Home » राजनीति » बालेन शाह के भारत दौरे पर नेपाली मीडिया की नजर, 1960 की ऐतिहासिक यात्रा से हो रही तुलना

बालेन शाह के भारत दौरे पर नेपाली मीडिया की नजर, 1960 की ऐतिहासिक यात्रा से हो रही तुलना

Balen Shah India Visit:

Balen Shah India Visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 और 23 नवंबर को भारत दौरे पर रहेंगे। उनकी इस यात्रा को नेपाली मीडिया भारत-नेपाल संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देख रहा है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के आगामी भारत दौरे को लेकर नेपाली मीडिया में काफी चर्चा हो रही है। 22 और 23 नवंबर को होने वाली इस यात्रा से दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नेपाली मीडिया के कुछ संस्थान इसे ऐतिहासिक यात्रा बता रहे हैं, तो वहीं कई विश्लेषकों ने सीमा विवाद, 1950 की शांति एवं मैत्री संधि, व्यापार असंतुलन और जल संसाधनों से जुड़े लंबित मुद्दों पर ठोस बातचीत की जरूरत बताई है। इसके अलावा बालेन शाह की उस पहल पर भी नजर रखी जा रही है, जिसके तहत वे जलवायु संकट से निपटने के लिए भारत, नेपाल और चीन के बीच सहयोग बढ़ाना चाहते हैं।

Balen Shah India Visit: पहली बार नेहरू से मिले थे नेपाल के युवा पीएम, अब मोदी की बारी

जेएनयू में इंटरनेशनल स्टडीज के पूर्व प्रोफेसर स्वर्ण सिंह ने बालेन शाह की नई दिल्ली यात्रा को छह दशक से अधिक पुरानी ऐतिहासिक यात्रा से जोड़कर देखा है। द काठमांडू पोस्ट में प्रकाशित एक लेख में उन्होंने सहलेखक श्रीप्रकाश देवकोटा के साथ इस यात्रा के महत्व और भारत-नेपाल संबंधों पर विस्तार से चर्चा की है। लेख में स्वर्ण सिंह ने बताया कि साल 1960 में नेपाल के पहले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री बीपी कोइराला ने भारत का दौरा किया था। उस समय युवा प्रधानमंत्री कोइराला ने तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद 28 जनवरी 1960 को जारी संयुक्त विज्ञप्ति में संप्रभु समानता, क्षेत्रीय अखंडता और पारस्परिक आर्थिक सहयोग को भारत-नेपाल संबंधों की आधारशिला बताया गया था।

Balen Shah India Visit: 12 साल से सत्ता में मोदी, पहली विदेश यात्रा पर भारत आ रहे बालेन शाह

स्वर्ण सिंह ने अपने लेख में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों की तुलना 1960 के दौर से की है। उन्होंने लिखा कि जिस तरह उस समय बीपी कोइराला एक युवा प्रधानमंत्री के रूप में नेहरू से मिलने भारत आए थे, उसी तरह अब 36 वर्षीय नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह अपनी पहली विदेश यात्रा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, “वर्तमान भारतीय पीएम मोदी भी सत्ता में 12 साल से हैं। और अपनी पहली विदेशी यात्रा पर उनसे मिलने आ रहे 36 साल के नेपाली पीएम बालेन शाह उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो इन अधूरे वादों को साकार होते देखने के लिए अब और इंतजार नहीं करना चाहती।”

चीन के साथ नेपाल के बढ़ते संबंध भी अहम

लेख में स्वर्ण सिंह ने यह भी कहा कि भारत और नेपाल के संबंधों की मूल भावना समय के साथ कायम रही है, लेकिन दोनों देशों के बीच भू-राजनीतिक परिस्थितियां काफी बदल चुकी हैं। उनके मुताबिक, नेपाल के चीन के साथ आर्थिक और रणनीतिक संबंध पहले की तुलना में कहीं अधिक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली हो गए हैं। ऐसे समय में बालेन शाह का अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए चीन के बजाय भारत को चुनना काफी अहम माना जा रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के फैसले से इसकी तुलना करते हुए कहा कि नई दिल्ली को बालेन शाह के इस कदम का सकारात्मक जवाब देना चाहिए।

भारत को नेपाल के साथ रिश्ते मजबूत करने का मौका

स्वर्ण सिंह का मानना है कि बालेन शाह की भारत यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने भारत को सलाह दी है कि वह नेपाल के साथ भरोसेमंद संपर्क व्यवस्था विकसित करे और निवेश से जुड़े फैसलों को समय पर पूरा करे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को नेपाल के संप्रभु फैसलों के प्रति अधिक संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। इससे दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास बढ़ाने और लंबे समय से लंबित मुद्दों को सुलझाने में मदद मिल सकती है। ऐसे में बालेन शाह की यह यात्रा केवल एक कूटनीतिक मुलाकात तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे भारत-नेपाल संबंधों के भविष्य की दिशा तय होने की भी उम्मीद की जा रही है।

यह भी पढ़े- बंगाल में अंतरधार्मिक शादी के बाद दंपत्ति को धमकी, हाई कोर्ट ने दिए पुलिस सुरक्षा के आदेश