Home » बिज़नेस » बिसलेरी का पानी भी ‘अनसेफ’, जांच में मिले खतरनाक केमिकल; FSSAI ने कंपनी पर लिया एक्शन

बिसलेरी का पानी भी ‘अनसेफ’, जांच में मिले खतरनाक केमिकल; FSSAI ने कंपनी पर लिया एक्शन

FSSAI Action:

FSSAI Action: देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सबसे भरोसेमंद ब्रांड्स में शामिल बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के पानी के एक सैंपल को ‘अनसेफ’ घोषित किया है। जांच में पानी के अंदर तय सीमा से ज्यादा ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए गए हैं। इसके बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।

FSSAI Action: कैसे सामने आया बिसलेरी के पानी में केमिकल का मामला?

FSSAI की टीम ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक सैंपल जांच के लिए लिया था। यह सैंपल मिनरल वाटर के बजाय पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का था। जांच के दौरान पानी में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। इसके बाद FSSAI ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित कर दिया।

FSSAI Action: कंपनी की अपील के बाद दोबारा हुई जांच

पहली जांच रिपोर्ट आने के बाद कंपनी ने इसके खिलाफ अपील की। इसके बाद पानी के सैंपल को रेफरल फूड लेबोरेटरी में जांच के लिए भेजा गया। दूसरी जांच में भी पानी को असुरक्षित पाया गया। इस बार रिपोर्ट में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई। PAHs ऐसे रासायनिक यौगिक हैं, जिनके कुछ प्रकार कैंसर के खतरे से जुड़े हैं।

FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ मुकदमे को दी मंजूरी

FSSAI ने अपने नोटिस में कहा कि जांच रिपोर्ट से फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थों से जुड़े प्रावधानों का उल्लंघन सामने आया है। इसी आधार पर प्राधिकरण ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। अब कंपनी के खिलाफ कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी कंपनियों के प्रोडक्ट भी जांच में फेल

FSSAI की कार्रवाई सिर्फ बिसलेरी तक सीमित नहीं रही। जांच में दूसरी कंपनियों के खाद्य उत्पादों में भी खामियां मिली हैं। आशा कॉन्फेक्शनरी की चॉकलेट कुकीज के सैंपल में शक्कर की मात्रा को लेकर मिसब्रांडिंग पाई गई है। वहीं, मीमांसा इंडस्ट्रीज और टीट-बिट्स फूड के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा उर्मी लाइफसाइंसेस और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं। FSSAI की इन कार्रवाइयों से खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर कई कंपनियां जांच के दायरे में आ गई हैं।

यह भी पढ़े- फैसलों की आलोचना करें, संस्थाओं पर हमला नहीं! CJI सूर्यकांत ने क्यों दी ये नसीहत?