The Muslim 500: पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को दुनिया के सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की सूची में पहला स्थान मिला है। ‘द मुस्लिम 500’ नाम से जारी इस सूची में दुनिया की 500 प्रभावशाली मुस्लिम हस्तियों को शामिल किया गया है। हालांकि, इसमें केवल पहले 50 लोगों को ही रैंकिंग दी जाती है, जबकि बाकी 450 लोगों के नाम 13 अलग-अलग श्रेणियों में बिना किसी रैंक के रखे जाते हैं। इस बार टॉप-50 में भारत से सिर्फ एक नाम शामिल है। वह हैं जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी।आखिर ‘द मुस्लिम 500’ सूची कौन जारी करता है? आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ को पहला स्थान क्यों मिला? शाहरुख खान और सलमान खान जैसी हस्तियों से ऊपर जगह पाने वाले मौलाना महमूद मदनी कौन हैं और इस रैंकिंग पर सवाल क्यों उठते हैं? आइए समझते हैं।
The Muslim 500: कौन जारी करता है दुनिया के प्रभावशाली मुसलमानों की सूची?
इस सूची की शुरुआत से जुड़ी संस्था ‘रॉयल आल अल-बैत इंस्टीट्यूट फॉर इस्लामिक थॉट’ यानी RABIIT की स्थापना 1980 में जॉर्डन के किंग हुसैन बिन तलाल ने की थी। इस संस्थान का उद्देश्य दुनिया में इस्लाम का प्रचार-प्रसार करना और मुस्लिम समुदाय के बीच एकता को बढ़ावा देना है।इसके बाद 2007 में RABIIT से जुड़े एक रिसर्च सेंटर ‘रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर’ यानी RISSC की शुरुआत हुई। यही सेंटर 2009 से हर साल ‘द मुस्लिम 500: वर्ल्ड्स 500 मोस्ट इन्फ्लुएंशियल मुस्लिम्स’ नाम से दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की सूची जारी करता है।इस सूची में शामिल बाकी 450 लोगों को 13 अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाता है। इनमें कला और संस्कृति की श्रेणी में भारत से शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान, शबाना आजमी और एआर रहमान जैसे नाम शामिल हैं। इनके अलावा AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, कारोबारी अजीम प्रेमजी और दाऊदी बोहरा समुदाय के धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन को भी इस सूची में जगह दी गई है।वहीं, सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाले आम लोगों की श्रेणी यानी ‘जनरल पब्लिक’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम 21वें स्थान पर है। इस श्रेणी में गैर-मुस्लिम हस्तियों को भी शामिल किया जा सकता है। गौरतलब है कि पिछले साल की सूची में आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ दोनों को टॉप-50 में जगह नहीं मिली थी।
The Muslim 500: मक्का समझौते ने मुनीर और शहबाज को पहले स्थान पर पहुंचाया
इस बार आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ को शीर्ष स्थान मिलने की सबसे बड़ी वजह मक्का समझौते को माना गया है। 7 अगस्त 2026 को पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये ने मक्का में एक संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत प्रावधान किया गया कि अगर तीनों में से किसी एक देश पर हमला होता है, तो उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।’द मुस्लिम 500′ में इस समझौते को खास महत्व दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह गठबंधन सऊदी अरब की आर्थिक ताकत, तुर्किये की आधुनिक तकनीक और विनिर्माण क्षमता के साथ पाकिस्तान की मजबूत सैन्य शक्ति को एक मंच पर लाता है। इस समझौते ने क्षेत्रीय राजनीति की दिशा को भी प्रभावित किया है। इसी गठबंधन को देखते हुए 2027 के संस्करण में इससे जुड़े नेताओं को सबसे ऊपर जगह दी गई है।हालांकि, तीनों देशों के नेताओं को संयुक्त रूप से पहला स्थान दिया गया है, लेकिन सूची में नंबर-1 को तीन बार लिखा गया है। तस्वीरों में भी पहले सऊदी अरब के दोनों नेताओं, फिर पाकिस्तान और उसके बाद तुर्किये के राष्ट्रपति को दिखाया गया है।
The Muslim 500: आसिम मुनीर को लेकर सूची में क्या लिखा है?
सूची में पाकिस्तान के फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर के प्रभाव का भी विस्तार से जिक्र किया गया है। इसमें कहा गया है कि वह दुनिया की छठी सबसे बड़ी सेना और एकमात्र इस्लामिक परमाणु शक्ति वाले देश की कमान संभाल रहे हैं।रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2025 में पांच सितारा फील्ड मार्शल का पद मिलने के बाद मुनीर ने पाकिस्तान की राजनीति, सेना और संवैधानिक व्यवस्था पर पहले से कहीं ज्यादा मजबूत नियंत्रण स्थापित किया है। सूची में यह भी कहा गया है कि इसी वजह से 2027 में इस्लामिक दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों में उनका स्थान सबसे ऊपर हो सकता है।
कौन हैं मौलाना महमूद मदनी, जिन्हें टॉप-50 में मिला स्थान?
