Home » एक्सप्लनेर » कांग्रेस के मंच से भारत की राजनीति पर बयान देने वाले इटली के नेता कौन, क्यों उठी कार्रवाई की मांग?

कांग्रेस के मंच से भारत की राजनीति पर बयान देने वाले इटली के नेता कौन, क्यों उठी कार्रवाई की मांग?

फिलिबेक के बयान पर भारत-इटली में विवाद
फिलिबेक के बयान पर भारत-इटली में विवाद

Giacomo Filibeck: इटली के एक राजनीतिक नेता के भारत दौरे के दौरान दिए गए बयान ने देश की राजनीति में हलचल मचा दी है। भारत में एक कार्यक्रम के दौरान इस नेता ने कांग्रेस और राहुल गांधी के समर्थन में बयान दिया। साथ ही, उन्होंने भारतीय लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। इसके बाद भाजपा ने उनके बयान की कड़ी आलोचना करते हुए इसे भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप बताया।मामला इतना बढ़ गया कि इटली में भी इस बयान की आलोचना होने लगी। यहां तक कि इतालवी नेता के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी गई है। अब उनके वीजा और भारत में रहने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इस पूरे विवाद के केंद्र में इटली की पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (पीईएस) के महासचिव जियोकोमो फिलिबेक हैं, जो हाल ही में कांग्रेस के निमंत्रण पर भारत आए थे।आइए जानते हैं कि जियोकोमो फिलिबेक कौन हैं, उनका कांग्रेस से क्या संबंध है, उन्होंने भारत में ऐसा क्या कहा जिससे विवाद शुरू हुआ और अब उन्हें किन कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

Giacomo Filibeck: क्या है जियोकोमो फिलिबेक का कांग्रेस से संबंध?

जियोकोमो फिलिबेक और कांग्रेस के बीच संबंध हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट 2026’ से जुड़ा है। इस कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस की ओर से किया गया था। फिलिबेक 13 और 14 नवंबर को कांग्रेस के निमंत्रण पर इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मंच साझा किया।फिलिबेक ने अपने संबोधन में बताया कि उनकी पार्टी पीईएस, कांग्रेस और दुनिया के कई अन्य राजनीतिक संगठन एक प्रगतिशील गठबंधन का हिस्सा हैं। उनके मुताबिक, यह गठबंधन सामाजिक न्याय, जलवायु न्याय, मानवाधिकार और वास्तविक लोकतंत्र जैसे मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए काम करता है।

इटली के नेता ने ऐसा क्या कहा जिससे विवाद शुरू हुआ?

हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जियोकोमो फिलिबेक ने भारत के लोकतंत्र को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है और इसे अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के राजनीतिक नारे ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ को भी दोहराया।फिलिबेक ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर राहुल गांधी की ओर से चलाए जा रहे अभियान का समर्थन किया। साथ ही, उन्होंने रामलीला मैदान में प्रस्तावित मार्च का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को भ्रष्ट या चुनावी धांधली वाला लोकतंत्र नहीं बनने दिया जा सकता। इतालवी नेता ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि भारत में लोकतंत्र की रक्षा के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के साथ खड़ा होना चाहिए।

Giacomo Filibeck: फिलिबेक के बयान पर विवाद क्यों हुआ?

फिलिबेक के बयान पर विवाद की मुख्य वजह यह है कि वह इटली के नागरिक और यूरोप के एक राजनीतिक संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी हैं। इसके बावजूद उन्होंने भारत में रहकर यहां की चुनाव प्रक्रिया और चुनी हुई सरकार पर टिप्पणी की। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को कमजोर और भ्रष्ट बताते हुए इसे बंधक बनाए जाने की बात कही।उनके बयान को भारत के घरेलू राजनीतिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप के रूप में देखा जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलिबेक कॉन्फ्रेंस वीजा पर भारत आए थे। ऐसे में उनके राजनीतिक बयानों को वीजा नियमों के उल्लंघन से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

फिलिबेक के बयान पर भाजपा ने क्या कहा?

फिलिबेक के बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। पार्टी के नेताओं ने इसे देश की छवि खराब करने की कोशिश बताया। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने हैदराबाद के शमशाबाद स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) में जियोकोमो फिलिबेक और दूसरे विदेशी प्रतिनिधियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने इस संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा।रामचंदर राव ने कहा कि किसी भी विदेशी नागरिक को दूसरे देश के कानूनों और नियमों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के कार्यक्रम को ‘भारत समिट’ की जगह ‘एंटी-भारत समिट’ करार दिया। साथ ही कहा कि कांग्रेस को ऐसे लोगों को अपने मंच पर बुलाने पर शर्म आनी चाहिए, जो भारत के हितों के खिलाफ बयान देते हैं।

