Ram Janmabhoomi Ayodhya: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव करीब आते ही समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के हृदय में भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या के प्रति कुछ ज्यादा ही प्रेम उमड़ रहा है।अच्छी बात है कि आज चुनाव के मौके पर ही सही,अखिलेश यादव भगवान राम को मान तो रहे हैं। हालांकि अयोध्या तो वे जाते रहे, लेकिन भगवान राम के दर्शनों के इतने उतावले पहली बार दिखाई दे रहे हैं। आरोप तो यहां तक लगाए जाते हैं कि वे इससे पहले कई बार अयोध्या और वाराणसी गए, लेकिन न तो उन्होंने भगवान राम के दर्शन किये और न बाबा भोलेनाथ के। शायद अखिलेश को लगता है कि जनता बहुत जल्दी सबकुछ भूल जाती है, लेकिन ऐसा नहीं है। लोग आज भी याद रखे हुए हैं कि तुष्टिकरण की राजनीति के चलते कैसे उनके पिता मुलायम सिंह यादव ने अपने शासन के दौरान कारसेवकों को गोलियों से भून डाला था। इस बात का उन्हें कभी मलाल नहीं हुआ। सवाल उठ सकते हैं कि क्या अब अखिलेश अपने पिता की गलती के लिए राम भक्तों से खुद माफी मांगेंगे ? अखिलेश बेशक भूल गए होंगे, लेकिन लोग कैसे भूल जाएंगे कि कुछ दिन पहले ही उनकी पार्टी के एक प्रवक्ता ने सार्वजनिक तौर पर सनातन संस्कृति के त्रिदेव- ब्रह्मा, विष्णु और महेश के अस्तित्व को नकारते हुए उनकी पूजा न करने की शपथ ली थी। आखिर जनता जानना चाहेगी कि अखिलेश ने अपने इन प्रवक्ता के प्रति दरियादिली क्यों दिखाई, क्या इसलिए कि प्रवक्ता ने सपा के वोट बैंक को मजबूत करने का काम किया ?
रामजन्मभूमि से खुलेंगे विकास के नए रास्ते
दरअसल, अखिलेश यादव को अहसास हो चुका है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवा चुके हैं। योगी राज में रामजन्मभूमि पर तीर्थाटन विकास की जो योजनाएं बनी हैं उनके चलते आज प्रतिदिन लाखों लोग भगवान राम के दर्शनों को पहुंच रहे हैं। विशेष धार्मिक अवसरों पर तो यह संख्या करोड़ों में पहुंच जाती है। अकेले ‘दीपोत्सव’ पर्व की बात करें तो इसमें सांस्कृतिक और आर्थिक विकास की स्पष्ट सोच दिखाई देती है। मुख्यमंत्री योगी की सोच ने रामजन्मभूमि अयोध्या को एक वैश्विक पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित किया है। इससे अयोध्या ही नहीं, बल्कि पूरे देश में आर्थिक विकास के रास्ते खुलेंगे। आखिर अखिलेश यादव को किसने काम करने से रोका था, वे भी अयोध्या, मथुरा और काशी जैसे तीर्थ स्थलों के विकास के बारे में सोच सकते थे? विचित्र बात है कि अखिलेश यादव एक तरफ तो सीएम योगी को अयोध्या में चुनाव लड़ने की चुनौती देते हैं, लेकिन जब योगी चुनौती स्वीकार करते हैं, तो अखिलेश खुद मैदान छोड़ देते हैं। लगता है कि वे बाहर कुछ भी कहें, लेकिन भीतर से वे भी मानते हैं कि योगी अयोध्या के लिए बहुत कुछ कर चुके हैं।
Ram Janmabhoomi Ayodhya: योगी राज में समग्र विकास की ओर बढ़ता यूपी
अयोध्या ही क्यों, योगी के विकास मॉडल की चर्चा तो आज देशभर में हो रही है। राज्य में आज गुंडागर्दी व अपराध का नामोनिशान नहीं है। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश कहा जाने लगा है। उद्योगों को अब प्रदेश में आने का डर नहीं रहा, औद्योगिक घराने प्रदेश में निवेश कर रहे हैं। लड़कियां और महिलाएं निर्भय होकर स्कूल-कॉलेजों एवं नौकरियों पर जा रही हैं। युवाओं के लिए रोजगार एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए-नए अवसर योगी सरकार ने उपलब्ध कराए हैं। महिलाओं के स्वावलंबन की दिशा में विशेष प्रयास किये गए हैं। कृषि क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए। आज उत्तर प्रदेश में कृषि केवल जीविका नहीं, बल्कि आर्थिक शक्ति का आधार बन चुकी है। उत्पादन, निवेश, तकनीक और निर्यात-चारों स्तरों पर हुए बदलावों ने इसे राज्य की अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ बना दिया है। 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर बढ़ते उत्तर प्रदेश में कृषि की भूमिका निर्णायक है। योगी राज में यूपी निरंतर समग्र आर्थिक विकास की दिशा में बढ़ रहा है। ऐसे में कोई राजनेता सिर्फ अयोध्या जाने भर से क्या सीेम योगी की बराबरी कर सकेगा? जनता को जातिवाद और तुष्टिकरण के नारे नहीं, बल्कि विकास की बयार चाहिए।
-सुशील चौधरी
संपादक
khabarindia








