Jagdeep Dhankhar: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बुधवार को अचानक बिगड़ गई। सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। हालांकि, उनकी तबीयत को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
Jagdeep Dhankhar: मॉर्निंग वॉक के दौरान बिगड़ी तबीयत, कुछ मिनट तक रहे बेहोश
सूत्रों के मुताबिक, जगदीप धनखड़ सुबह की सैर के दौरान अचानक गिर पड़े और कुछ मिनट तक बेहोश रहे। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें पीसीआर वाहन से घर लेकर पहुंचे। इसके बाद ILBS की मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच की और उन्हें चिकित्सा सहायता दी। हालांकि, उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से तत्काल AIIMS ले जाया गया। फिलहाल वह विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
Jagdeep Dhankhar: AIIMS के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में चल रहा इलाज
सूत्रों के अनुसार, 75 वर्षीय जगदीप धनखड़ को AIIMS के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और इलाज कर रहे हैं। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में उनकी तबीयत को लेकर ताजा जानकारी का इंतजार है।
2025 में हुई थी एंजियोप्लास्टी, पहले भी बेहोश होकर गिरे थे
जगदीप धनखड़ को इससे पहले मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद AIIMS में भर्ती कराया गया था। उस दौरान उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी। वहीं, जून 2025 में नैनीताल के आधिकारिक दौरे के दौरान कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में भी धनखड़ बेहोश होकर गिर पड़े थे। अब एक बार फिर मॉर्निंग वॉक के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े- त्रिपुरा में BJP का कमाल, 77 सीटों पर बिना वोटिंग के जीत; 268 सीटों पर होगा मुकाबला








