UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच बीजेपी ने प्रदेशभर में नए मतदाताओं को जोड़ने और मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों का नाम दर्ज कराने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। पार्टी 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026′ चलाएगी। इसके तहत प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर प्रति बूथ 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस तरह पार्टी करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने की तैयारी में है।
इस अभियान की रणनीति को लेकर शुक्रवार, 13 नवंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यशाला में प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
वोटर लिस्ट के अंतर पर बीजेपी का फोकस
बीजेपी की इस रणनीति के पीछे पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों के बीच सामने आया अंतर भी एक अहम वजह है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले दावा कर चुके हैं कि करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हैं। इसके अलावा पार्टी ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और राशन कार्ड धारकों के नाम मतदाता सूची में नहीं होने का मुद्दा भी उठाया है। अब बीजेपी पंचायत मतदाता सूची, राशन कार्ड धारकों, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और अन्य उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर ऐसे पात्र लोगों की पहचान करेगी, जिनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। पार्टी का ध्यान केवल छूटे हुए मतदाताओं तक सीमित नहीं रहेगा। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं और शादी के बाद दूसरे स्थान पर रहने आई महिलाओं को भी अभियान से जोड़ने की योजना है।
UP Election 2027: 17 नवंबर से शुरू होगी अभियान की प्रक्रिया
निर्वाचन आयोग की प्रस्तावित समय–सारिणी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित होनी है। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के साथ मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया चलेगी। बीजेपी इसी अवधि में अपना संगठनात्मक अभियान चलाएगी। पार्टी ने इस अभियान को प्रदेश, जिला, विधानसभा और बूथ स्तर पर अलग–अलग चरणों में बांटा है।
13 नवंबर: प्रदेश स्तरीय कार्यशाला
लखनऊ में आयोजित कार्यशाला के दौरान अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। इसमें बीएलए-1, जिला और क्षेत्रीय मतदाता सूची प्रमुख, आईटी संयोजक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारियों को शामिल किया गया। सभी को अपने–अपने क्षेत्रों में अभियान की जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।
16 से 18 नवंबर: जिलों में होंगी बैठकें
प्रदेश स्तरीय बैठक के बाद सभी जिलों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, बीएलए-1, विस्तारक, आईटी प्रमुख और मोर्चों के जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। इन बैठकों में विधानसभा और बूथ स्तर पर अभियान की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
19 से 21 नवंबर: विधानसभा स्तर पर बनेगी रणनीति
अगले चरण में विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें होंगी। इनमें सांसद, विधायक, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के साथ फॉर्म-6 और फॉर्म-8 उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्हें नए नाम जोड़ने और मतदाता सूची में जरूरी संशोधन कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।
22 से 24 नवंबर: बूथ स्तर पर घर–घर संपर्क
इन तीन दिनों को विशेष मतदाता जोड़ो अभियान के रूप में मनाया जाएगा। बीजेपी के शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बीएलए-2 घर–घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। जिन पात्र लोगों के नाम सूची में नहीं होंगे, उन्हें पंजीकरण के लिए आवेदन कराने में मदद दी जाएगी। 22 नवंबर को पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी को किसी न किसी बूथ पर पहुंचकर अभियान में भाग लेने का निर्देश दिया गया है। जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी पदाधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपेंगे।
इन आठ श्रेणियों पर रहेगा बीजेपी का विशेष ध्यान
मतदाता जोड़ो अभियान के दौरान बीजेपी ने आठ तरह के लोगों की पहचान करने की योजना बनाई है। इनमें ऐसे नागरिक शामिल हैं, जो पात्र होने के बावजूद विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं।
