Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा, कार में जिंदा जले 6 दोस्त

मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा, कार में जिंदा जले 6 दोस्त

Muzaffarnagar Car Accident:

Muzaffarnagar Car Accident: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार कार डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई, जिसके बाद कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार छह दोस्तों की जिंदा जलने से मौत हो गई। सभी युवक हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे और हरिद्वार में गंगा स्नान करने के लिए जा रहे थे।

Muzaffarnagar Car Accident: डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराई कार

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा मुजफ्फरनगर जिले में पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर तितावी थाना क्षेत्र के जगाहेड़ी गांव के पास हुआ। सोमवार तड़के करीब चार बजे तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में कार में आग लग गई। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे थी। हादसे के बाद कार में आग तेजी से फैल गई और उसमें सवार युवक बाहर नहीं निकल सके।

Muzaffarnagar Car Accident: कार में फंसे छह दोस्तों की जिंदा जलकर मौत

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार में आग लगने के बाद सभी युवक अंदर ही फंस गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। सभी छह युवकों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान हरियाणा के हिसार निवासी राहुल (22), अंकित (21), साहिल (22), अजय (22), अंकित (22) और अमन (19) के रूप में हुई है। इनमें साहिल कार चला रहा था।

हरिद्वार में गंगा स्नान करने जा रहे थे सभी युवक

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी छह दोस्त हरियाणा के हिसार से कार में सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे। उनका उद्देश्य गंगा स्नान करना था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। एक साथ छह दोस्तों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे कार डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़े- कश्मीर में PMEGP लोन घोटाले पर ED का बड़ा एक्शन, 10.63 करोड़ की 11 संपत्तियां अटैच