Kartarpur Sahib Corridor: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लाखों नानक नाम लेवा संगत इस पवित्र गुरुधाम के खुले दर्शन-दीदार करने की इच्छा रखती है। संगत रोजाना अरदास कर रही है कि उन्हें श्री करतारपुर साहिब में नतमस्तक होने का अवसर मिले।
Kartarpur Sahib Corridor: पंजाब विधानसभा में भी पारित हो चुका है प्रस्ताव
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी अपील साझा करते हुए कहा कि संगत की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पंजाब विधानसभा में भी करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग वाला प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस कॉरिडोर को खोलने की घोषणा करेंगे।
Kartarpur Sahib Corridor: वाघा बॉर्डर नहीं तो करतारपुर कॉरिडोर ही खोलने की मांग
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व है। यदि वाघा बॉर्डर नहीं खोला जा सकता, तो कम से कम श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोल दिया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि श्रद्धालुओं को वहां जाने और दर्शन करने की अनुमति दी जाए, ताकि वे उसी दिन वापस लौट सकें।
करतारपुर साहिब में गुरु नानक देव जी ने बिताए थे 16 साल
भगवंत मान ने श्री करतारपुर साहिब के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के 16 वर्ष इस पवित्र स्थान पर बिताए थे। यहां वे खेती करते थे और मेहनत-मजदूरी के जरिए ईमानदारी से अपनी आजीविका कमाते थे। इसके साथ ही वे परमात्मा का नाम सिमरन करते और अपनी कमाई दूसरों के साथ साझा करते थे।
बिछड़े गुरुधामों के दर्शन करना चाहती है संगत
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगत उन धार्मिक स्थलों के खुले दर्शन-दीदार करना चाहती है, जो बंटवारे के बाद उससे बिछड़ गए। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि संगत को इन पवित्र स्थलों की सेवा और देखभाल करने का अवसर दिया जाए। मान ने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खुलने से लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को सम्मान मिलेगा।
यह भी पढ़े- इमरान खान ने सुप्रीम कोर्ट को लिखी चिट्ठी, बोले- मेरी और बुशरा बीबी की मेडिकल हालत पर दें ध्यान








