Home » बिहार » बिहार में क्राइम हो सकता है, अपराध नहीं… सम्राट चौधरी का बयान वायरल, तेजस्वी ने कसा तंज

बिहार में क्राइम हो सकता है, अपराध नहीं… सम्राट चौधरी का बयान वायरल, तेजस्वी ने कसा तंज

Samrat Chaudhary:

Samrat Chaudhary: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इस पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है।

Samrat Chaudhary: सम्राट चौधरी बोले- क्राइम हो सकता है, अपराध नहीं

दरअसल, राजमार्ग परिवहन मंत्रालय और बिहार सरकार के बीच नदी जल प्रबंधन को लेकर हुए समझौते के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भाषण दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने बिहार में अपराध को लेकर कहा, “हमारे यहां कोई अपराध नहीं है। अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। कोई अपराधी नहीं है।” उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। लोग उनके इस कथन का अर्थ समझने की कोशिश कर रहे हैं।

Samrat Chaudhary: सम्राट चौधरी- बिहार की दो बड़ी कमजोरियां आबादी और पानी

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में बिहार के विकास और उद्योगों को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि झारखंड के अलग होने के बाद बिहार का 87 फीसदी राजस्व चला गया था। अब राज्य में खनन का काम दोबारा शुरू करने का फैसला लिया गया है। सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की दो बड़ी कमजोरियां आबादी और पानी हैं। अगर राज्य में नदियों के पानी का सही प्रबंधन कर लिया जाए तो बिहार नए सिरे से खड़ा हो सकता है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मंच पर मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें बिहार के लिए नदी जल प्रबंधन को लेकर हुए समझौते के लिए विशेष रूप से बधाई दी।

नेपाल से आने वाली नदियों के पानी से बिहार को नुकसान: सम्राट

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के लोग अपने यहां के पानी से बर्बाद नहीं होते, बल्कि बाहर से आने वाले पानी से प्रभावित होते हैं। उन्होंने बताया कि नेपाल से सात बड़ी नदियां बिहार में प्रवेश करती हैं। उन्होंने कहा कि अगर इन नदियों के पानी को व्यवस्थित कर लिया जाए तो बिहार की बड़ी समस्या का समाधान हो सकता है। इससे राज्य के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर कसा तंज

सम्राट चौधरी के बयान पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, “बिहार में ‘Crime’ हो सकता है, ‘अपराध’ नहीं!” तेजस्वी ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री के चयन और बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके द्वारा चुने गए मुख्यमंत्री बिहार को बर्बाद कर रहे हैं। इस तरह सम्राट चौधरी के बयान के बाद बिहार में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

यह भी पढ़े- चुनाव में हार के बाद अमेरिका पहुंचे फ्लावियो बोल्सोनारो, परिवार के साथ तस्वीरें आईं सामने