Home » राजनीति » AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान के बिगड़े बोल, दुल्हन की तुलना तवायफ से की; BJP ने जताया विरोध

AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान के बिगड़े बोल, दुल्हन की तुलना तवायफ से की; BJP ने जताया विरोध

Akhtarul Iman Controversy:

Akhtarul Iman Controversy: AIMIM के बिहार प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। मुस्लिम समाज में शादी की रस्मों और महिलाओं के पहनावे को लेकर दिए गए उनके बयान पर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। एक जलसे में उन्होंने दुल्हन की मुंह दिखाई, वलीमा में उपहार लेने और शादी में दिखावे की परंपराओं पर सवाल उठाए। इसी दौरान उन्होंने दुल्हन को सजाकर बैठाने की तुलना तवायफों से कर दी। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Akhtarul Iman Controversy: शादी में फिजूलखर्ची और दिखावे पर उठाए सवाल

अख्तरुल ईमान ने मुस्लिम समाज में शादी के दौरान होने वाली फिजूलखर्ची और दिखावे की परंपराओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने वलीमा में मिलने वाले तोहफों का हिसाब रखने और महिलाओं के पहनावे को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि समाज में टोपी पहनने वालों की संख्या तो बढ़ी है, लेकिन बेटियों के सिर और सीने से दुपट्टा सरक गया है। इसके अलावा उन्होंने बारात की दावत में शामिल होकर खाना खाने की परंपरा का भी विरोध किया और इसे गलत बताया। अपने संबोधन में अख्तरुल ईमान ने शरीयत, समान नागरिक संहिता (UCC) और मुस्लिम समाज की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी चिंता जाहिर की।

Akhtarul Iman Controversy: अख्तरुल ईमान के बयान पर BJP ने जताया कड़ा विरोध

अख्तरुल ईमान के बयान पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने उनके बयान पर ऐतराज जताते हुए कहा कि मुस्लिम महिलाएं आज खेल, शिक्षा, चिकित्सा, विमानन और फिल्म जगत समेत अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सब भारतीय संविधान से मिले अधिकारों और स्वतंत्रता का परिणाम है। महिलाओं को अपनी पसंद से जीवन जीने और आगे बढ़ने का पूरा अधिकार है।

‘महिलाओं के अधिकार तय करने का हक किसी मौलाना या विधायक को नहीं’

दानिश इकबाल ने कहा कि महिलाओं के पहनावे, शादी की रस्मों और उनके जीवन जीने के तरीके तय करने का अधिकार किसी मौलाना या विधायक को नहीं है। संविधान हर महिला को अपनी पसंद से जीवन जीने, शिक्षा हासिल करने, पेशा चुनने और अपने फैसले लेने की स्वतंत्रता देता है। उन्होंने कहा कि शरीयत के नाम पर महिलाओं की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने की कोशिश निंदनीय है। भारत में संविधान सर्वोपरि है और महिलाओं के अधिकार किसी व्यक्ति की सोच से नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकारों से तय होंगे।

सोशल मीडिया पर भी तेज हुई बहस

अख्तरुल ईमान का बयान सामने आने के बाद यह मामला राजनीतिक विवाद का रूप लेता दिखाई दे रहा है। बीजेपी ने जहां उनके बयान पर सवाल उठाए हैं, वहीं सोशल मीडिया पर भी शादी की परंपराओं और महिलाओं की स्वतंत्रता को लेकर बहस तेज हो गई है।

यह भी पढ़े- मोबाइल चोरी होने पर न लें नया नंबर, Jio-Airtel समेत इन कंपनियों से ऐसे पाएं पुराना SIM