Breaking News
Home » राष्ट्रीय » ‘राम हर भारतीय के खून में हैं’, जावेद अख्तर के बयान पर भड़के मौलाना रशीदी, बोले- घर वापसी कर नाम रामपाल रख लो

‘राम हर भारतीय के खून में हैं’, जावेद अख्तर के बयान पर भड़के मौलाना रशीदी, बोले- घर वापसी कर नाम रामपाल रख लो

जावेद अख्तर के बयान पर क्यों भड़के मौलाना?
जावेद अख्तर के बयान पर क्यों भड़के मौलाना?

Javed Akhtar Statement: बॉलीवुड के मशहूर गीतकार जावेद अख्तर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने भगवान श्रीराम को लेकर अपनी राय रखी है। जावेद अख्तर का कहना है कि राम केवल एक व्यक्ति या धार्मिक पहचान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे एक विचार, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। उनके मुताबिक, धर्म चाहे कोई भी हो, भगवान राम का विचार हर भारतीय के जीवन और संस्कारों से जुड़ा हुआ है।हालांकि, जावेद अख्तर का यह बयान ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना रशीदी को पसंद नहीं आया। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए जावेद अख्तर को घर वापसी करने और अपना नाम बदलकर रामपाल रखने की सलाह दे दी।

Javed Akhtar Statement: क्या बोले थे जावेद अख्तर?

दरअसल, जावेद अख्तर ने भगवान राम के महत्व पर बात करते हुए कहा था कि राम को केवल एक व्यक्ति के रूप में नहीं देखना चाहिए। वे एक विचार, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। राम से जुड़ी जीवनशैली और आदर्श ऐसे हैं, जो लोगों के दिल को छू सकते हैं।उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाले हर व्यक्ति के खून में राम मौजूद हैं, फिर चाहे उसका धर्म या मजहब कुछ भी हो। राम किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका महत्व इससे कहीं बड़ा है। कई बार उन्हें एक व्यक्ति के रूप में देखा जाता है, लेकिन वास्तव में वे जीवन जीने के एक तरीके और विचार का प्रतीक हैं।

मौलाना रशीदी ने जताई नाराजगी

जावेद अख्तर के इस बयान पर मौलाना रशीदी ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राम मुसलमानों के पूर्वज नहीं हैं और न ही मुसलमान राम में आस्था रखते हैं।मौलाना ने जावेद अख्तर को बिजनेसमैन बताते हुए कहा कि उनके गाने लोकप्रिय हैं और बड़ी संख्या में लोग उनकी फिल्मों और गीतों को पसंद करते हैं। ऐसे में उन्हें इस तरह के बयान देने की जरूरत महसूस होती है।उन्होंने आगे कहा कि जावेद अख्तर खुद कई बार सार्वजनिक मंचों पर यह बात कह चुके हैं कि वे नास्तिक हैं और किसी भगवान या खुदा में विश्वास नहीं रखते। ऐसे में अचानक उनकी राम के प्रति आस्था कैसे जाग गई?मौलाना रशीदी ने तंज कसते हुए कहा कि अगर जावेद अख्तर को भगवान राम से इतना ही लगाव है तो उन्हें घर वापसी कर लेनी चाहिए और अपना नाम जावेद अख्तर की जगह रामपाल रख लेना चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसा करने से 80 फीसदी हिंदू उनसे खुश हो जाएंगे और उन्हें सम्मान भी देंगे।उन्होंने यह भी कहा कि कुछ हिंदुओं की इच्छा है कि मुसलमान घर वापसी करें। मौलाना ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जावेद अख्तर जैसे लोग नास्तिक हैं और अभिनेता या नेताओं की बातों को धर्म से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।

Javed Akhtar Statement: ‘आप दोनों तरफ पैर रखने की कोशिश कर रहे हैं’

मौलाना रशीदी ने जावेद अख्तर पर आगे निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपना रुख साफ और स्पष्ट रखना चाहिए। ऐसा करने से लोग उनके विचारों का सही तरीके से सम्मान कर सकेंगे।उन्होंने जावेद अख्तर के परिवार का जिक्र करते हुए कहा कि उनका पूरा परिवार फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा है। परिवार में कोई निर्माता है, कोई लेखक तो कोई गीतकार। ऐसे में अगर परिवार के लोग एक-दूसरे के काम की तारीफ नहीं करेंगे तो उनका कामकाज कैसे चलेगा? मौलाना के मुताबिक, असल वजह यही है।उन्होंने अपनी धार्मिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि वे मुस्लिम हैं और उन्हें इस बात पर गर्व है। वे सम्मान के साथ अपनी जिंदगी जी रहे हैं।मौलाना ने जावेद अख्तर पर आरोप लगाया कि वे एक साथ दो नावों पर सवार होने और दोनों तरफ अपना स्थान बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे गलत बताते हुए कहा कि ऐसे लोग अपनी ईमानदारी तक का सौदा कर सकते हैं।