Home » राष्ट्रीय » मोहन सरकार में प्रशासनिक सख्ती, गांव पहुंचे कलेक्टर तो खुली लापरवाही की पोल

मोहन सरकार में प्रशासनिक सख्ती, गांव पहुंचे कलेक्टर तो खुली लापरवाही की पोल

Morena

Morena: मध्य प्रदेश की मोहन सरकार में सरकारी कामकाज में जवाबदेही और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर निरीक्षण का दौर जारी है। इसी क्रम में मुरैना जिले के कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जनपद पंचायत जौरा की ग्राम पंचायत जाफराबाद में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने राजस्व और पंचायत संबंधी कार्यों में लापरवाही की शिकायतें रखीं। निरीक्षण में पटवारी, पंचायत सचिव और शिक्षक भी अपने शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाह पाए गए। कलेक्टर ने तीनों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्रामीणों की शिकायतों पर कलेक्टर ने दिखाई सख्ती

ग्राम पंचायत जाफराबाद में कलेक्टर ने ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने राजस्व संबंधी कार्यों में देरी और पटवारी की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें कीं। ग्रामीणों का आरोप था कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है और राजस्व संबंधी कामकाज में अनावश्यक देरी हो रही है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने एसडीएम जौरा शुभम शर्मा को पटवारी मंजू त्यागी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Morena: बिना अनुमति अनुपस्थित मिले पंचायत सचिव

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत जाफराबाद के सचिव औतार सिंह भी अनुपस्थित पाए गए। बताया गया कि उन्होंने बिना अनुमति मुख्यालय से अनुपस्थिति दर्ज कराई थी। कलेक्टर ने इसे शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही मानते हुए संबंधित सचिव के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत स्तर पर ग्रामीणों के काम समय पर पूरे करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Morena

स्कूल निरीक्षण में शिक्षक भी मिले गायब

ग्राम चौपाल के बाद कलेक्टर ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय जाफराबाद का निरीक्षण किया। यहां प्राथमिक शिक्षक मनीष यादव भी अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। स्कूल में शिक्षक की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शासकीय संस्थानों में कर्मचारियों की उपस्थिति और जिम्मेदारियों के निर्वहन पर भी ध्यान दिया गया।

Morena: पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ

कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों के राजस्व एवं पंचायत संबंधी कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों की अनदेखी, कार्यों में लापरवाही और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसडीएम जौरा शुभम शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें…आजम खान डासना जेल से रिहा, ED की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने उठाए सवाल