Owaisi Guard of Honour: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिसकर्मियों ने एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गलती से गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। शनिवार को ओवैसी जैसे ही सर्किट हाउस पहुंचे, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सलामी दी। ओवैसी भी खड़े होकर सलामी लेते नजर आए। मामले की जानकारी सामने आने के बाद सहारनपुर के एसपी मयंक पाठक ने जांच के आदेश दिए हैं।
Owaisi Guard of Honour: सुप्रीम कोर्ट के जज के लिए होनी थी गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी
दरअसल, सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक जज के पहुंचने का कार्यक्रम था। उनके स्वागत के लिए पुलिसकर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की थी। हालांकि, जज के पहुंचने से पहले ही असदुद्दीन ओवैसी वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि ओवैसी के साथ सुरक्षाकर्मियों को देखकर पुलिस के जवानों को गलतफहमी हो गई। इसके चलते उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के जज के बजाय ओवैसी को ही गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया।
Owaisi Guard of Honour: चंद्रशेखर भी पहुंचे थे सर्किट हाउस
शनिवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर भी सुबह करीब 11 बजे सर्किट हाउस पहुंच गए थे। वह अंदर एक कमरे में बैठे हुए थे। इसके करीब 20 मिनट बाद असदुद्दीन ओवैसी वहां पहुंचे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें सलामी दे दी।
ओवैसी और चंद्रशेखर की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई रद्द
ओवैसी और चंद्रशेखर की सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी थी, लेकिन अचानक इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद दोनों नेता जिलाधिकारी (DM) से मुलाकात करने के लिए कलेक्ट्रेट रवाना हो गए।
जॉन ब्रिटास ने बीजेपी पर कसा तंज
इस मामले पर सीपीआई (एम) के सांसद जॉन ब्रिटास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीजेपी पर तंज कसा। उन्होंने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश में ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर? बीजेपी सरकार का यह मास्टरस्ट्रोक है।’ उन्होंने आगे कहा कि सालों तक ओवैसी ने विपक्ष के वोट बांटकर बीजेपी की मदद की है। इसके बदले में बीजेपी उन्हें इतना तो दे ही सकती थी।
यह भी पढ़े- पहलवानी के अखाड़े से यूपी की सत्ता तक, कैसे बने मुलायम सिंह यादव ‘नेताजी’? जानिए पूरा सफर








