Home » ओपिनियन » Ramlala and Ayodhya: अखिलेश यादव को साधु-संतों की चेतावनी के मायने, सीएम योगी की लोकप्रियता क्यों?

Ramlala and Ayodhya: अखिलेश यादव को साधु-संतों की चेतावनी के मायने, सीएम योगी की लोकप्रियता क्यों?

Ramlala and Ayodhya:

Ramlala and Ayodhya: हृदय परिवर्तन किसी भी व्यक्ति का हो सकता है, लेकिन यदि कोई राजनेता चुनाव से ठीक पहले इस तरह अपना रंग-ढंग बदले कि गिरगिट भी देखकर शरमा जाए, तो फिर उसके बारे में क्या कहा जा सकता है? समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बारे में कौन नहीं जानता कि वे जिस पार्टी का नेतृत्व करते हैं, उसकी राजनीति तुष्टिकरण और भगवान राम का विरोध करने की रही है।फिर भी अखिलेश रामलला के दर्शनों के लिए लालायित हैं, तो अच्छी बात है। आखिर उन्हें अहसास तो हुआ कि उनके राज्य में भगवान राम का ऐसा भव्य राम मंदिर बन चुका है, जहाँ देश-विदेश के करोड़ों लोग दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं।अखिलेश राम के दर्शन करें, लेकिन इससे पहले साधु-संतों की बात पर भी गौर करें, तो बेहतर होगा। साधु-संतों का सम्मान समस्त देश और समाज करता है, लिहाजा अखिलेश को भी इसमें कोई संकोच नहीं होना चाहिए।

Ramlala and Ayodhya: पंचकोसी परिक्रमा नहीं करने देंगे संत

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अपनी पत्नी डिंपल यादव और परिवार के साथ अयोध्या दौरे का ऐलान किया है। इस पर साधु-संतों और मठाधीशों ने कड़ा विरोध जताया है।मणिराम दास छावनी में हुई संतों की बैठक में लगभग 400 संतों और महंतों ने दो टूक कहा कि वर्ष 1990 में जब यूपी में मुलायम सिंह यादव की सरकार थी, तो तब राम मंदिर आंदोलन में शामिल कारसेवकों पर गोलीबारी हुई थी।अखिलेश यादव को इसके लिए पूरे सनातन समाज और पीड़ित परिवारों से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी व ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य महंत कमलनयन दास और अन्य संतों ने ऐलान किया है कि जब तक अखिलेश माफी नहीं मांगते हैं, तब तक उन्हें अयोध्या की पंचकोसी परिक्रमा या नगरी की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

Ramlala and Ayodhya: राजनीतिक चतुराई और हठधर्मिता!

संतों की इस बात में वाकई दम है कि अखिलेश यादव राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में तो शामिल नहीं हुए, लेकिन अब उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 करीब आते ही उन्हें रामलला के दर्शनों की जरूरत महसूस हो रही है।कुछ संतों का यह भी कहना है कि माफी मांगने के बाद यदि वे आएं, तो पहले सरयू नदी में स्नान करें, संतों से क्षमा याचना करें और फिर रामलला व हनुमानगढ़ी का दर्शन करें। संतों को अखिलेश यादव के अयोध्या आने और रामलला के दर्शनों के ऐलान में भक्तिभाव नहीं, बल्कि राजनीतिक चतुराई और हठधर्मिता दिखाई दे रही है। संत चाहते हैं कि रामलला के दर्शन राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि भक्तिभाव से किये जाने चाहिए। फिलहाल के लिए मान भी लें कि अखिलेश यादव भक्तिभाव से रामलला के दर्शन करना चाहते हैं, लेकिन अतीत में समाजवादी पार्टी के शासन में रामभक्तों पर जिस निर्ममता से गोलियां चली थी, उसे कैसे भुलाया जा सकता है?

सहयोगियों की गलतियां असहज करेंगी

सवाल सिर्फ समाजवादी पार्टी की गलतियों का नहीं है, बल्कि अखिलेश आज जिस इंडिया गठबंधन का अहम हिस्सा हैं, उसकी प्रमुख पार्टी कांग्रेस के नेता भी सनातन धर्मावलंबियों की भावनाओं को आहत करते आ रहे हैं। इस बारे में अखिलेश जनता के बीच क्या कहेंगे? क्या कांग्रेस नेताओं के हालिया बयान और अतीत की गलतियां यूपी चुनाव में उन्हें असहज नहीं करेंगी? अभी दीपावली के अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जिस तरह दीवाली को ईद बताया और कांग्रेस नेताओं ने जिस तरह उनका समर्थन किया, उसका जनता में क्या बहुत अच्छा संदेश गया? एक कांग्रेस नेता ने तो दीवाली की तुलना रोग से भी कर दी।अतीत में जाएं तो वर्ष 2007 में केंद्र की तत्कालीन UPA सरकार जिसमें कांग्रेस मुख्य पार्टी थी, ने ‘सेतुसमुद्रम परियोजना’ के मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा दाखिल किया था, जिसमें भगवान राम के ऐतिहासिक व वैज्ञानिक अस्तित्व को लेकर सवाल उठाए गए थे। यदि कांग्रेस राम के अस्तित्व को मानती तो क्या ऐसा हलफनामा दायर करती कि रामायण महज कल्पित कथा है?

सीएम योगी के कार्यों को कौन अनदेखा करेगा?

रामलला के दर्शन करने मात्र से अखिलेश को राजनीतिक फायदा नहीं होगा, बल्कि वे इस दिशा में भी विचार करें कि आज यूपी की जनता चाहती क्या है? यह उनके लिए ज्यादा अच्छा होगा। जमीनी सच्चाई यही है कि उत्तर प्रदेश की जनता योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखने को उत्सुक है।इसका खास कारण सीएम योगी की वह संकल्प शक्ति है जिसने प्रदेश को अपराधमुक्त कर उत्तम प्रदेश बनाने का काम किया है।आज लड़कियां खुश हैं कि वे निर्भय होकर स्कूल-कॉलेजों में जा रही हैं। लड़कियां और महिलाएं रात को ड्यूटी कर सकुशल घर लौटती हैं। हर जाति या धर्म की बच्चियों और महिलाओं में सुरक्षा का भाव है। महिलाओं के स्वावलंबन की तमाम योजनाएं राज्य में चल रही हैं। राज्य में छात्रों और युवाओं को शिक्षा और रोजगार की नई-नई संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। योगी राज में उन्हें दुनिया के साथ आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं। राज्य में औद्योगिक और आर्थिक विकास के जो काम हुए हैं, उन्हें दुनिया देख रही है। पर्यटन और तीर्थाटन विकास की योजनाओं की लोग मुक्तकंठ से सराहना कर रहे हैं। हर जिले में विकास योजनाएं पहुंच रही हैं।ऐसे में हर कोई योगी आदित्यनाथ को एक सफल और लोकप्रिय राजनेता मानता है। उनके कार्यों को कौन अनदेखा कर सकता है?

सुशील चौधरी
संपादक
khabarindiatv

यह भी पढ़े- अरविंद केजरीवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी, मांगी गई 7 करोड़ की रंगदारी; FIR दर्ज