Home » राजनीति » कुलगाम में लश्कर आतंकी लतीफ भट ढेर, अमित शाह ने जवानों को सलाम किया

कुलगाम में लश्कर आतंकी लतीफ भट ढेर, अमित शाह ने जवानों को सलाम किया

Latif Bhat:

Latif Bhat: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी की सराहना की है। बुधवार तड़के एक ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय आतंकी लतीफ भट को मार गिराया गया। अमित शाह ने इसे सुरक्षाबलों और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों की सफलता बताते हुए जवानों के साहस को सलाम किया।

Latif Bhat: कुलगाम ऑपरेशन में लतीफ भट मारा गया

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि सुरक्षाबलों ने घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट को मार गिराया है। यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से सफल हुआ। इससे एक दिन पहले कुलगाम में ही लतीफ के साथी आतंकी उमर निसार को भी सुरक्षाबलों ने मार गिराया था।

Latif Bhat: सुरक्षा एजेंसियों के तालमेल की तारीफ

गृह मंत्री अमित शाह ने अभियान की सफलता का श्रेय सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को दिया। उन्होंने कहा कि पूरे ऑपरेशन में सुरक्षाबलों और खुफिया एजेंसियों के बीच उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों की सराहना करते हुए कहा कि पूरा देश उनके साहस को सलाम करता है।

मस्जिद में छिपा था आतंकी, नहीं पहुंचा कोई नुकसान

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट ख्रेवन का रहने वाला था। मुठभेड़ के दौरान वह एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। मौके से आतंकी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है।

CRPF जवानों पर हमले की साजिश के लिए की थी रेकी

इससे पहले पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर खुलासा किया था कि लतीफ भट और उसके साथी उमर निसार ने 10 नवंबर को सीआरपीएफ जवानों पर हमले की साजिश रची थी। इसके लिए दोनों ने मीर बार, अखरान, हब्लिश और किलम इलाकों में रेकी की थी।

19 नवंबर को एंटी-टेररिज्म कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे अमित शाह

आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 19 नवंबर को नई दिल्ली में ‘एंटी-टेररिज्म कॉन्फ्रेंस 2026’ को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह सीमा पार आतंकवाद से जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों और भारत की रणनीति पर अपनी बात रखेंगे।

यह भी पढ़े- ‘राम हर भारतीय के खून में हैं’, जावेद अख्तर के बयान पर भड़के मौलाना रशीदी, बोले- घर वापसी कर नाम रामपाल रख लो