Home » राष्ट्रीय » अखिलेश यादव का BJP पर बड़ा हमला, राम कथा से गोरखपुर हादसे तक उठाए सवाल

अखिलेश यादव का BJP पर बड़ा हमला, राम कथा से गोरखपुर हादसे तक उठाए सवाल

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने धार्मिक कथाओं, भगवान राम, गोरखपुर की घटना, शिक्षा और बंद स्कूलों के मुद्दे पर सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी धार्मिक कथाओं के खिलाफ नहीं है, लेकिन भगवान राम, उनके पिता और भगवान कृष्ण को लेकर अपमानजनक बातें करने वालों का विरोध करती है।

राम कथा और भगवान राम को लेकर सवाल

अखिलेश यादव ने धार्मिक आयोजनों को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी धार्मिक कथाओं के खिलाफ नहीं है। उनका आरोप था कि कुछ आयोजनों में देवी-देवताओं के सम्मान का ध्यान नहीं रखा गया। उन्होंने भगवान राम के पिता को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि अगर कोई आम व्यक्ति इस तरह की बात कहे तो उसके साथ क्या कार्रवाई होगी।

Akhilesh Yadav: गोरखपुर घटना को लेकर योगी पर निशाना

सपा प्रमुख ने गोरखपुर की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया कि उन्होंने पीड़ित बच्चे के परिवार को भड़काने का काम किया। अखिलेश ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में भाजपा को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने भाजपा नेताओं के काफिलों से जुड़ी घटनाओं और लखीमपुर खीरी के तिकुनिया मामले का भी उल्लेख किया।

27 हजार बंद स्कूल फिर खोलने का दावा

अखिलेश यादव ने शिक्षा के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 27 हजार स्कूल बंद किए गए हैं। अखिलेश ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो इन स्कूलों को दोबारा शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बच्चों को स्कूल वापस लाने और उन्हें पढ़ाई का सामान तथा बैग उपलब्ध कराने की बात भी कही।

Akhilesh Yadav: PDA कैबिनेट और शिक्षा पर फोकस

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर PDA की कैबिनेट बनाई जाएगी और छूटे हुए लोगों को साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने बुनकरों के लिए बिजली, स्वास्थ्य और बाजार की सुविधाओं को बेहतर करने की बात कही। इसके अलावा ITI, IIT और ट्रिपल IT के क्षेत्र में बेहतर शुरुआत करने का दावा किया।

महिला छात्रावास और तकनीकी शिक्षा का वादा

सपा अध्यक्ष ने शिक्षा व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल की बात भी कही। उन्होंने लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने, बजट बढ़ाने और छात्रावासों की सुविधाएं बेहतर करने का आश्वासन दिया। साथ ही प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में महिला छात्रावासों की सुविधाएं सुधारने की बात कही।

ये भी पढ़ें…चीन सीमा से सटे अरुणाचल के 40 गांवों में घरवापसी, अमित शाह ने बताया कैसे बदले हालात