Home » बिज़नेस » अदाणी की कच्छ कॉपर बनी ‘कॉपर मार्क’ हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी, जानें किसे मिलता है यह सर्टिफिकेट

अदाणी की कच्छ कॉपर बनी ‘कॉपर मार्क’ हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी, जानें किसे मिलता है यह सर्टिफिकेट

Kutch Copper:

Kutch Copper: अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की इकाई कच्छ कॉपर लिमिटेड (KCL) ने प्रतिष्ठित वेरामार्क एश्योरेंस (पहले कॉपर मार्क) प्रमाणन हासिल कर लिया है। इसके साथ ही कच्छ कॉपर यह मान्यता पाने वाली भारत की पहली तांबा उत्पादक कंपनी बन गई है। कंपनी एक ही स्थान पर बने दुनिया के सबसे बड़े तांबा गलाने वाले संयंत्रों में से एक का संचालन करती है। इस प्रमाणन को हासिल करना भारतीय तांबा उद्योग के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Kutch Copper: किसे मिलता है ‘कॉपर मार्क’ सर्टिफिकेट?

वेरामार्क एश्योरेंस, जिसे पहले कॉपर मार्क के नाम से जाना जाता था, तांबा, निकल और जिंक के उत्पादन एवं आपूर्ति से जुड़ी कंपनियों के लिए एक स्वतंत्र मूल्यांकन व्यवस्था है। यह प्रमाणन उन कंपनियों को दिया जाता है, जो पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और कॉरपोरेट प्रशासन (ESG) से जुड़े निर्धारित मानकों पर खरी उतरती हैं। इसके लिए स्वतंत्र विशेषज्ञ कंपनियों के कामकाज का मूल्यांकन करते हैं। इसमें यह जांच की जाती है कि कंपनी उत्पादन के दौरान पर्यावरण और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पालन कर रही है या नहीं। साथ ही, कंपनी का संचालन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है या नहीं, इसका भी आकलन किया जाता है।

Kutch Copper: कच्छ कॉपर ने कैसे हासिल किया यह प्रमाणन?

कच्छ कॉपर ने जिम्मेदार उत्पादन से जुड़े मानकों और संयुक्त उचित जांच मानक (Joint Due Diligence Standard) के तहत स्वतंत्र मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा किया है। इसके बाद कंपनी को यह प्रमाणन मिला। यह प्रमाणन कंपनियों को यह साबित करने में मदद करता है कि उनका उत्पादन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है। इसके अलावा, इससे संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलती है। इनमें विशेष रूप से लक्ष्य-12 शामिल है, जो जिम्मेदार उत्पादन और खपत को बढ़ावा देने पर जोर देता है।

अदाणी समूह ने क्या कहा?

अडानी नेचुरल रिसोर्सेज के सीईओ और कच्छ कॉपर के प्रबंध निदेशक डॉ. विनय प्रकाश ने कहा कि कॉपर मार्क हासिल करना किसी भी भारतीय तांबा उत्पादक के लिए पहली उपलब्धि है। यह टिकाऊ और जिम्मेदार तरीके से उत्पादन करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के साथ कच्छ कॉपर दुनिया की उन चुनिंदा प्रमुख कंपनियों में शामिल हो गई है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करती हैं। प्रकाश के मुताबिक, दुनिया में बिजली की बढ़ती खपत, नवीकरणीय ऊर्जा, आधुनिक परिवहन और बुनियादी ढांचे के विकास में तांबे की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में कच्छ कॉपर पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारियों के वैश्विक मानकों का पालन करते हुए भारत की जरूरतों के मुताबिक अच्छी गुणवत्ता वाला तांबा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

दुनिया में तेजी से बढ़ रही तांबे की मांग

नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों, बिजली वितरण, डिजिटल बुनियादी ढांचे और आधुनिक उद्योगों के विस्तार के कारण दुनियाभर में तांबे की मांग बढ़ रही है। तांबा बिजली का अच्छा सुचालक होने के कारण इन क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बढ़ती मांग के बीच ग्राहक, निवेशक और आपूर्ति से जुड़ी कंपनियां ऐसे उत्पादकों को प्राथमिकता दे रही हैं, जो जिम्मेदार तरीके से कच्चे माल की खरीद और टिकाऊ उत्पादन के मानकों का पालन करते हैं।

दुनिया की कई बड़ी कंपनियां हैं इस व्यवस्था से जुड़ी

वेरामार्क एश्योरेंस या कॉपर मार्क व्यवस्था से दुनिया की कई प्रमुख खनन और धातु कंपनियां जुड़ी हुई हैं। इनमें BHP, रियो टिंटो, फ्रीपोर्ट-मैकमोरन, एंटोफागास्टा और ऑरुबिस जैसी कंपनियां शामिल हैं। यह व्यवस्था कंपनियों के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देती है। इसके तहत समय-समय पर कंपनियों का दोबारा मूल्यांकन भी किया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे जिम्मेदार उत्पादन से जुड़े वैश्विक मानकों का लगातार पालन कर रही हैं।

यह भी पढ़े- UP में 9.5 लाख नौकरियों के बाद 1 लाख और नियुक्तियों की तैयारी, CM योगी ने बताया प्लान