Semiconductor Mission: आज के समय में स्मार्टफोन, लैपटॉप, कंप्यूटर और घर में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से लेकर मेडिकल मशीनों तक में सेमीकंडक्टर चिप का इस्तेमाल होता है। यह किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का एक बेहद जरूरी हिस्सा है। इसके बिना डिवाइस को चलाना और उसमें मौजूद प्रोग्राम को काम करने लायक बनाना संभव नहीं है। आसान शब्दों में कहें तो आज की तकनीक की दुनिया में सेमीकंडक्टर चिप की भूमिका बेहद अहम हो गई है।यही वजह है कि दुनियाभर में इन चिप की मांग लगातार बढ़ रही है। खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल ने इसकी जरूरत को और बढ़ा दिया है।भारत भी इस बढ़ती मांग को देखते हुए सेमीकंडक्टर उद्योग में अपनी मजबूत जगह बनाने की तैयारी कर रहा है। इसी दिशा में केंद्र की मोदी सरकार ने इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM) शुरू किया था। इसका मकसद देश में चिप बनाने की क्षमता विकसित करना और दूसरे देशों पर निर्भरता कम करना है।हाल ही में सरकार ने इस मिशन के अगले चरण यानी सेमीकॉन 2.0 को मंजूरी दी है। ऐसे में सवाल है कि यह योजना भारत को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में किस तरह मदद करेगी? आइए समझते हैं।
Semiconductor Mission: इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन की शुरुआत कब हुई?
इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन की शुरुआत दिसंबर 2021 में हुई थी, जबकि इसे जनवरी 2022 में लॉन्च किया गया। इसके पहले चरण के लिए सरकार ने 76,000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया था।इस मिशन का मुख्य उद्देश्य भारत में सेमीकंडक्टर चिप के डिजाइन, निर्माण, जांच और पैकेजिंग से जुड़ा मजबूत ढांचा तैयार करना है। इसके जरिए देश की कंपनियों को चिप निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही, विदेशी कंपनियों को भी भारत में निवेश करने के लिए आकर्षित किया जा रहा है।इसका उद्देश्य चिप उत्पादन के मामले में भारत को मजबूत बनाना है, ताकि देश को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए दूसरे देशों पर ज्यादा निर्भर न रहना पड़े।
स्मार्टफोन से लेकर रक्षा क्षेत्र तक में जरूरी हैं चिप
आज सेमीकंडक्टर चिप का इस्तेमाल लगभग हर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में होता है। स्मार्टफोन, लैपटॉप, कंप्यूटर, इलेक्ट्रिक वाहन, सैटेलाइट, मेडिकल उपकरण और रक्षा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक मशीनें भी इन चिप पर निर्भर हैं।इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), 5G नेटवर्क और ऑटोमोबाइल उद्योग में भी सेमीकंडक्टर की जरूरत तेजी से बढ़ रही है।ऐसे में भारत के लिए देश के भीतर ही चिप का उत्पादन बढ़ाना जरूरी हो गया है। इससे तकनीकी जरूरतों को पूरा करने में आसानी होगी और आयात पर निर्भरता भी कम की जा सकेगी।
Semiconductor Mission: सेमीकॉन 2.0 के लिए 1,27,500 करोड़ रुपये का प्रावधान
सेमीकंडक्टर उद्योग को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने मिशन के दूसरे चरण यानी सेमीकॉन 2.0 को मंजूरी दी है। इसके लिए 1,27,500 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है।इस चरण में केवल चिप बनाने पर ही नहीं, बल्कि इसके डिजाइन, निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनों, कच्चे माल, रिसर्च और नई तकनीक विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।सरकार इस योजना के तहत सेमीकंडक्टर कंपनियों और स्टार्टअप को आर्थिक मदद दे रही है। इसका उद्देश्य कंपनियों को भारत में चिप डिजाइन करने से लेकर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने तक प्रोत्साहित करना है।इस आर्थिक सहायता से कंपनियों को शुरुआती निवेश और चिप निर्माण की लागत का बोझ कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, बड़ी भारतीय और विदेशी कंपनियां भी देश में निवेश के लिए आगे आ सकेंगी।

गुजरात से असम तक कई राज्यों में चल रही परियोजनाएं
भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए गुजरात, असम, ओडिशा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अलग-अलग परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।गुजरात के धोलेरा में सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन यूनिट विकसित की जा रही है। वहीं, साणंद में चिप निर्माण और पैकेजिंग से जुड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है।इसके अलावा असम के मोरीगांव में टाटा की सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्टिंग यूनिट स्थापित की जा रही है।इन परियोजनाओं के शुरू होने से भारत में चिप उत्पादन की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, संबंधित राज्यों में नए निवेश आएंगे, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
Semiconductor Mission: युवाओं को मिलेगा रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण
सेमीकंडक्टर उद्योग के विस्तार से युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल सकते हैं। इस क्षेत्र में चिप डिजाइनिंग, इंजीनियरिंग और तकनीकी काम से जुड़े लोगों की मांग बढ़ने की उम्मीद है।इसके साथ ही युवाओं को सेमीकंडक्टर तकनीक से संबंधित प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया जा रहा है। सरकार ने इंजीनियरिंग संस्थानों को इस क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया है, ताकि युवाओं को जरूरी तकनीकी ज्ञान और कौशल मिल सके।इससे देश में प्रशिक्षित पेशेवरों की संख्या बढ़ेगी और उद्योग को कुशल कर्मचारी मिल सकेंगे।
आत्मनिर्भर भारत को मिलेगी मजबूती
सेमीकंडक्टर मिशन भारत को तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम पहल है। फिलहाल देश अपनी चिप संबंधी जरूरतों के लिए काफी हद तक दूसरे देशों से आयात पर निर्भर है।भारत में ही चिप का उत्पादन बढ़ने से विदेशी आयात पर निर्भरता कम होगी। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन में भी भारत की भागीदारी मजबूत हो सकेगी।इसका फायदा रक्षा, दूरसंचार, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे कई बड़े उद्योगों को मिलेगा। लंबे समय में भारत अपनी घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ दूसरे देशों को भी सेमीकंडक्टर उत्पादों की आपूर्ति करने में सक्षम हो सकता है।इस तरह इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन और सेमीकॉन 2.0 न केवल देश में चिप निर्माण को बढ़ावा देने की कोशिश हैं, बल्कि भारत को वैश्विक तकनीकी बाजार में एक मजबूत स्थान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।








