सा हैं। इसलिए उन्हें वहीं ध्यान देना चाहिए और टीम उन्हें व्हाइट-बॉल क्रिकेट के लिए नहीं देख रही है।” गौरतलब है कि रविंद्र जडेजा पहले ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में अगर उन्हें वनडे टीम में भी आगे मौका नहीं मिलता है, तो उनके सीमित ओवरों के अंतरराष्ट्रीय करियर पर विराम लग सकता है।
अभिषेक नायर ने जडेजा की वापसी की जताई उम्मीद
जहां चेतेश्वर पुजारा जडेजा के वनडे करियर को लेकर आशंकाएं जता रहे हैं, वहीं भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच अभिषेक नायर की राय इससे अलग है। नायर का मानना है कि जडेजा अभी भी भारतीय टीम की योजनाओं का हिस्सा बन सकते हैं। खासकर अगर अक्षर पटेल चोटिल होते हैं, तो जडेजा उनके सबसे मजबूत विकल्प साबित हो सकते हैं। उन्होंने जडेजा को टीम के लिए एक तरह की ‘इंश्योरेंस पॉलिसी’ बताया। नायर के मुताबिक, अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले अगर अक्षर पटेल चोटिल होते हैं, तो जडेजा की भारतीय टीम में वापसी हो सकती है।
2027 वनडे वर्ल्ड कप में जगह मिलना मुश्किल?
रविंद्र जडेजा के सामने अब सबसे बड़ा सवाल 2027 वनडे वर्ल्ड कप में जगह बनाने का है। अक्षर पटेल को लगातार प्राथमिकता मिलने और न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर रहने के बाद उनकी स्थिति चुनौतीपूर्ण नजर आ रही है। हालांकि, अभिषेक नायर की राय से यह उम्मीद बनी हुई है कि जडेजा अभी टीम की योजनाओं से पूरी तरह बाहर नहीं हुए हैं। ऐसे में उनका वनडे भविष्य आने वाले समय में टीम मैनेजमेंट के फैसलों और प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।
यह भी पढ़े- बेटी के बॉलीवुड करियर के लिए विदेशी उप प्रधानमंत्री बना रहे हैं पीयूष गोयल पर दबाव, जानें पूरा मामला








