Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » ‘उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की साजिश बर्दाश्त नहीं’, CM योगी ने दिए सख्त निर्देश

‘उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की साजिश बर्दाश्त नहीं’, CM योगी ने दिए सख्त निर्देश

UP News : उत्तर प्रदेश में दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली जैसे बड़े त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों की खुशियों में खलल डालने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अराजक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 
त्योहारों पर माहौल बिगाड़ने वालों की खैर नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली आस्था, उल्लास और सामाजिक सौहार्द के पर्व हैं। इन त्योहारों के दौरान प्रदेश में सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि आम जनता बिना किसी डर के पर्व मना सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं। किसी भी अराजक तत्व को माहौल खराब करने का मौका नहीं मिलना चाहिए। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
UP News : सोशल मीडिया पर 24 घंटे रहेगी पुलिस की नजर
त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सूचनाएं फैलने की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखी जाए। किसी भी तरह की भड़काऊ पोस्ट, गलत जानकारी या शरारतपूर्ण बयानबाजी के जरिए सामाजिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। सीएम ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में विवाद पैदा करने या सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त
आगामी त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने शासन से लेकर तहसील और थाना स्तर तक के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य है कि त्योहारों के दौरान प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रहे। किसी भी आपात स्थिति में अधिकारियों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
UP News :अयोध्या दीपोत्सव को लेकर विशेष तैयारी
अयोध्या में 7 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए अंतरजनपदीय और स्थानीय स्तर पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पहले से रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने और इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
मंदिरों और बाजारों में 24 घंटे पुलिस की निगरानी
धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम योगी ने प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर चौबीसों घंटे पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा है। वहीं, प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास 24×7 पुलिस निगरानी, पैदल गश्त और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को खुद फील्ड में उतरकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने को कहा गया है। इसके साथ ही आपातकालीन सेवा यूपी-112 को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
UP News : पटाखों की दुकानों पर सुरक्षा के खास इंतजाम
दिवाली पर पटाखों की बिक्री और आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग को अलर्ट रहने को कहा है। निर्देश दिए गए हैं कि पटाखों की दुकानें केवल खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही लगाई जाएं। अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर बनाए जाएं। इसके लिए एनओसी और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त फायर टेंडर और जरूरी जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।
सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
त्योहारों के दौरान आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर विकास और पंचायती राज विभाग को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मलिन बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा है। इसके अलावा नियमित सैनिटाइजेशन और एंटी-लार्वा फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों पर गड्ढे, जलभराव और कूड़े के ढेर जैसी समस्याओं को भी तत्काल दूर करने को कहा गया है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान रोस्टरमुक्त बिजली आपूर्ति और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
UP News : अतिरिक्त बसें चलाने और मनमाना किराया वसूलने वालों पर कार्रवाई
त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों के संचालन के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अनफिट और डग्गामार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है। इसके साथ ही निजी बस संचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायत मिलने पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
राशन वितरण में गड़बड़ी और खाद की कालाबाजारी पर सख्ती
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने जनहित और किसान कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी राशन व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा। राशन वितरण में घटतौली की शिकायत मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए, जिससे दूसरों को भी सबक मिले। किसानों के लिए यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जिलाधिकारियों को दिए गए हैं। खाद की जमाखोरी, कृत्रिम संकट पैदा करने और निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बिक्री करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने को कहा गया है। धान खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनकी उपज की पारदर्शी तरीके से तौल हो और कोई भी किसान अपनी फसल बेचे बिना वापस न लौटे।
 
UP News : आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को त्योहार से पहले मानदेय
मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय त्योहार से पहले उनके बैंक खातों में भेजने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा गया है। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा, शांति और सामाजिक सौहार्द से कोई समझौता नहीं होगा। पुलिस और प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखते हुए सरकार ने त्योहारों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी तेज कर दी है।

 

ये भी पढ़ें…दिवाली-छठ से पहले योगी सरकार का बड़ा फैसला, अधिकारियों की छुट्टियां रद्द, बाजारों में 24 घंटे पुलिस का पहरा