Giacomo Filibeck: अमित शाह ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस मामले को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार चुनावी हार से परेशान होकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के खिलाफ बयान दे रहे हैं। शाह के मुताबिक, कांग्रेस ने दुनिया भर के वामपंथी विचारधारा वाले प्रचारकों को बुलाया और राहुल गांधी ने इस कार्यक्रम का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि खराब करने के लिए किया।अमित शाह ने कहा कि विदेशों में भारत को बदनाम करने से किसी को सत्ता नहीं मिल सकती। चुनाव जीतने के लिए विदेश यात्राओं के बजाय देश के गांवों और शहरों में जाकर लोगों के बीच काम करना पड़ता है।

Giacomo Filibeck: भारत में बयान देकर क्यों घिरे इटली के नेता?
भारत में बयान देकर क्यों घिरे इटली के नेता?
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी कांग्रेस को घेरा

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत विरोधी ताकतों को एकजुट कर रहे हैं और देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।भाटिया ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक विदेशी नेता भारत की धरती पर आकर देश के जनादेश और संप्रभुता का मजाक उड़ा रहा था। इस दौरान राहुल गांधी ने आपत्ति जताने के बजाय हंसी और तालियों से उसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और उसे किसी विदेशी नेता से प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है।भाटिया ने यह भी कहा कि राहुल गांधी देश में लोकतंत्र खत्म होने की बात करते हैं, लेकिन इसके तुरंत बाद केरल में कांग्रेस की सरकार बन जाती है। वहीं, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और गौरव भाटिया ने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि उसने पार्टी के राजनीतिक हितों और भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बयान देने वाले कार्यक्रम पर जनता का पैसा खर्च किया।भाजपा ने मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी से जुड़े कांग्रेस के आरोपों को भी बेबुनियाद बताया। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग इन आरोपों को पहले ही खारिज कर चुका है।

Giacomo Filibeck: भारत में दिए बयान को लेकर इटली में भी क्यों हुई आलोचना?

जियोकोमो फिलिबेक के बयान का विरोध सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। इटली में भी सत्तारूढ़ गठबंधन से जुड़ी एक वरिष्ठ नेता ने उनकी टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन की सहयोगी पार्टी फोर्जा इटालिया की राष्ट्रीय उप-महासचिव और वरिष्ठ सांसद डेबोरा बर्गामिनी ने सोशल मीडिया पर इस मामले को उठाया।उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि यूरोपियन सोशलिस्ट्स के एक इतालवी प्रतिनिधि ने भारत में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी पर हमला किया है। बर्गामिनी ने कहा कि भारत जैसे बड़े और मित्र देश की घरेलू राजनीति में इस तरह दखल देना पूरी तरह अनुचित है।उन्होंने भारत और इटली के संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी है और कई क्षेत्रों में सहयोग जारी है। ऐसे में भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों पर इस तरह की टिप्पणी करना कूटनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है।फिलिबेक की आलोचना करते हुए बर्गामिनी ने कहा कि यूरोप के नेताओं को भारत जैसे देश को लोकतंत्र का पाठ नहीं पढ़ाना चाहिए, जहां करीब 97 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी राय रखने और आरोप लगाने का अधिकार है, लेकिन आरोपों को साबित करने के लिए ठोस सबूत भी होने चाहिए।

कौन हैं जियोकोमो फिलिबेक?

जियोकोमो फिलिबेक इटली के एक अनुभवी राजनीतिक नेता हैं। उनका जन्म 1978 में इटली में हुआ था। वह स्कूल के दिनों से ही राजनीति में सक्रिय हो गए थे और कई युवा संगठनों से जुड़े रहे। उनका राजनीतिक सफर युवा संगठनों से शुरू होकर यूरोप के बड़े राजनीतिक पदों तक पहुंचा है।

Giacomo Filibeck: शुरुआती जीवन और युवा राजनीति

फिलिबेक ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत युवावस्था में ही कर दी थी। 2002 से 2004 के बीच उन्होंने यूरोपियन यूथ फोरम और यूथ कन्वेंशन ऑन द फ्यूचर ऑफ यूरोप के अध्यक्ष के रूप में काम किया। इसके बाद 2005 से 2009 के बीच वह लगातार दो कार्यकाल तक यंग यूरोपियन सोशलिस्ट्स के अध्यक्ष रहे। यह संगठन यूरोप के समाजवादी राजनीतिक आंदोलन का युवा संगठन है।

