Azam Khan Released: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान बुधवार को गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए हैं। उनकी रिहाई की खबर मिलते ही जेल के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जुट गए और उनका स्वागत किया। गाजियाबाद की सीजेएम कोर्ट में जमानत से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। अदालत ने जमानत के लिए 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और 50 हजार रुपये के निजी मुचलके की शर्त रखी थी। इस मामले में शहनवाज और जुनैद जमानती बने। दोनों की ओर से 50-50 हजार रुपये की एफडी भी जमा कराई गई। इसके अलावा अदालत के निर्देशानुसार एफिडेविट भी दाखिल किया गया। सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आजम खान को जेल से रिहा कर दिया गया।
Azam Khan Released: पत्नी तजीन फातमा ने बताया सच्चाई की जीत
आजम खान की रिहाई पर उनकी पत्नी तजीन फातमा ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा अल्लाह पर भरोसा था कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा। तजीन फातमा ने कहा, “जब जुल्म का प्याला भर जाता है, तो अन्याय अपनी हद तक पहुंच जाता है। जिस तरह आजम साहब को जेल के गेट से ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ले गई, वह शायद जुल्म की आखिरी हद थी। मुझे भरोसा था कि न्याय मिलेगा।” उन्होंने आगे कहा कि यह जुल्म की इंतहा थी और एक तरह से इंसानियत का कत्ल था। उन्होंने इसे अदालत के आदेश की अवमानना बताते हुए कहा कि यह सच और न्याय की जीत है। साथ ही उन्होंने न्याय दिलाने के लिए हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा किया।
Azam Khan Released: हाई कोर्ट से मिली थी अंतरिम जमानत
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने आजम खान को इस मामले में अंतरिम जमानत प्रदान की थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने प्रथम दृष्टया माना कि गिरफ्तारी के समय संविधान के अनुच्छेद 22(1) और धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं किया गया। हाई कोर्ट से मिली राहत के बाद निचली अदालत में जमानत से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद उनकी रिहाई संभव हो सकी।
426 करोड़ रुपये के लेनदेन से जुड़ा है मामला
प्रवर्तन निदेशालय (ED) का यह मामला जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 426 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय लेनदेन में अनियमितताओं से संबंधित है। इस मामले में जांच एजेंसी की ओर से अदालत में अधिवक्ता जोहेब हुसैन ने पक्ष रखा था। फिलहाल हाई कोर्ट से मिली अंतरिम राहत और निचली अदालत में जमानत की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आजम खान जेल से बाहर आ गए हैं। उनकी रिहाई के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
यह भी पढ़े- ‘जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशा क्यों नहीं…’, समस्या का जिक्र कर भावुक हुए PM मोदी








