Anushka Chaudhary UPSC: राजस्थान के सीकर जिले के छोटे से गांव चक त्रिलोकपुरा की बेटी अनुष्का चौधरी ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी कामयाबी हासिल की है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली अनुष्का ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित NDA एवं NA परीक्षा (I) 2026 में ऑल इंडिया रैंक 22 हासिल की है। उन्होंने पहले ही प्रयास में यह सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ ही वह अपने गांव से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने वाली पहली बेटी होंगी।
Anushka Chaudhary UPSC: गांव की पहली बेटी बनेगी लेफ्टिनेंट
NDTV से बातचीत में अनुष्का चौधरी ने बताया कि NDA परीक्षा में 22वीं रैंक हासिल करने के बाद उनका चयन हुआ है। अब वह जल्द ही राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खड़कवासला (पुणे) में तीन साल के प्रशिक्षण के लिए जाएंगी। इसके बाद उन्हें भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून में एक साल का प्री-कमीशन सैन्य प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन मिलेगा।
Anushka Chaudhary UPSC: पहले प्रयास में हासिल की सफलता
अनुष्का चौधरी ने बताया कि UPSC NDA परीक्षा में यह उनका पहला प्रयास था और पहली ही बार में उन्होंने सफलता हासिल कर ली। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की एक संस्था और सीकर की प्रिंस NDA अकादमी से परीक्षा की तैयारी की थी। अनुष्का के मुताबिक, उन्होंने अपनी तैयारी पर भरोसा रखा और इस दौरान परिवार का भी पूरा सहयोग मिला। उनकी मां गृहिणी हैं, जबकि पिता मुकेश कुमार बुरानिया खेती करते हैं। इसके साथ ही वह सीकर में एक मेडिकल शॉप भी चलाते हैं। तीन भाई-बहनों में अनुष्का सबसे बड़ी हैं। उनके पिता ने खेती और मेहनत के दम पर बेटी की पढ़ाई पूरी कराई और उसके सपनों को साकार करने में अहम भूमिका निभाई।
12वीं बोर्ड परीक्षा में भी किया था शानदार प्रदर्शन
अनुष्का चौधरी ने NDA में सफलता हासिल करने से पहले भी पढ़ाई में शानदार प्रदर्शन किया था। सीकर के रानोली स्थित सत्यम स्कूल के प्रिंसिपल नरेंद्र भांभू ने NDTV को बताया कि अनुष्का ने 11वीं और 12वीं की पढ़ाई उनके विद्यालय से की थी। वर्ष 2024 में स्कूल से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने NDA की तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि अनुष्का शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। 12वीं की बोर्ड परीक्षा में विज्ञान संकाय से उन्होंने 98 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और पूरे राजस्थान में 11वां स्थान प्राप्त किया था। NDA में चयन होने के बाद विद्यालय में उनका स्वागत और सम्मान भी किया गया।
दांतारामगढ़ विधायक ने दी बधाई
अनुष्का चौधरी की इस उपलब्धि पर दांतारामगढ़ के विधायक वीरेंद्र सिंह ने भी सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने अनुष्का की सफलता को पूरे सीकर जिले और राजस्थान के लिए गर्व का विषय बताया। विधायक ने कहा कि चक त्रिलोकपुरा गांव की बेटी ने UPSC की NDA-2026 परीक्षा की अंतिम चयन सूची में ऑल इंडिया स्तर पर 22वीं रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने अनुष्का को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह भी पढ़े- Ram and the Ram Temple: राम को तो दुनिया मर्यादा पुरुषोत्तम मानती है, कीर्ति आजाद को कौन पूछता है ?








