UP News: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हुआ। यहां वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय चौकी में ज्यादा पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे। हालांकि, वहां सामान पहुंचाने आए एक डिलीवरी बॉय को कांच के टुकड़े लगने से चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल सीपी राज करण नायर, इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। इसी बीच, तहरीक-उल-मुजाहिदीन-ए-हिंदुस्तान नाम के संगठन ने इस धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। इस संबंध में ‘गाजी 2’ नाम के X अकाउंट से एक पोस्ट भी किया गया है।
UP News: संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का किया दावा
तहरीक-ए-मुजाहिदीन-ए-हिंदुस्तान ने अपने पोस्ट में दावा किया कि उसने गाजियाबाद में मौजूदा भगवा सरकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस को निशाना बनाया है। संगठन का कहना है कि उसे अपने घर, मस्जिद, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए लड़ने का अधिकार है। उसने मौजूदा सरकार को अवैध बताते हुए कहा कि वह अपने अधिकारों के लिए आगे भी लड़ाई जारी रखेगा।
कांच के टुकड़े लगने से घायल हुआ डिलीवरी बॉय
इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं है कि पुलिस चौकी में धमाका किस चीज से हुआ। इसकी असली वजह फॉरेंसिक जांच और अन्य जांच प्रक्रियाओं के बाद ही सामने आएगी।उन्होंने बताया कि घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय मौजूद थे। डिलीवरी बॉय वहां कुछ सामान पहुंचाने आया था। धमाके के दौरान खिड़कियों के शीशे टूट गए, जिनके टुकड़े लगने से वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
UP News: धमाके के बाद चौकी में बिखरे मिले कांच के टुकड़े
घटना के बाद सामने आए वीडियो में पुलिस चौकी के अंदर का नजारा दिखाई दे रहा है। वीडियो में खिड़कियों के टूटे हुए शीशे और फर्श पर बिखरे कांच के टुकड़े साफ नजर आ रहे हैं। धमाके की वजह से चौकी के अंदर रखे सामान को भी नुकसान पहुंचा है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
मई में AC सर्विस सेंटर में भी हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि इससे पहले इसी साल मई में भी गाजियाबाद में एक बड़ा हादसा हुआ था। उस दौरान एक AC सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई थी। आग के बीच कई धमाके हुए थे, जिनकी वजह से AC में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर और कंप्रेसर फट गए थे।इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। आग इतनी भयानक थी कि पूरी इमारत को भारी नुकसान पहुंचा था। इसके अलावा, आग की चपेट में आने से दो कारें और करीब 10 मोटरसाइकिलें भी जलकर खाक हो गई थीं।
ये भी पढ़ें… ‘मुसलमान किसी का गुलाम नहीं’, योगी-मोदी के समर्थन में क्या बोले मुस्लिम समाज के लोग?