- नए युवा मतदाता: ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे।
- शादी के बाद दूसरी जगह आई महिलाएं: ऐसी महिलाएं जिनका नाम शादी के बाद उनके नए निवास स्थान की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
- पंचायत मतदाता सूची में शामिल लोग: जिनका नाम पंचायत की सूची में है, लेकिन विधानसभा की वोटर लिस्ट में नहीं है।
- सरकारी योजनाओं के लाभार्थी: विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है।
- राशन कार्ड धारक: ऐसे लोग जो राशन कार्ड के जरिए सरकारी राशन प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हैं।
- अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले लोग: काम या अन्य वजहों से कुछ समय के लिए दूसरे स्थानों पर रहने वाले पात्र नागरिक।
- पंचायत सहायकों का सहयोग: पंचायत सहायकों से उपलब्ध जानकारी के आधार पर छूटे हुए मतदाताओं की पहचान की जाएगी।
- कमल साथी ऐप का इस्तेमाल: पंचायत और अन्य उपलब्ध सूचियों को बूथ एवं विधानसभा के अनुसार ऐप के माध्यम से जुटाकर अभियान में उपयोग किया जाएगा।
महिलाओं के लिए 28 से 30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान
महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए बीजेपी ने अलग से तीन दिवसीय कार्यक्रम तैयार किया है। 28, 29 और 30 नवंबर को चलने वाले इस अभियान की जिम्मेदारी महिला मोर्चा को दी गई है। हालांकि इसमें पार्टी के सभी संगठनात्मक पदाधिकारी और महिला जनप्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान विशेष रूप से उन महिलाओं पर ध्यान दिया जाएगा, जो शादी के बाद ससुराल आ गई हैं, लेकिन उनका नाम नए क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है। सामूहिक विवाह योजना की लाभार्थी महिलाओं को भी इस अभियान से जोड़ने की तैयारी है। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, स्वयं सहायता समूहों, आजीविका मिशन और बीसी सखियों से भी सहयोग लिया जाएगा। महिला कार्यकर्ता घर–घर जाकर पात्र महिलाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करेंगी।
1 से 3 दिसंबर तक युवाओं को जोड़ने का अभियान
युवा मतदाताओं को लेकर बीजेपी युवा मोर्चा तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाएगा। यह अभियान 1, 2 और 3 दिसंबर को आयोजित होगा। इसमें 18 से 25 वर्ष तक के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
पार्टी उन युवाओं तक भी पहुंचने की योजना बना रही है, जिन्होंने छात्रवृत्ति, टैबलेट, स्कूटी और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लिया है, लेकिन अभी तक मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण नहीं कराया है।
इसके लिए कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम और पंजीकरण कैंप आयोजित किए जाएंगे। युवा मोर्चा के पदाधिकारी जिला और मंडल स्तर पर इसकी कार्ययोजना तैयार करेंगे।
UP Election 2027: फॉर्म-6, 7 और 8 से होगा नाम जोड़ने और संशोधन का काम
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, गलत प्रविष्टियों पर आपत्ति दर्ज कराने और मौजूदा जानकारी में बदलाव के लिए निर्वाचन आयोग के निर्धारित फॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा।
- फॉर्म-6: नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए।
- फॉर्म-7: मतदाता सूची में किसी नाम को शामिल किए जाने पर आपत्ति या नाम हटाने के अनुरोध के लिए।
- फॉर्म-8: पता बदलने, निवास स्थानांतरण और नाम, उम्र, लिंग, फोटो या अन्य विवरण में संशोधन के लिए।
बीजेपी कार्यकर्ताओं को इन फॉर्म को भरने और संबंधित प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
13 दिसंबर को होगी अभियान की समीक्षा
अभियान की प्रगति पर नजर रखने के लिए बीजेपी प्रदेश कार्यालय से नियमित मॉनीटरिंग करेगी। इसके लिए व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से रिपोर्टिंग व्यवस्था बनाई जाएगी। जिला स्तर से मंडल और मंडल स्तर से बूथ एवं शक्ति केंद्र तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जाएगी। पार्टी ने 13 दिसंबर 2026 को सभी विधानसभा क्षेत्रों में समीक्षा बैठक करने की योजना बनाई है। इन बैठकों में अभियान की प्रगति और सामने आई कमियों का आकलन किया जाएगा। इसके बाद 14, 15 और 16 दिसंबर को शेष काम पूरा करने पर जोर रहेगा।
ये भी पढ़े… 8 साल तक नंबर-1 रहने के बाद इंदौर क्यों पिछड़ा? नवी मुंबई ने कैसे मारी बाजी, समझिए पूरा गणित








