Home » राजनीति » अखिलेश यादव पहुंचेंगे तिवारी हाता, CM योगी के विरोधी हरिशंकर तिवारी के परिवार पर नजर

अखिलेश यादव पहुंचेंगे तिवारी हाता, CM योगी के विरोधी हरिशंकर तिवारी के परिवार पर नजर

Akhilesh Yadav:

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 18 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे और चौरी चौरा क्षेत्र के देवकही गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा अखिलेश यादव तिवारी हाता भी पहुंचेंगे, जिसे कभी पूर्वांचल की ब्राह्मण राजनीति का बड़ा केंद्र माना जाता था। उनके इस दौरे को ब्राह्मण वोट बैंक को साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

Akhilesh Yadav: 20 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे अखिलेश यादव

अखिलेश यादव दोपहर 12 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट से पीडीए रथ पर सवार होकर चौरी चौरा के देवकही गांव के लिए रवाना होंगे। इस दौरान उनका करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो होगा। देवकही में वह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही अखिलेश यादव दिवंगत नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वह जनसभा को संबोधित भी करेंगे।

Akhilesh Yadav: कौन थे हरिशंकर तिवारी?

हरिशंकर तिवारी पूर्वांचल की राजनीति का एक बड़ा और चर्चित नाम रहे हैं। बाहुबल की दुनिया से राजनीति में आए हरिशंकर तिवारी ने 1985 में चिल्लूपार विधानसभा सीट से पहली बार जीत दर्ज की थी। खास बात यह थी कि चुनाव के समय वह जेल में थे। इसके बाद वह लगातार 22 वर्षों तक विधायक रहे और 2007 तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। अपने राजनीतिक करियर में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर तीन बार विधानसभा चुनाव जीता। वहीं, 1998 में कल्याण सिंह की सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री बने। इसके बाद 1999 में रामप्रकाश गुप्त की सरकार में स्टांप एवं पंजीकरण मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। हरिशंकर तिवारी मायावती और मुलायम सिंह यादव की सरकारों में भी मंत्री रहे। अलग-अलग राजनीतिक दलों की सरकारों में उनकी मजबूत पकड़ का एक बड़ा कारण पूर्वांचल में उनका प्रभाव और ब्राह्मण राजनीति में उनकी अहम भूमिका मानी जाती थी। 16 मई 2023 को उनका निधन हो गया।

बेटे संभाल रहे हरिशंकर तिवारी की राजनीतिक विरासत

हरिशंकर तिवारी के निधन के बाद उनकी राजनीतिक विरासत उनके बेटे विनय शंकर तिवारी संभाल रहे हैं। विनय शंकर तिवारी 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चिल्लूपार सीट से मैदान में उतरे थे। हालांकि, उन्हें बीजेपी के राजेश त्रिपाठी के हाथों करीब 21 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव के दौरान विनय शंकर तिवारी ने अपनी चल-अचल संपत्ति करीब 70 करोड़ रुपये घोषित की थी। तिवारी हाता आज भी गोरखपुर और पूर्वांचल की राजनीति में एक प्रभावशाली केंद्र माना जाता है।

तिवारी हाता और गोरखनाथ मठ के बीच सियासी टकराव

हरिशंकर तिवारी के दूसरे बेटे कुशल तिवारी संतकबीरनगर से सांसद रह चुके हैं। कभी बीजेपी के करीब रहा तिवारी परिवार बाद में समाजवादी पार्टी के साथ आ गया। इसे पूर्वांचल की राजनीति में एक अहम बदलाव के रूप में देखा गया। गोरखपुर की राजनीति में गोरखनाथ मठ और तिवारी हाता को दो प्रमुख सियासी केंद्र माना जाता है। गोरखनाथ मठ का प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करते हैं, जबकि तिवारी हाता की पहचान मुख्य रूप से ब्राह्मण राजनीति और हरिशंकर तिवारी के प्रभाव से जुड़ी रही है। 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक तल्खी की चर्चा और तेज हुई। इसी पृष्ठभूमि में अखिलेश यादव का तिवारी हाता पहुंचना सियासी तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी इस दौरे के जरिए पूर्वांचल में ब्राह्मण मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर सकती है।

यह भी पढ़े- CEC के खिलाफ याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली, 48 सवालों पर नोटिस जारी करने से इनकार