Gandhi Sagar: मंदसौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 18 नवंबर को गांधीसागर में आस्था, ऊर्जा और पर्यटन से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ मां चंबल की विधि-विधान से आरती और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और निरंतर उन्नति की कामना की। इसके साथ ही 40.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली गांधीसागर इको-टूरिज्म परियोजना के पांच प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन किया गया।
मां चंबल की आरती में शामिल हुए CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिंगलाज रिसॉर्ट बोट क्लब से मिनी क्रूज में सवार होकर टेंट सिटी बोट क्लब तक यात्रा की। इस दौरान उन्होंने चंबल नदी की जलधारा और आसपास के प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया। इसके बाद मां चंबल की आरती हुई। मुख्य पुजारी कैलाश भट्ट और बटुकों सहित 21 पुजारियों ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई। आरती के दौरान दीपों की रोशनी, शंखनाद और चंबल मैया के जयघोष से पूरा तट भक्तिमय हो गया।
Gandhi Sagar: पंप्ड हाइड्रो परियोजना पर बड़ा फोकस
मुख्यमंत्री ने गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना को ऊर्जा क्षेत्र की नई तकनीक से जुड़ी परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि जलाशय के पानी को दोबारा उपयोग में लेकर बिजली उत्पादन किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक इससे बिजली उत्पादन में बड़ा इजाफा होगा और पानी की एक बूंद भी बेकार नहीं जाएगी। दो जलाशयों में पानी के स्टोरेज का उपयोग बार-बार बिजली बनाने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे मध्यप्रदेश के साथ देश के अन्य राज्यों को भी बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इको-टूरिज्म के पांच प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के निवेश संवर्धन कार्यक्रम के तहत गांधीसागर इको-टूरिज्म परियोजना के पांच प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन किया गया। इनकी लागत 40.50 करोड़ रुपये है। गांधीसागर क्षेत्र में फॉरेस्ट रिट्रीट, टेंट सिटी, वॉटर स्पोर्ट्स और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
Gandhi Sagar: किसानों और उद्यमियों से CM ने किया संवाद
मुख्यमंत्री ने गांधीसागर में ‘उपज से उद्यम’ प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इसमें किसानों द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचार, नई कृषि तकनीक और खाद्यान्न, फलोद्यान व मसाला उत्पाद प्रदर्शित किए गए। धनिया, मूंगफली, लहसुन, संतरा और पान क्लस्टर के स्टॉल लगाए गए। इसके अलावा औषधि, दुग्ध उत्पादन, महिला स्व-सहायता समूह और युवाओं के स्वरोजगार से जुड़े प्रयासों को भी प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने किसानों और उद्यमियों से उत्पादों की लागत और मार्केट लिंक की जानकारी ली।
चंबल संरक्षण और पर्यटन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल नदी केवल जल का स्रोत नहीं बल्कि मालवा की संस्कृति, आस्था और जीवनरेखा है। चंबल नदी में घड़ियाल और डॉल्फिन का बसेरा भी है। कार्यक्रम में मंत्रिपरिषद के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने चंबल नदी को स्वच्छ रखने, जल का सदुपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया। गांधीसागर में आस्था, पर्यटन, वन्यजीव संरक्षण और ऊर्जा परियोजनाओं को साथ लेकर क्षेत्र के विकास की दिशा में काम किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें…चुनाव लड़ने के लिए दोषसिद्धि पर रोक नहीं: सुप्रीम कोर्ट








