Uttar Pradesh Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की हलचल तेज हो गई है। सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य में तीसरी बार सरकार बनाने की रणनीति में जुटी हुई है। इसी क्रम में श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में संपन्न पार्टी की दो दिवसीय चिंतन बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। बैठक में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए चुनावी रणनीति और रोडमैप तैयार किया गया।बैठक में चुनाव प्रचार के लिए सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर, समान नागरिक संहिता (UCC) और राष्ट्रवाद जैसे पांच बड़े मुद्दों पर फोकस किया गया। इन्हें चुनावी सफलता के पांच महामंत्र कहा जा रहा है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि में मंदिर प्रमुख मुद्दा
बैठक के साफ संकेत हैं कि अयोध्या के बाद अब पार्टी के वैचारिक और चुनावी एजेंडे में मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रमुख मुद्दा है।चिंतन शिविर के दौरान ब्रज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मथुरा से चुनाव लड़ाए जाने की मांग उठी है।चिंतन बैठक के दौरान राज्य के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “अयोध्या हमारी है, अब मथुरा की बारी है।” उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को चुनौती दी कि यदि वे वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं, तो उन्हें कार सेवा के लिए आगे आना चाहिए।जाहिर है कि चुनाव में भाजपा श्रीकृष्ण जन्मभूमि में मंदिर निर्माण के मुद्दे को आक्रामक रूप से उठाने की रणनीति में है।पार्टी का साफ संदेश है कि राम जन्मभूमि की तरह श्रीकृष्ण जन्मभूमि में भी भव्य मंदिर बनाकर रहेंगे।
Uttar Pradesh Assembly Elections 2027: हैट्रिक लगाने की योजना
राज्य में हैट्रिक बनाने के लिए भाजपा की रणनीति 6 अलग-अलग क्षेत्रों से ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ निकालने की है। प्रदेश के 6 प्रमुख क्षेत्रों (पश्चिमी, ब्रज, रोहिलखंड, लखनऊ, गोरखपुर और काशी) से जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जाएंगी। ये यात्राएं सभी विधानसभा सीटों को कवर करेंगी और इनका समापन लखनऊ में एक बड़ी रैली के साथ होगा, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। यात्रा के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा के इस दो दिवसीय चिंतन शिविर को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और सरकार के बीच समन्वय मजबूत करने तथा चुनावी प्राथमिकताएं तय करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी का जोर विकास, कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के जरिए जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने पर है।
जनसमर्थन जुटाने की रणनीति
दरअसल, ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ को लेकर भाजपा इसलिए भी उत्साहित है कि इसका पहले भी उसे लाभ मिल चुका है। सितंबर 2023 में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने राज्य के पांच अलग-अलग हिस्सों से पांच जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली थीं, जिसके बाद विधानसभा चुनावों में पार्टी को विजय मिली और सरकार बनी।राजस्थान, हरियाणा और असम जैसे राज्यों में भाजपा ने जन आशीर्वाद यात्रा, जन विश्वास रैली या परिवर्तन यात्राएं निकाली तो, इससे उसका चुनावी माहौल बना और पार्टी को लाभ मिला। ये यात्राएं जनसमर्थन जुटाने का बड़ा माध्यम बनी।उत्तराखंड में भी सत्ता की हैट्रिक साधने के लिए बीजेपी द्वारा जन आशीर्वाद यात्रा की योजना बनाई गई है।








