Ram and the Ram Temple: भारतीय जनमानस में रामराज्य को सबसे अच्छा माना जाता है, तो इसके गहरे मायने हैं। हजारों वर्षों से राम इस देश में जीवन-मूल्यों के प्रमुख प्रतीक हैं।वे उत्तर से लेकर दक्षिण तक पूरे देश को एक सांस्कृतिक सूत्र में बाँधते हैं। भारत ही क्यों, भारत के बाहर भी थाईलैंड, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस जैसे देशों के राजा या राष्ट्र प्रमुख सदियों से ‘रामायण’ और भगवान राम के आदर्शों को अपने राज्याभिषेक और सांस्कृतिक विरासत का अंग मानते आए हैं। कंबोडिया के ‘अंगकोर वाट’ और थाईलैंड की पुरानी राजधानियों के नाम व प्रतीक भगवान राम से जुड़े हुए हैं। दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाले देश इंडोनेशिया के जावा और बाली की रामलीलाएं तो दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं। यहाँ भगवान राम आदर्श पुरुष माने जाते हैं।
Ram and the Ram Temple: नैतिक और सांस्कृतिक चेतना की धारा हैं राम
राम हमारे राष्ट्र की नैतिक और सांस्कृतिक चेतना की वह धारा हैं, जो युग-युग तक बहती रहेगी। अगर ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम नहीं मानते, उनके मंदिर नहीं जाना चाहते, तो इससे क्या फर्क पड़ता है? इस देश में आजादी से पहले और आजादी के बाद भी तमाम नेता भगवान राम के आदर्शों से प्रभावित रहे हैं।महात्मा गांधी ने ‘रामराज्य’ की कल्पना को उस आदर्श समाज के रूप में रखा, जहाँ गरीबों और वंचितों को न्याय मिले। देश के पहले और अंतिम भारतीय गवर्नर-जनरल चक्रवर्ती राजगोपालाचारी ने तमिल भाषा में ‘चक्रवर्ती तिरुमगन’ नाम से रामायण लिखी और बाद में इसका अंग्रेजी अनुवाद भी किया। समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया मानते थे कि ‘मर्यादा पुरुषोत्तम राम’ का कर्म और वचन एक आदर्श जीवन शैली का प्रतिनिधित्व करता है। अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कल्याण सिंह जैसे नेताओं और साधु-संतों की अगुवाई में राम मंदिर के लिए ऐतिहासिक आंदोलन चला। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रामजन्मभूमि अयोध्या में आर्थिक और सांस्कृतिक विकास को नई गति मिली है।देश-विदेश के करोड़ों लोग भगवान राम के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं।
Ram and the Ram Temple: अपना अतीत याद करें कीर्ति आजाद
डॉ. राम मनोहर लोहिया ने उत्तर प्रदेश में ‘रामायण मेलों’ की शुरुआत भी की। यह अलग बात है कि खुद को उनके अनुयायी मानने वालों के शासन में उसी उत्तर प्रदेश में कारसेवकों को गोलियों से भून दिया गया। लोहिया के अनुयायी राम के विरोध में खड़े हो गए जैसे कि एक समय ‘जय श्रीराम’ के नारों की गूँज के साथ दिल्ली के गोल मार्किट से विधायक चुने गए कीर्ति आजाद को आज राम मर्यादा पुरुषोत्तम नहीं लगते हैं।क्या कीर्ति आजाद को उनका अतीत याद दिलाना पड़ेगा? कीर्ति आजाद पहली बार 1993 में दिल्ली की गोल मार्केट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक चुने गए थे।यह वह समय था जब भाजपा कार्यकर्ता हर विधानसभा क्षेत्र में जय श्रीराम के नारे लगाकर चुनाव प्रचार करते थे।पार्टी की हर जनसभा में जय श्रीराम के नारे लगते थे।क्या कीर्ति आजाद को तब भी राम से इतना ही परहेज था जितना कि आज है? क्या तब उन्होंने कहने का साहस किया था कि उनकी सभा में ‘जय श्रीराम’ के नारे न लगाए जाएं?
‘जय श्रीराम’ का अर्थ समझें
कितनी विचित्र बात है कि समय बदलने पर राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए राजनेताओं का चरित्र बदल जाता है। उनकी भाषा में जमीन-आसमान का अंतर आ जाता है। कहीं सांसद कीर्ति आजाद भगवान राम को इसलिए तो नहीं नकार रहे हैं कि उनकी नेता ममता बनर्जी खुश हो जाएं? बेशक ममता बनर्जी ने अपने भाषणों में सीधे तौर पर भगवान राम की आलोचना न की हो, लेकिन देखा गया कि मंचों पर राम के नारे लगने पर उन्हें आपत्ति रही।जनवरी 2021 में कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान जब ममता बनर्जी मंच पर बोलने गईं, तो वहां कुछ लोगों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए। इससे वे नाराज हो गईं और उन्होंने वहां भाषण देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने इसे किसी सरकारी कार्यक्रम में राजनीतिक नारेबाजी बताकर आपत्ति जताई थी। क्या हर जगह ‘जय श्रीराम’ कह देना राजनीति है? राजनेताओं को इसका अर्थ गंभीरता से समझना होगा। ‘जय श्रीराम’ तो श्रद्धा, भक्ति और सम्मान व्यक्त करने वाला एक प्रमुख उद्घोष या अभिवादन है। राम और राम मंदिर से परहेज छिछली राजनीति के अलावा और कुछ नहीं है।
सुशील चौधरी
संपादक
khabarindia
यह भी पढ़े- X पर अब वीडियो क्लिप बनाकर कमाएं पैसे, कंपनी ने लॉन्च किया नया फीचर; जानें कैसे करेगा काम








