Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » दिवाली-छठ से पहले योगी सरकार का बड़ा फैसला, अधिकारियों की छुट्टियां रद्द, बाजारों में 24 घंटे पुलिस का पहरा

दिवाली-छठ से पहले योगी सरकार का बड़ा फैसला, अधिकारियों की छुट्टियां रद्द, बाजारों में 24 घंटे पुलिस का पहरा

यूपी चुनाव से पहले बीजेपी ने तेज की तैयारी
यूपी चुनाव से पहले बीजेपी ने तेज की तैयारी
UP News :  उत्तर प्रदेश में दिवाली, छठ पूजा और देव दीपावली को लेकर योगी सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लेते हुए शासन से लेकर तहसील और थाना स्तर तक के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अब विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश मिल सकेगा। इसके साथ ही बाजारों, मंदिरों और संवेदनशील इलाकों में 24 घंटे पुलिस निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहारों को लेकर CM योगी सख्त, अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दीपोत्सव, दिवाली, छठ पूजा और देव दीपावली के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि त्योहार खुशियों, आस्था और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। ऐसे में किसी भी अराजक तत्व को माहौल खराब करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
UP News : बाजारों में 24 घंटे पुलिस की निगरानी, मंदिरों में अतिरिक्त फोर्स
त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि धनतेरस और दिवाली के दौरान प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास लगातार पुलिस निगरानी रखी जाए। संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखा जाए। इसके अलावा प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। वरिष्ठ अधिकारी खुद फील्ड में उतरकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेंगे। सभी जिलों में पीआरवी-112 को भी लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी तरह की भड़काऊ पोस्ट, गलत सूचना या अफवाह के जरिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रतिमा स्थापना और धार्मिक आयोजनों की अनुमति भी निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर देने को कहा गया है, ताकि किसी तरह का विवाद पैदा न हो।
UP News : पटाखों की दुकानों के लिए तय होंगे सुरक्षित स्थान
दिवाली के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए भी सरकार ने विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही बनाए जाएं। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त फायर टेंडर और जरूरी उपकरणों के साथ हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। पटाखों की बिक्री के लिए जरूरी एनओसी और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में भी अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
अयोध्या दीपोत्सव की तैयारियों पर भी खास नजर
अयोध्या में 7 नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है। दीपोत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, जरूरत के मुताबिक रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने और उसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
UP News : बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था को लेकर भी निर्देश
मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान प्रदेश के शहरी और ग्रामीण इलाकों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। नगर विकास और पंचायती राज विभाग को साफ-सफाई, रोशनी और स्वच्छता अभियान पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। मलिन बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक सफाई व्यवस्था बेहतर रखने और जलभराव जैसी समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग को यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाने और निजी बस संचालकों की मनमानी पर कार्रवाई करने को कहा गया है।
किसानों और राशन कार्ड धारकों को लेकर भी CM का बड़ा निर्देश
कानून-व्यवस्था के साथ मुख्यमंत्री ने किसानों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता पर लगातार नजर रखने को कहा है। खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी और निर्धारित कीमत से अधिक पर बिक्री करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। धान खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनकी उपज की पारदर्शी तरीके से तौल हो और कोई भी किसान अपनी फसल बेचे बिना वापस न लौटे। वहीं, राशन वितरण में घटतौली की शिकायत मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उदाहरण पेश करने वाली कार्रवाई करने को कहा गया है।
UP News : आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को त्योहार से पहले मिलेगा मानदेय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय का भुगतान त्योहार से पहले उनके बैंक खातों में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को भी कहा गया है।कुल मिलाकर, दिवाली से लेकर छठ और देव दीपावली तक उत्तर प्रदेश में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। छुट्टियां रद्द होने से लेकर बाजारों में 24 घंटे पुलिस निगरानी तक, सरकार का जोर इस बार त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर है।

 

ये भी पढ़ें…जामिया में प्रदर्शन के बीच बड़ा फैसला, 26 नवंबर तक ऑनलाइन रहेंगी क्लासेस