62 वर्षीय मौलाना महमूद मदनी 2021 से जमीयत उलेमा-ए-हिंद (JUH) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इस संगठन की स्थापना 1919 में देवबंदी मुस्लिम विद्वानों ने की थी। यह संगठन मुस्लिम समुदाय की धार्मिक शिक्षा, सामाजिक और धार्मिक हितों की पैरवी तथा वक्फ से जुड़े मुद्दों पर काम करता है।मौलाना मदनी ने 1992 में दारुल उलूम देवबंद से इस्लामी शिक्षा प्राप्त की थी। वह 2020 से 2021 तक जमीयत उलेमा-ए-हिंद के महासचिव भी रहे। इसके अलावा, 2006 से 2012 तक राज्यसभा सांसद के रूप में भी काम कर चुके हैं।साल 2022 में उन्होंने कहा था, ‘अपमानित होकर खामोश हो जाना कोई मुसलमानों से सीखे। हम दिक्कत बर्दाश्त कर लेंगे, लेकिन देश का नाम खराब नहीं होने देंगे।’मदनी नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) जैसे मुद्दों पर सरकार का खुलकर विरोध कर चुके हैं। वहीं, ज्ञानवापी मामले में उन्होंने मुस्लिम समुदाय से सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन नहीं करने की अपील की थी।
The Muslim 500: मदनी को प्रभावशाली मानने के पीछे 3 बड़ी वजहें
‘द मुस्लिम 500’ में मौलाना महमूद मदनी को प्रभावशाली मुस्लिम हस्तियों में शामिल करने के पीछे तीन प्रमुख कारण बताए गए हैं।
1. जमीयत उलेमा-ए-हिंद का बड़ा अंतरराष्ट्रीय चेहरा
जमीयत उलेमा-ए-हिंद की स्थापना करने वाले देवबंद के विद्वानों का मानना था कि किसी लोकतांत्रिक देश की पहचान केवल धर्म या जाति के आधार पर नहीं होनी चाहिए। मौलाना मदनी ने भारत की राष्ट्रवादी राजनीति में लगातार हो रहे बदलावों के बीच इस विचार को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है।संगठन में नेतृत्व को लेकर विवाद के कारण जमीयत उलेमा-ए-हिंद दो हिस्सों में बंट गया था। इसके बावजूद मौलाना मदनी को आज भी संगठन का सबसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय चेहरा माना जाता है।
2. भारतीय मुसलमानों के अधिकारों की पैरवी
मौलाना मदनी भारतीय मुसलमानों के संवैधानिक अधिकारों और वक्फ संस्थाओं की सुरक्षा के लिए कानूनी लड़ाई लड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। वह देश की अदालतों में मुस्लिम समुदाय से जुड़े कई मामलों की पैरवी करते हैं। इनमें नागरिकता के अधिकार और आतंकवाद के झूठे आरोपों में फंसाए गए लोगों को कानूनी मदद दिलाने जैसे मामले शामिल हैं।इसके अलावा, वह भारतीय मुसलमानों के खिलाफ इस्लाम को लेकर फैलाई जाने वाली नफरत, धार्मिक भेदभाव और धर्म के आधार पर होने वाले अपराधों का मुकाबला करने के प्रयासों में भी शामिल रहते हैं।
3. गाजा में सैन्य कार्रवाई के खिलाफ उठाई आवाज
सूची में मौलाना मदनी की अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सक्रियता का भी जिक्र किया गया है। उन्होंने गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई की लगातार आलोचना की है। मदनी इस संघर्ष को अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताते रहे हैं और इसके लिए दुनिया के देशों से जवाबदेही तय करने की मांग करते हैं। उन्होंने फिलिस्तीन के मुद्दे पर भी मजबूती से अपनी बात रखी है।रैंकिंग की बात करें तो मौलाना मदनी को 2025 की सूची में 14वां स्थान मिला था, जबकि 2026 की सूची में वह 16वें स्थान पर थे।
The Muslim 500: कैसे तय होती है रैंकिंग, क्यों उठते हैं सवाल?
‘द मुस्लिम 500’ की रैंकिंग तय करने के लिए कोई निश्चित फॉर्मूला नहीं है। इसमें सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स की संख्या, आम लोगों की राय और विशेषज्ञों के विचारों को ध्यान में रखा जाता है।आम लोगों की राय जानने के लिए हर साल एक महीने तक सुझाव मांगे जाते हैं। इस दौरान कोई भी व्यक्ति सूची में शामिल करने के लिए किसी नाम का सुझाव दे सकता है। हालांकि, इस सूची को जारी करने वाले संस्थान ने भी माना है कि किसी व्यक्ति के प्रभाव को मापना आसान नहीं है। इसी वजह से इस मुद्दे पर अलग-अलग लोगों की राय अलग हो सकती है।
इस रैंकिंग को लेकर मुख्य रूप से तीन तरह के सवाल उठते रहे हैं।
1. सूची में कुछ देशों के शासकों को ज्यादा महत्व
जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और मध्य पूर्व मामलों के जानकार मार्क लिंच ने पहली सूची जारी होने के बाद इस पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि शुरुआती टॉप-10 में जॉर्डन, मोरक्को और ओमान के शासकों को जगह मिली है। उनके मुताबिक, इससे सूची में कुछ कमियां होने की आशंका नजर आती है।
2. प्रभाव का सही मतलब क्या है?
इस्लाम और विज्ञान से जुड़े विषयों पर लिखने वाले निदाल गेसूम ने 2011 में रैंकिंग को लेकर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि सूची तैयार करने वाले लोग प्रभाव के कम से कम तीन अलग-अलग अर्थों के बीच उलझे हुए हैं। इनमें नीतियों के जरिए मुस्लिम समुदाय को प्रभावित करने की क्षमता, मुस्लिम आबादी के बीच लोकप्रियता और किसी विशेष क्षेत्र में व्यक्ति का वास्तविक योगदान शामिल है।
3. राजनीतिक नेताओं को ज्यादा महत्व देने का आरोप
इस सूची को लेकर एक और बड़ी आलोचना यह है कि इसमें शासकों और राजनीतिक नेताओं को ज्यादा महत्व दिया जाता है। आलोचकों का कहना है कि टॉप-50 में राजनीतिक हस्तियों का दबदबा अधिक रहता है। इसके अलावा, सूची जारी करने वाला संस्थान जॉर्डन के शाही परिवार के संरक्षण में काम करता है। ऐसे में इसकी निष्पक्षता और








