Home » Technology » मोबाइल चोरी होने पर न लें नया नंबर, Jio-Airtel समेत इन कंपनियों से ऐसे पाएं पुराना SIM

मोबाइल चोरी होने पर न लें नया नंबर, Jio-Airtel समेत इन कंपनियों से ऐसे पाएं पुराना SIM

Duplicate SIM Card:

Duplicate SIM Card: आज के समय में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। बैंक अकाउंट, UPI, सोशल मीडिया और कई जरूरी सेवाएं मोबाइल नंबर से जुड़ी होती हैं। ऐसे में अगर आपका फोन कहीं गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो सबसे बड़ी चिंता मोबाइल नंबर के गलत इस्तेमाल की होती है। कई लोग ऐसी स्थिति में नया नंबर लेने के बारे में सोचने लगते हैं, लेकिन ऐसा करने की जरूरत नहीं है। आप अपना पुराना नंबर बरकरार रखते हुए उसी नंबर का नया सिम कार्ड ले सकते हैं। इसके लिए आपको पहले पुराने सिम को ब्लॉक कराना होगा और फिर टेलीकॉम कंपनी के अधिकृत स्टोर पर जाकर जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

Duplicate SIM Card: फोन चोरी होते ही सबसे पहले करें ये काम

अगर आपका स्मार्टफोन खो गया है या चोरी हो गया है, तो सबसे पहले अपने पुराने सिम कार्ड को ब्लॉक कराएं। इससे कोई दूसरा व्यक्ति आपके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। इसके लिए आप टेलीकॉम ऑपरेटर के कस्टमर केयर पर कॉल कर सकते हैं या नजदीकी स्टोर पर जाकर सिम बंद करवा सकते हैं। कुछ कंपनियां ऑनलाइन सिम ब्लॉक करने की सुविधा भी देती हैं। इसके अलावा, सिर्फ सिम ब्लॉक कराना ही काफी नहीं है। आपको अपने चोरी हुए मोबाइल फोन को भी ब्लॉक करवाना चाहिए। इसके लिए सरकार के संचार साथी पोर्टल पर जाकर IMEI ब्लॉक करने का अनुरोध कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल का IMEI नंबर और पुलिस शिकायत की कॉपी की जरूरत पड़ सकती है। IMEI ब्लॉक होने के बाद फोन में दूसरा सिम डालने पर भी वह मोबाइल नेटवर्क से कनेक्ट नहीं हो पाएगा।

Duplicate SIM Card: बिना नंबर बदले कैसे मिलेगा नया सिम कार्ड?

पुराना सिम ब्लॉक होने के बाद आप उसी मोबाइल नंबर का नया सिम कार्ड ले सकते हैं। इसके लिए आपको अपने टेलीकॉम ऑपरेटर के अधिकृत स्टोर पर जाना होगा। वहां डुप्लीकेट या रिप्लेसमेंट सिम की मांग करें। अपने साथ वैध पहचान पत्र और पुराना मोबाइल नंबर जरूर रखें। स्टोर पर आपकी पहचान की जांच की जाएगी। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आपको उसी नंबर का नया सिम जारी कर दिया जाएगा। हालांकि, नया सिम मिलने और उसके पूरी तरह एक्टिव होने में कुछ समय लग सकता है।

Jio, Airtel, Vi और BSNL यूजर्स ऐसे पाएं नया सिम

Jio यूजर्स ऐसे पाएं नया सिम

अगर आप Jio यूजर हैं और आपका फोन खो गया है, तो 1800-889-9999 पर कॉल करके पुराने सिम को अस्थायी रूप से बंद करवाने की जानकारी ले सकते हैं। इसके बाद नजदीकी Jio स्टोर पर जाएं। वहां अपनी पहचान की जांच पूरी कराकर उसी नंबर का नया सिम ले सकते हैं।

Airtel यूजर्स को करना होगा ये काम

Airtel यूजर्स किसी दूसरे मोबाइल नंबर से कंपनी के कस्टमर केयर पर कॉल करके फोन खोने की जानकारी दे सकते हैं। इसके बाद पुराने सिम को ब्लॉक कराएं। फिर नजदीकी Airtel स्टोर पर जाकर डुप्लीकेट सिम के लिए आवेदन करें। अपने साथ पहचान पत्र और जरूरत पड़ने पर पुलिस शिकायत की कॉपी भी रखें।

Vi यूजर्स ऑनलाइन भी करा सकते हैं सिम ब्लॉक

Vi यूजर्स के लिए सिम ब्लॉक करने की ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए कंपनी की वेबसाइट पर जाकर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद रजिस्टर्ड वैकल्पिक नंबर या ईमेल पर आए OTP के जरिए पुष्टि करनी होगी। पुराना सिम ब्लॉक होने के बाद नजदीकी Vi स्टोर पर जाकर उसी नंबर का नया सिम लिया जा सकता है।

BSNL यूजर्स इस नंबर पर करें कॉल

BSNL यूजर्स अपने नंबर से 1503 पर कॉल करके सिम ब्लॉक करवा सकते हैं। अगर आप किसी दूसरे नेटवर्क से कॉल कर रहे हैं, तो 1800-180-1503 डायल कर सकते हैं। सिम ब्लॉक होने के बाद अपने इलाके के BSNL ग्राहक सेवा केंद्र पर जाएं। वहां पहचान पत्र दिखाकर पुराने नंबर का नया सिम ले सकते हैं। जरूरी दस्तावेजों की जानकारी पहले कस्टमर केयर से जरूर ले लें।

नया सिम लेते समय इन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत

डुप्लीकेट सिम लेने के लिए टेलीकॉम स्टोर पर जाते समय आधार कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसे सरकारी पहचान पत्र साथ रखें। अगर आपका फोन चोरी हुआ है, तो पुलिस शिकायत की कॉपी भी मांगी जा सकती है। Vi के मुताबिक, पुराना सिम ब्लॉक होने के 90 दिनों के अंदर नया सिम लेना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर आप अपने नंबर का एक्सेस खो सकते हैं। कंपनी के अनुसार, रिप्लेसमेंट सिम लेने पर आपका मौजूदा रिचार्ज प्लान, बैलेंस और सेवाएं पहले की तरह बनी रहती हैं।

नया सिम मिलने के बाद 24 घंटे तक नहीं मिलेगी SMS सेवा

नया सिम कार्ड हाथ में आते ही यह जरूरी नहीं कि वह तुरंत पूरी तरह काम करने लगे। दूरसंचार विभाग के नियमों के मुताबिक, दोबारा जारी किए गए सिम के एक्टिवेशन के बाद शुरुआती 24 घंटे तक SMS सेवा बंद रहती है। इसका मतलब है कि इस दौरान आपको बैंक, UPI और दूसरी ऑनलाइन सेवाओं के SMS OTP नहीं मिलेंगे। इसलिए अगर आपको कोई जरूरी बैंकिंग या ऑनलाइन पेमेंट का काम करना है, तो इस बात का ध्यान रखें।

यह भी पढ़े- यूपी चुनाव: कांग्रेस ने सपा को सौंपी 130 सीटों की लिस्ट, अमेठी-रायबरेली की सभी सीटों पर ठोका दावा