Home » बिज़नेस » गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक बनेगा 72 KM लंबा नमो भारत कॉरिडोर, 22 स्टेशन होंगे शामिल

गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक बनेगा 72 KM लंबा नमो भारत कॉरिडोर, 22 स्टेशन होंगे शामिल

Namo Bharat Corridor:

Namo Bharat Corridor: गाजियाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक सफर करने वाले लोगों के लिए नई परिवहन सुविधा विकसित करने की तैयारी है। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट के बीच करीब 72 किलोमीटर लंबा हाईस्पीड रीजनल मेट्रो कॉरिडोर बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इस कॉरिडोर में कुल 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसके जरिए गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

Namo Bharat Corridor: 2030 तक शुरू हो सकता है रेल संचालन, 21 हजार करोड़ रुपये की लागत

एनसीआरटीसी के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है। प्रस्तावित कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 72 किलोमीटर होगी। इसमें लगभग 71.5 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड और 1.29 किलोमीटर हिस्सा अंडरग्राउंड बनाया जाएगा। एलिवेटेड कॉरिडोर गाजियाबाद से यीडा सेक्टर-30 तक तैयार किया जाएगा। वहीं, अंडरग्राउंड हिस्सा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 और ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर (GTC) के आसपास होगा। इस परियोजना पर करीब 21 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। योजना के मुताबिक, वर्ष 2030 तक इस कॉरिडोर पर रेल संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

Namo Bharat Corridor: एक ही ट्रैक पर दौड़ेंगी मेट्रो और हाईस्पीड ट्रेनें

इस कॉरिडोर की खास बात यह होगी कि एक ही नेटवर्क पर सामान्य मेट्रो और हाईस्पीड रीजनल ट्रेन दोनों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए कुछ स्टेशन दोनों सेवाओं के लिए कॉमन होंगे, जबकि कुछ स्टेशन केवल मेट्रो ट्रेनों के लिए बनाए जाएंगे। प्रस्तावित योजना के अनुसार, 11 स्टेशनों पर मेट्रो और हाईस्पीड ट्रेन दोनों रुकेंगी। वहीं, बाकी 11 स्टेशनों पर केवल मेट्रो का संचालन होगा। हाईस्पीड ट्रेनें चुनिंदा स्टेशनों पर ही रुकेंगी, जबकि मेट्रो स्थानीय यात्रियों की जरूरतों के अनुसार सभी निर्धारित स्टेशनों पर सेवाएं देंगी।

इन 11 स्टेशनों पर रुकेंगी मेट्रो और हाईस्पीड ट्रेनें

एनसीआरटीसी की योजना के मुताबिक, कॉमन स्टेशनों की सूची में ये नाम शामिल हैं:

* गाजियाबाद

* गाजियाबाद साउथ

* ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2

* ग्रेटर नोएडा सेक्टर-12

* सूरजपुर

* अल्फा-1

* ईकोटेक-6

* दनकौर

* यीडा नॉर्थ सेक्टर-18

* यीडा सेंट्रल सेक्टर-21

* नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट

इन स्टेशनों पर मेट्रो और हाईस्पीड रीजनल ट्रेन दोनों की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

इन 11 स्टेशनों पर सिर्फ मेट्रो चलेगी

कॉरिडोर के कुछ स्टेशन केवल स्थानीय मेट्रो सेवाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। इनमें शामिल हैं:

* सिद्धार्थ विहार

* ग्रेटर नोएडा सेक्टर-16C

* ईकोटेक-12

* ग्रेटर नोएडा सेक्टर-3

* ग्रेटर नोएडा सेक्टर-10

* नॉलेज पार्क-5

* पुलिस लाइंस सूरजपुर

* ईकोटेक-2

* नॉलेज पार्क-3

* ओमेगा-2

* ईकोटेक-1E

इन स्टेशनों पर हाईस्पीड ट्रेनें नहीं रुकेंगी। यहां से केवल मेट्रो रेल का संचालन किया जाएगा।

चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा संचालन, भविष्य में जुड़ेंगे नए स्टेशन

योजना के तहत शुरुआत में 11 कॉमन स्टेशनों के साथ हाईस्पीड रेल सेवा शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद अन्य स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा भविष्य में इस कॉरिडोर का विस्तार करने की भी योजना है। प्रस्तावित फ्यूचर स्टेशनों में पाई-3, ईकोटेक-8, दादूपुर, जुनैदपुर, यीडा सेक्टर-17, सेक्टर-15, सेक्टर-33, सेक्टर-32, सेक्टर-29, एनआईए-पीटीसी और एयरोसिटी नोएडा शामिल हैं। इस परियोजना के पूरा होने से गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच आवागमन का एक नया विकल्प विकसित होगा। खासतौर पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले यात्रियों को इससे फायदा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़े- बालेन शाह के भारत दौरे पर नेपाली मीडिया की नजर, 1960 की ऐतिहासिक यात्रा से हो रही तुलना