Home » मध्य प्रदेश » एमपी स्थापना दिवस: मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति से सजेगी पहली शाम, 71 बच्चे करेंगे वंदे मातरम का सामूहिक गायन

एमपी स्थापना दिवस: मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति से सजेगी पहली शाम, 71 बच्चे करेंगे वंदे मातरम का सामूहिक गायन

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर तीन दिन होंगे खास आयोजन
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर तीन दिन होंगे खास आयोजन

MP Foundation Day: मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के मौके पर तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह 1 से 3 नवंबर तक भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में चलेगा। रविवार शाम 6:30 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसकी शुरुआत करेंगे। समारोह की पहली शाम राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता गायिका मोनाली ठाकुर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। वहीं, 71 बच्चे एक साथ राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गायन करेंगे। इसके अलावा मध्यप्रदेश पुलिस बैंड की प्रस्तुति और आतिशबाजी भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी।इससे पहले रविवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री लाल परेड ग्राउंड में आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और देशज व्यंजन मेले का उद्घाटन करेंगे। शाम को मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देंगे और विकास व जनकल्याण से जुड़े संकल्पों के बारे में जानकारी साझा करेंगे।इस साल राज्योत्सव की थीम ‘विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश’ रखी गई है। इसके तहत मध्यप्रदेश की आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और जनजातीय विरासत के साथ कृषि, उद्योग, पर्यटन, तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में हुई प्रगति को दिखाया जाएगा। तीन दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक एवं जनजातीय नृत्य, वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियां, प्रदर्शनियां और पारंपरिक व्यंजनों के मेले आयोजित किए जाएंगे।

MP Foundation Day: 102 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी एक-एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति

स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के 102 होनहार विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित करेंगे। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की इस योजना के तहत प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को एक लाख रुपये की राशि दी जाएगी।जिलों के हिसाब से देखें तो खंडवा से सबसे अधिक छह विद्यार्थियों का चयन हुआ है। अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से चार-चार विद्यार्थियों को चुना गया है।इसके अलावा बुरहानपुर, छतरपुर, गुना, झाबुआ, कटनी, मऊगंज, सागर, सतना, श्योपुर और उज्जैन से तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन किया गया है।

165 किसानों को पुरस्कार में मिलेंगे ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर

राज्योत्सव के दौरान किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के 165 विजेताओं को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया था।इनमें से 15,298 किसानों ने पूरे अंक हासिल किए। इसके बाद मेरिट के आधार पर लॉटरी के जरिए प्रदेश के 55 जिलों से 165 विजेताओं को चुना गया। प्रत्येक जिले के तीन किसानों को पुरस्कार मिलेगा।पुरस्कारों में पहले स्थान पर रहने वाले किसान को ट्रैक्टर, दूसरे स्थान वाले को बुलेट मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान वाले को ई-स्कूटर दिया जाएगा। इस तरह कुल 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर बांटे जाएंगे।भोपाल के विजेताओं को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे, जबकि दूसरे जिलों में संबंधित प्रभारी मंत्री पुरस्कार वितरित करेंगे।

MP Foundation Day: राजा भोज के पुराने भोपाल की दिखेगी झलक

लाल परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों में राजा भोज के भोपाल पर आधारित चित्रों की प्रदर्शनी खास रहेगी। इसमें कुल 160 वॉटर कलर पेंटिंग्स लगाई जाएंगी। वरिष्ठ चित्रकारों ने एक विशेष कार्यशाला के दौरान इन चित्रों को तैयार किया है। इनके माध्यम से भोपाल के पुराने इतिहास और विरासत को दिखाया जाएगा।आधुनिक कृषि प्रदर्शनी में बेहतर किस्म के बीज, जैविक खेती में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, स्मार्ट सिंचाई तकनीक और कृषि से जुड़े नए स्टार्टअप के कामकाज की जानकारी मिलेगी।वहीं, महिला उद्यमिता मंडप और किसान बाजार में स्वयं सहायता समूहों के बनाए उत्पाद और हस्तशिल्प बिक्री के लिए रखे जाएंगे।इसके अलावा स्वाद-देशज व्यंजन मेले में मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल के पारंपरिक पकवानों का आनंद लिया जा सकेगा। यह मेला हर दिन दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा।

MP Foundation Day: एमपी राज्योत्सव में 165 किसानों को मिलेंगे बड़े पुरस्कार
एमपी राज्योत्सव में 165 किसानों को मिलेंगे बड़े पुरस्कार
400 से अधिक कलाकारों ने सांस्कृतिक गौरव यात्रा में लिया हिस्सा

राज्योत्सव की तैयारियों के तहत शनिवार को भोपाल के अलग-अलग इलाकों में सांस्कृतिक गौरव यात्राएं निकाली गईं। इन यात्राओं में 400 से ज्यादा लोक और जनजातीय कलाकार शामिल हुए।पहली यात्रा ज्योति टॉकीज से शुरू हुई। यहां से यात्रा बोर्ड ऑफिस चौराहा, 10 नंबर मार्केट, शाहपुरा लेक, कोलार रोड, नेहरू नगर और नीलबड़ होते हुए रातीबड़ पहुंची।दूसरी यात्रा बैरसिया से शुरू होकर नादरा बस स्टैंड, अशोका गार्डन, गोविंदपुरा, पिपलानी और अयोध्या नगर से गुजरी। इसका समापन आनंद नगर में हुआ।इन यात्राओं में गोंड, बैगा, भारिया, भील, कोरकू और सहरिया जनजातियों के पारंपरिक नृत्य देखने को मिले। इसके साथ ही मटकी, बधाई, काठी, घूमर, भांगड़ा, पंथी और लेझिम जैसे लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां भी हुईं। कलाकारों ने पारंपरिक कपड़ों और वाद्ययंत्रों के साथ मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया।

MP Foundation Day: 71 बच्चों के वंदे मातरम से शुरू होगा मुख्य समारोह

रविवार शाम होने वाले मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत ‘देशराग’ नाम के विशेष आयोजन से होगी। इसमें 71 बच्चे एक साथ राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाएंगे। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस बैंड राष्ट्रगान की प्रस्तुति देगा। कार्यक्रम के आखिर में आतिशबाजी की जाएगी।सांस्कृतिक कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत मशहूर गायिका मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति होगी। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर अवॉर्ड से सम्मानित मोनाली मुंबई से आए अपने साथी कलाकारों के साथ सुगम संगीत पेश करेंगी।मोनाली ठाकुर को फिल्मों के लोकप्रिय गानों ‘सवार लूं’ (लुटेरा) और ‘मोह मोह के धागे’ (दम लगा के हईशा) से खास पहचान मिली है। उनकी प्रस्तुति के साथ राज्योत्सव की पहली शाम संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम रहेगी।