Home » नई दिल्ली » दिल्ली की हवा कितनी जहरीली? सरकारी आंकड़ों में AQI 370 तो निजी प्लेटफॉर्म पर 3036, आखिर किसकी रीडिंग सही?

दिल्ली की हवा कितनी जहरीली? सरकारी आंकड़ों में AQI 370 तो निजी प्लेटफॉर्म पर 3036, आखिर किसकी रीडिंग सही?

दिल्ली की हवा कितनी प्रदूषित, जानिए पूरा मामला
दिल्ली की हवा कितनी प्रदूषित, जानिए पूरा मामला

Delhi AQI: दिवाली के बाद सोमवार को दिल्ली में वायु प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही। सवाल यह था कि आखिर राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 370 था या 3,036 के पार पहुंच गया था? दरअसल, एक ही समय पर प्रदूषण की दो अलग-अलग रीडिंग सामने आईं, जिसके बाद लोग भी हैरान रह गए।सुबह करीब 7 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने दिल्ली का औसत AQI 370 दर्ज किया था। वहीं, एक निजी प्लेटफॉर्म पर यह आंकड़ा बढ़कर 3,036 तक पहुंच गया। दोनों आंकड़ों में इतना बड़ा अंतर होने के कारण लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि आखिर दिल्ली की हवा की वास्तविक स्थिति क्या है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, इस अंतर की सबसे बड़ी वजह प्रदूषण मापने की अलग-अलग तकनीक और AQI की गणना करने के तरीके हैं। CPCB और निजी एजेंसियां हवा की गुणवत्ता जांचने के लिए एक जैसी प्रक्रिया नहीं अपनाती हैं। ऐसे में दोनों के आंकड़ों की सीधे तुलना करना सही नहीं है।दरअसल, सोमवार सुबह करीब 7 बजे पश्चिमी दिल्ली के एमबीएस नगर, चौखंडी स्थित एक कम्युनिटी मॉनिटर पर निजी प्लेटफॉर्म ने AQI 3,036 दर्ज किया था। इस दौरान पीएम2.5 का स्तर 1,599 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर और पीएम10 का स्तर 1,924 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहा। वहीं, CPCB के निगरानी केंद्रों पर दिल्ली का औसत AQI करीब 370 दर्ज किया गया।

Delhi AQI: प्रदूषण मापने के लिए अलग-अलग तकनीकों का इस्तेमाल

CPCB के निगरानी केंद्रों पर हवा में मौजूद अलग-अलग प्रदूषकों की मात्रा मापने के लिए विशेष वैज्ञानिक उपकरणों और तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है। पीएम2.5 और पीएम10 की मात्रा जानने के लिए बीटा रे अटेन्यूएशन तकनीक अपनाई जाती है। वहीं, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड को मापने के लिए केमिल्यूमिनसेंस और सल्फर डाइऑक्साइड के लिए यूवी फ्लोरेसेंस तकनीक का इस्तेमाल होता है। इसी तरह कार्बन मोनोऑक्साइड और ओजोन जैसे प्रदूषकों को मापने के लिए भी अलग-अलग वैज्ञानिक तरीके अपनाए जाते हैं। इन सभी प्रदूषकों की माप के आधार पर भारतीय मानकों के अनुसार AQI की गणना की जाती है।

Delhi AQI: AQI 370 और 3036 की उलझन, क्या है वजह?
AQI 370 और 3036 की उलझन, क्या है वजह?

इसके विपरीत, कई निजी एजेंसियां प्रदूषण का स्तर मापने के लिए सेंसर आधारित तकनीक का इस्तेमाल करती हैं। इन सेंसरों की मदद से हवा में मौजूद प्रदूषण के कणों की मात्रा का अनुमान लगाया जाता है। हालांकि, इनकी रीडिंग और गणना करने का तरीका सरकारी निगरानी केंद्रों से अलग होता है। सेंसर की गुणवत्ता, उसकी कैलिब्रेशन यानी सही माप के लिए की गई सेटिंग, तापमान, हवा में नमी और हवा की गति जैसी परिस्थितियां भी आंकड़ों को प्रभावित कर सकती हैं।

मौसम में बदलाव से सेंसर की रीडिंग पर पड़ता है असर

निजी एजेंसियां पीएम2.5 और पीएम10 का स्तर मापने के लिए ऑप्टिकल पार्टिकल सेंसर का इस्तेमाल करती हैं। वहीं, गैसीय प्रदूषकों की निगरानी के लिए इलेक्ट्रोकेमिकल और मेटल ऑक्साइड सेमीकंडक्टर सेंसर लगाए जाते हैं। हालांकि, दिल्ली जैसे शहरों में इस तकनीक की कुछ सीमाएं भी हैं। यहां मौसम में तेजी से बदलाव होता है। खासकर तापमान और हवा में नमी के उतार-चढ़ाव का असर सेंसर की रीडिंग पर पड़ता है। इस वजह से प्रदूषण के आंकड़ों में काफी अंतर देखने को मिल सकता है।

Delhi AQI: CPCB की रीडिंग ज्यादा भरोसेमंद क्यों?

आईआईटी दिल्ली के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर मुकेश खरे के मुताबिक, CPCB की निर्धारित मापन प्रक्रिया और मानकीकृत पैमाने से मिलने वाले आंकड़े तुलनात्मक रूप से अधिक स्थिर और विश्वसनीय होते हैं। इसके अलावा, CPCB परिवेशी वायु की गुणवत्ता मापने के लिए 15 मिनट का समय अंतराल रखता है। इस दौरान प्रदूषण के स्रोतों से निकलने वाले कण हवा में फैल जाते हैं और उसके बाद उनकी स्थिति का आकलन किया जाता है।

वहीं, सेंसर आधारित तकनीक में रीयल टाइम यानी तुरंत आंकड़े मिलते हैं। ऐसे में मौसम की परिस्थितियों का इन पर अधिक असर पड़ता है। प्रोफेसर खरे के अनुसार, उनके अनुभव में सेंसर आधारित उपकरणों के आसपास अगर हवा तेज चलने लगे या वातावरण में नमी और तापमान बढ़ जाए, तो उनकी रीडिंग में अचानक बदलाव आ सकता है। जबकि CPCB के निगरानी केंद्रों पर इसका प्रभाव उसी तरह देखने को नहीं मिलता। ऐसे में दिल्ली के AQI के आंकड़ों में इतना बड़ा अंतर आने की एक वजह प्रदूषण मापने की अलग-अलग तकनीक और मौसम की परिस्थितियां भी हो सकती हैं।