मुख्यधारा की राजनीति में प्रवेश

फिलिबेक इटली की सेंटर-लेफ्ट यानी मध्यम-वामपंथी पार्टी पार्टिटो डेमोक्रेटिक से जुड़े हुए हैं। 2010 में उन्होंने पार्टी के अंतरराष्ट्रीय विभाग में काम करना शुरू किया, जहां उन्हें पश्चिम एशिया, भूमध्यसागरीय क्षेत्र और अफ्रीका से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी मिली।2013 में उन्हें पार्टी के विदेश नीति फोरम का प्रमुख बनाया गया। इसके बाद 2014 में उन्हें इटली के कृषि मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय संबंधों का प्रमुख नियुक्त किया गया। 2014 से 2015 के बीच उन्होंने कृषि मंत्रालय के अंतरराष्ट्रीय संबंध कार्यालय के निदेशक के रूप में काम किया।फिलिबेक अक्टूबर 2022 से पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (पीईएस) के महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस पद पर रहते हुए वह यूरोप के विभिन्न समाजवादी राजनीतिक दलों और संगठनों के बीच समन्वय का काम करते हैं।भारत की राजनीति और चुनाव प्रक्रिया को लेकर दिए गए बयान के बाद जियोकोमो फिलिबेक के सामने कानूनी, आव्रजन और कूटनीतिक मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा उनके वीजा की शर्तों को लेकर हो रही है।

Giacomo Filibeck: वीजा नियमों के उल्लंघन का आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलिबेक कॉन्फ्रेंस वीजा पर भारत आए थे। भारत में विदेशी नागरिकों को अपने वीजा की शर्तों के अनुसार ही गतिविधियां करने की अनुमति होती है। ऐसे में भारत के घरेलू राजनीतिक मामलों में दखल देने या राजनीतिक प्रचार से जुड़े उनके बयानों पर सवाल उठाए जा रहे हैं।भारत में 1 सितंबर 2025 से लागू इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 की धारा 23 के अनुसार, वीजा की शर्तों का उल्लंघन करने वाले विदेशी नागरिक को 3 साल तक की जेल, 3 लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं।

एफआरआरओ में शिकायत के बाद निर्वासन का खतरा

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने फिलिबेक के खिलाफ हैदराबाद के शमशाबाद स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) में शिकायत दर्ज कराई है। आव्रजन नियमों के तहत केंद्र सरकार के पास विदेशी नागरिकों का वीजा रद्द करने, उन्हें भारत छोड़ने का आदेश देने और देश से निर्वासित करने का अधिकार है। इसके अलावा, सरकार भविष्य में उनके भारत आने पर रोक लगाकर उन्हें ब्लैकलिस्ट भी कर सकती है।इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के 1955 के हैंस मुलर बनाम प्रेसीडेंसी जेल अधीक्षक फैसले का भी उल्लेख किया जा रहा है। इस फैसले में अदालत ने स्पष्ट किया था कि केंद्र सरकार के पास विदेशी नागरिकों को भारत से बाहर भेजने का अधिकार है।

Giacomo Filibeck: संविधान के तहत विदेशी नागरिकों को नहीं मिले हैं ये राजनीतिक अधिकार

भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(अ) और 19(1)(ब) के तहत नागरिकों को भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने का अधिकार दिया गया है। हालांकि, ये मौलिक अधिकार केवल भारतीय नागरिकों के लिए आरक्षित हैं। विदेशी नागरिकों को इन अनुच्छेदों के तहत भारतीय नागरिकों जैसी संवैधानिक सुरक्षा नहीं मिलती। इसी वजह से फिलिबेक के भारत में दिए गए राजनीतिक बयान को लेकर कानूनी बहस शुरू हो गई है।

पहले भी विवादों में आ चुका है फिलिबेक का नाम

जियोकोमो फिलिबेक का नाम इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय विवाद में सामने आ चुका है। साल 2018 में फिलीपींस की तत्कालीन सरकार ने उन्हें देश में प्रवेश देने से मना कर दिया था। उस समय रोड्रिगो दुतेर्ते फिलीपींस के राष्ट्रपति थे।बताया जाता है कि फिलिबेक लगातार दुतेर्ते सरकार की उस नीति की आलोचना कर रहे थे, जिसके तहत नशे के कारोबार और नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही थी। इसी विरोध के चलते उन्हें फिलीपींस में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई थी।

Giacomo Filibeck: फिलिबेक और भाजपा नेताओं के बयान क्या रहे?

जियोकोमो फिलिबेक, इतालवी नेता: उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को भ्रष्ट लोकतंत्र में बदलने नहीं दिया जा सकता। भारत में लोकतंत्र की रक्षा के लिए वह राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े हैं।

अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री: उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भारत विरोधी बयान देकर अपनी लगातार चुनावी हार की हताशा जाहिर कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से उन्हें सत्ता हासिल करने में कोई मदद नहीं मिलेगी।

गौरव भाटिया, भाजपा प्रवक्ता: उन्होंने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वह थाईलैंड, वियतनाम, कोलंबिया, अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों की यात्राएं कम करके भारत के गांवों और शहरों में लोगों के बीच जाएं, तो उन्हें समझ आएगा कि 140 करोड़ भारतीय भाजपा को समर्थन क्यों देते हैं।

यह भी पढ़े- योगी या अखिलेश, 2027 में किसकी बनेगी सरकार? इटावा से बुलंदशहर तक यूपी की जनता ने बताया अपना मूड