Home » बिज़नेस » दुनिया में 70% तक महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, भारत में सिर्फ 7% बढ़े दाम: हरदीप पुरी

दुनिया में 70% तक महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, भारत में सिर्फ 7% बढ़े दाम: हरदीप पुरी

Petrol Diesel Prices India:

Petrol Diesel Prices India: दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बीच भारत में ईंधन के दाम अपेक्षाकृत नियंत्रित रहे हैं। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को बताया कि पिछले चार वर्षों में भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में केवल 7% की बढ़ोतरी हुई है, जबकि दुनिया के दूसरे देशों में इनके दाम 50 से 70% तक बढ़ गए हैं। उन्होंने इसके पीछे केंद्र सरकार की नीतियों और सरकारी तेल कंपनियों की भूमिका को अहम बताया।

Petrol Diesel Prices India: भारत में कैसे नियंत्रित रहीं पेट्रोल-डीजल की कीमतें?

हरदीप सिंह पुरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल के दामों को नियंत्रित रखने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में तीन बार कटौती की। ये कटौती नवंबर 2021, मई 2022 और 10 मार्च 2026 को की गई थी। मंत्री के मुताबिक, इन फैसलों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा बोझ आम उपभोक्ताओं पर पड़ने से रोकने में मदद मिली।

Petrol Diesel Prices India: सरकारी तेल कंपनियों ने खुद उठाया लागत का बोझ

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों BPCL, IOCL और HPCL ने भी उपभोक्ताओं को राहत देने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि इन कंपनियों ने बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा खुद वहन किया और नुकसान उठाकर भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने की कोशिश की। पुरी ने कहा कि इन कंपनियों ने जिम्मेदार कॉरपोरेट नागरिक की तरह काम किया, ताकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने का पूरा असर आम लोगों पर न पड़े।

LPG की कमी के दावों को बताया अफवाह

हरदीप सिंह पुरी ने देश में एलपीजी की कमी को लेकर विपक्षी दलों के दावों को भी अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय तेल कंपनियों ने एलपीजी का दैनिक उत्पादन 34 हजार मीट्रिक टन से बढ़ाकर 55 हजार मीट्रिक टन कर दिया है। उन्होंने बताया कि देश के सभी 1.07 लाख खुदरा बिक्री केंद्रों पर ईंधन और गैस की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रही। मंत्री ने कहा कि संसद के पिछले सत्र में कुछ विपक्षी नेता गैस सिलेंडरों के कटआउट लेकर आए थे और देश में एलपीजी की भारी कमी होने का दावा कर रहे थे, लेकिन देश में कहीं भी ऐसी स्थिति नहीं थी।

वैश्विक तनाव के कारण अभी भी बनी हुई हैं चुनौतियां

केंद्रीय मंत्री ने माना कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण तेल की कीमतों को लेकर चुनौतियां अभी खत्म नहीं हुई हैं। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान, अमेरिका तथा इजरायल के बीच जारी तनाव का जिक्र किया। पुरी ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ये तनाव कम होंगे और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आएगी। उन्होंने कहा कि भारत को अभी भी वैश्विक ऊर्जा बाजार की परिस्थितियों पर नजर रखनी होगी।

यह भी पढ़े- बीजेपी विधायक रेखा पात्रा की हालत गंभीर, वेंटिलेटर पर रखा गया; जहर देने की आशंका