Home » राजनीति » PM मोदी ने जेलेंस्की से फोन पर की बात, यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर हुई चर्चा

PM मोदी ने जेलेंस्की से फोन पर की बात, यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर हुई चर्चा

PM Modi Zelenskyy Talks:

PM Modi Zelenskyy Talks: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने और शांति बहाल करने के प्रयासों पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों में योगदान देने को तैयार है। उन्होंने दोहराया कि युद्ध का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जाना चाहिए।

PM Modi Zelenskyy Talks: शांति स्थापित करने में योगदान देगा भारत

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पीएम मोदी ने यूक्रेन संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए भारत की प्रतिबद्धता जाहिर की। उन्होंने भारत के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को भी दोहराया। वहीं, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने युद्ध से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखा। दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा की।

PM Modi Zelenskyy Talks: पीएम मोदी ने एक्स पर दी बातचीत की जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जेलेंस्की के साथ हुई बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ सार्थक बातचीत हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापक द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की गई और भारत-यूक्रेन संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति बनी। पीएम मोदी ने जेलेंस्की को जारी संघर्ष, उसके मानवीय पहलुओं और शांति बहाल करने के प्रयासों पर अपने विचार साझा करने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में हरसंभव योगदान देने के भारत के दृढ़ संकल्प को दोहराया।

जेलेंस्की को भारत से शांति प्रयासों में योगदान की उम्मीद

इससे पहले अगस्त में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा था कि उन्हें रूस के साथ युद्ध समाप्त करने में भारत के योगदान की उम्मीद है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में शांति और बातचीत के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की सराहना की थी। जेलेंस्की ने कहा था कि जब पूरी दुनिया इस भयानक युद्ध को सम्मानजनक और स्थायी शांति के साथ समाप्त करने का प्रयास कर रही है, तब यूक्रेन को भारत के योगदान की उम्मीद है।

पुतिन भी पीएम मोदी के विचारों की कर चुके हैं तारीफ

अक्टूबर में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी यूक्रेन संघर्ष के समाधान को लेकर पीएम मोदी के विचारों की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि मोदी के पास इस मुद्दे को लेकर बहुत अच्छे विचार हैं और वह हर मुलाकात में युद्ध समाप्त करने का विषय उठाते हैं। पुतिन के मुताबिक, भारत के प्रधानमंत्री रूस के साथ अच्छे और मित्रवत संबंध होने के बावजूद यूक्रेन में जारी संघर्ष को समाप्त करने का मुद्दा लगातार उठाते रहे हैं।

क्रेमलिन ने भी भारत की भूमिका का किया स्वागत

रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव भी कह चुके हैं कि भारत ने यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने में सार्थक योगदान देने की इच्छा जताई है। उन्होंने इस रुख के लिए नई दिल्ली के प्रति रूस का आभार व्यक्त किया था।इस तरह रूस और यूक्रेन दोनों के साथ भारत के कूटनीतिक संबंधों के बीच पीएम मोदी ने एक बार फिर युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान और बातचीत के जरिए शांति स्थापित करने पर जोर दिया है।

यह भी पढ़े- कश्मीर में PMEGP लोन घोटाले पर ED का बड़ा एक्शन, 10.63 करोड़ की 11 संपत्तियां अटैच