Modi In Bihar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिहार में एनडीए सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों, निवेश, रोजगार, बिजली, सड़क और गरीब कल्याण की योजनाओं का उल्लेख किया। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में अब चर्चा घोटालों की जगह निवेश और विकास की हो रही है। उन्होंने राज्य में 34,470 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
घोटालों से निवेश तक बदली चर्चा
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में बिहार के पुराने और मौजूदा दौर की तुलना की। उन्होंने कहा कि पहले राज्य में घोटालों और अपराध की चर्चा होती थी, जबकि अब निवेश प्रस्तावों और अपराधियों पर कार्रवाई की बात होती है। पीएम ने इसे बिहार में विकास की दिशा में बदलाव के तौर पर पेश किया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के दौरान राज्य में सड़क, बिजली और दूसरी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
Modi In Bihar: 34,470 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
वैशाली कार्यक्रम में पीएम मोदी ने करीब 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शहरी विकास, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। सरकार के मुताबिक इन परियोजनाओं का उद्देश्य बिहार में बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करना है।
नीतीश सेतु से कनेक्टिविटी को बढ़ावा
पीएम मोदी ने गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु को भी राष्ट्र को समर्पित किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 19.7 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट से पटना जिले के कच्ची दरगाह और वैशाली के बिदुपुर के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। साथ ही कृषि उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
Modi In Bihar: रोजगार और निवेश पर PM मोदी का जोर
प्रधानमंत्री ने बिहार में बढ़ते निवेश को विकास और रोजगार से जोड़ते हुए कहा कि राज्य में अब निवेश के आंकड़ों की चर्चा हो रही है। उन्होंने बिहार की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए बुनियादी ढांचे के विस्तार को महत्वपूर्ण बताया। सड़क, बिजली, औद्योगिक गतिविधियों और शहरी सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट्स को इसी दिशा में उठाए गए कदम के रूप में सामने रखा।
बिजली और परिवहन क्षेत्र में कई योजनाएं
कार्यक्रम के दौरान बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी यूनिट का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा बिजली वितरण और ट्रांसमिशन से जुड़े कार्य भी शामिल रहे। पीएम मोदी ने 100 पीएम-ई बसों को भी हरी झंडी दिखाई। इन बसों को बिहार के शहरों में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की योजना का हिस्सा बताया गया।
Modi In Bihar: गरीब कल्याण और शिक्षा योजनाओं का भी जिक्र
पीएम मोदी ने गरीब कल्याण की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुफ्त अनाज, पक्के मकान और मुफ्त इलाज जैसी सुविधाओं की बात कही। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। बिहार में 26,900 से अधिक पीएम आवास योजना-शहरी लाभार्थियों के गृह प्रवेश का कार्यक्रम भी हुआ। पीएम ने शिक्षा के क्षेत्र में नए संस्थानों और सुविधाओं का भी उल्लेख किया।
ये भी पढे़ं…भारत की 7% विकास दर का ट्रंप ने दिया उदाहरण: बोले- अमेरिका में ब्याज दरें कम हों तो 15% तक हो सकती है ग्रोथ








