कई कार्यकर्ता पहुंचे और कई पहुंच रहे
कांग्रेस सांसद सुखदेव सिंह भगत ने रैली के कारण व्यापारियों की नाराजगी से जुड़े सवाल पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी पर्यटन स्थल या टूरिस्ट स्पॉट पर छोटे-मोटे व्यापारियों और स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी वहां आने वाले लोगों से चलती है। जब बड़ी संख्या में लोग किसी स्थान पर पहुंचते हैं, तो स्थानीय कारोबार को भी फायदा होता है। उन्होंने कहा कि रैली में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग दिल्ली आ रहे हैं। ऐसे में वे यहां के होटलों में ठहरेंगे और स्थानीय दुकानों तथा खानपान की सेवाओं का इस्तेमाल करेंगे। इससे व्यापारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
सुबह से ही रामलीला मैदान पहुंचने लगे थे लोग
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने रैली की तैयारियों और कार्यकर्ताओं के उत्साह को लेकर कहा कि कार्यक्रम का निर्धारित समय दोपहर 12 बजे था, लेकिन सुबह 9 बजे से ही लोग पूरे जोश के साथ रामलीला मैदान पहुंचने लगे थे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और के.सी. वेणुगोपाल भी रैली की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव दानिश अबरार ने वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा और चुनाव आयोग को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी के खिलाफ चल रही लड़ाई लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव में वोट चोरी कर सकती है, चुनाव आयोग पर दबाव बना सकती है या फिर विधायकों की खरीद-फरोख्त के जरिए सत्ता हासिल करने की कोशिश कर सकती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इसी तरह की कथित गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठा रहा है।
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुब्बुरमन थिरुनावुक्करासर ने महारैली को एक बड़ा आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि देशभर से लोग दिल्ली पहुंच रहे हैं और सभी रास्ते रामलीला मैदान की ओर जा रहे हैं। इंडी गठबंधन में शामिल सभी दल इस रैली में हिस्सा ले रहे हैं। यह एक बड़ी जनसभा साबित होने वाली है। सीपीआई सांसद पी संतोष ने भी रैली में भारी भीड़ जुटने का दावा किया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों से लोग दिल्ली पहुंच रहे हैं। कई लोग ट्रेन और ट्रकों के जरिए एक दिन पहले से ही आना शुरू हो गए थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि रैली में भारी जनसमूह उमड़ेगा और पूरी दुनिया की नजरें दिल्ली पर होंगी। उन्होंने दावा किया कि इस आयोजन में 10 लाख से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें…SIR के खिलाफ दिल्ली में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, राहुल गांधी से ममता तक क्यों हुए एकजुट? समझिए पूरा मामला








