INDIA bloc rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में SIR के विरोध में INDIA ब्लॉक की रैली के लिए विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता जुटने लगे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता पहुंचे। इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं। मगर, आना जरूर है।’
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘दिल्ली, तैयार हो जाओ। वोट बचाओ, देश बचाओ।’ विपक्षी दलों की इस रैली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जा रही है।
खड़गे के घर जुटे राहुल, प्रियंका और अखिलेश
रैली से पहले INDIA ब्लॉक के कई वरिष्ठ नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुंचे। यहां से राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं के ओपन रूफ गाड़ियों में सवार होकर मार्च में शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके बाद नेता और कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंचेंगे। इस मार्च को ‘चलो दिल्ली’ नाम दिया गया है। विपक्षी दलों की ओर से आयोजित इस रैली को SIR के मुद्दे पर एकजुटता दिखाने के तौर पर देखा जा रहा है।
INDIA bloc rally: SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
INDIA ब्लॉक की रैली में विपक्षी दल SIR प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। विपक्ष इस मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहा है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि मतदाता सूची पूरी तरह साफ होनी चाहिए, लेकिन इसके लिए 13 करोड़ वास्तविक मतदाताओं के नाम नहीं काटे जा सकते। वहीं, TMC सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने कहा कि यह आंदोलन युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूरों के अधिकारों से जुड़ा है।
कारोबार पर असर की आशंका, CTI ने राहुल को लिखी चिट्ठी
रैली को लेकर कारोबारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कारोबार और परिवहन प्रभावित होने की आशंका जताई है। संगठन के चेयरमैन बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर कहा कि रैली के कारण दिल्ली की करीब 2.5 लाख दुकानें बंद रह सकती हैं। इससे 10 हजार से 12 हजार करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है। कारोबारी संगठन ने रैली के दौरान यातायात और व्यापारिक गतिविधियों में संभावित बाधाओं को लेकर चिंता जताई है।

INDIA bloc rally: पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रैली को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि INDIA ब्लॉक की रैली से सरकार घबराई हुई है। खेड़ा ने कहा कि विपक्षी दल अपनी बात रखने के लिए एकजुट हो रहे हैं और सरकार को देश की आवाज सुननी चाहिए।
दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के इंतजाम
रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली में सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने भी कई मार्गों पर डायवर्जन और यातायात प्रतिबंधों को लेकर एडवाइजरी जारी की है। लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने और यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। SIR के मुद्दे पर विपक्षी दलों की यह रैली ऐसे समय हो रही है, जब चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी जारी है।








