India China Meeting: भारत और चीन के बीच अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर तनाव कम करने के लिए सैन्य स्तर पर एक बार फिर बातचीत हुई है। दोनों देशों के बीच कोर कमांडर स्तर की दूसरे दौर की वार्ता पूरी हो गई है। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के कुछ इलाकों में दोनों देशों के सैनिक आमने-सामने हैं और सर्दियों का मौसम शुरू होने वाला है। करीब 10 दिनों तक चली इस बातचीत में सीमा पर टकराव रोकने, गश्त के दौरान विवाद से बचने और सैन्य संवाद बनाए रखने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
दीमापुर में हुई भारत-चीन के कमांडरों की बैठक
भारत और चीन के बीच यह बातचीत नागालैंड के दीमापुर में हुई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सेना की थर्ड कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया ने किया। उन्होंने चीनी समकक्ष और अन्य सैन्य अधिकारियों के साथ बातचीत की। बैठक में विदेश मंत्रालय का एक अधिकारी भी मौजूद रहा। यह वार्ता 8 नवंबर को शुरू हुई थी और बीच में थोड़े अंतराल के साथ करीब 10 दिनों तक चली। दोनों पक्षों के बीच बातचीत को सौहार्दपूर्ण बताया गया है।
India China Meeting: गश्त के दौरान टकराव रोकने पर जोर
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमा पर तैनात सैनिकों के बीच टकराव की आशंका को कम करना था। दोनों देशों के कमांडरों ने ऐसी कार्य-प्रणाली और नियम तय करने पर चर्चा की, जिससे गश्ती दलों के आमने-सामने आने पर स्थिति बिगड़ने से रोकी जा सके। इसके अलावा दोनों सेनाओं के बीच संवाद के रास्ते खुले रखने और स्थानीय स्तर पर होने वाले विवाद को बड़े सैन्य गतिरोध में बदलने से रोकने पर भी जोर दिया गया।
तक्सिंग इलाके में तनाव के बाद बढ़ी बातचीत
अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के तक्सिंग इलाके में तनाव बढ़ने की खबरों के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य बातचीत तेज हुई। इससे पहले 6 और 7 सितंबर को पूर्वी सेक्टर में कोर कमांडर स्तर की पहली बैठक हुई थी। यह बातचीत अरुणाचल प्रदेश के किबिथू सेक्टर स्थित वाचा-दमाई बॉर्डर मीटिंग पॉइंट पर हुई थी। दोनों देशों ने सीमा पर स्थानीय स्तर के विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की है।
India China Meeting: मैकमोहन रेखा को लेकर क्यों है विवाद?
अरुणाचल प्रदेश में सीमा विवाद की प्रमुख वजह मैकमोहन रेखा को लेकर दोनों देशों के अलग-अलग नजरिए हैं। वर्ष 1914 के शिमला समझौते के तहत ब्रिटिश भारत और तिब्बत के प्रतिनिधियों ने इस सीमा रेखा पर सहमति जताई थी। भारत इसे दोनों देशों के बीच पूर्वी क्षेत्र की सीमा मानता है, जबकि चीन इसे मान्यता नहीं देता। चीन अरुणाचल प्रदेश को दक्षिण तिब्बत का हिस्सा बताता है। भारत ने चीन के इस दावे को हमेशा खारिज किया है।
सर्दियों से पहले तनाव कम करने की कोशिश
सीमा पर सर्दियों के दौरान मौसम बेहद कठिन हो जाता है। ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में सैनिकों की तैनाती, आवाजाही और जरूरी सामान पहुंचाना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में दोनों देशों ने सर्दियों से पहले तनाव कम करने के लिए बातचीत की है। अक्टूबर में ITBP के तत्कालीन महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने भी अरुणाचल सीमा पर कई स्थानों पर भारतीय और चीनी सैनिकों के आमने-सामने आने की बात कही थी। विदेश मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया था कि सीमा पर शांति और स्थिरता भारत-चीन संबंधों के विकास के लिए जरूरी है।
ये भी पढ़ें…अखिलेश यादव का BJP पर बड़ा हमला, राम कथा से गोरखपुर हादसे तक उठाए सवाल








