Congress SP Seat Sharing: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है। रविवार को दिल्ली में कांग्रेस और सपा के नेताओं की बैठक हुई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई इस बैठक में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को करीब 130 सीटों की सूची सौंपी है। साथ ही पार्टी ने इटावा और मैनपुरी को छोड़कर लगभग हर जिले में कम से कम एक सीट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
Congress SP Seat Sharing: अमेठी और रायबरेली की सभी सीटों पर कांग्रेस का दावा
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने अपनी मांगों की सूची में अमेठी और रायबरेली की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा पेश किया है। इसके अलावा पार्टी ने प्रदेश के लगभग हर जिले में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए कम से कम एक सीट मांगी है। हालांकि, इटावा और मैनपुरी को इस मांग से बाहर रखा गया है।
Congress SP Seat Sharing: बैठक में कौन-कौन से नेता हुए शामिल?
प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में कांग्रेस की ओर से यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, सांसद इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए। वहीं, समाजवादी पार्टी की तरफ से रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन बैठक में मौजूद रहे। सपा की ओर से एक डेटा एक्सपर्ट ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में क्या हुआ?
सूत्रों के अनुसार, समाजवादी पार्टी के नेता सुबह करीब 11:50 बजे प्रमोद तिवारी के आवास पहुंचे। वहां कांग्रेस के नेता पहले से ही उनका इंतजार कर रहे थे। बैठक शुरू होने पर रामगोपाल यादव ने कांग्रेस नेताओं से पूछा कि उन्होंने सीटों को लेकर क्या तय किया है। इसके जवाब में कांग्रेस नेताओं ने उन्हें करीब 130 सीटों की सूची सौंप दी। सूची मिलने के बाद सपा नेताओं ने कहा कि वे इस संबंध में अखिलेश यादव से बातचीत करेंगे और इसके बाद अगले दिन फिर से चर्चा होगी। बैठक के बाद दोनों दलों के नेताओं ने चाय पी और करीब सवा 12 बजे वहां से रवाना हो गए।
अखिलेश यादव से चर्चा के बाद होगी अगली बैठक
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस की मांगों पर अखिलेश यादव से चर्चा करने की बात कही है। इसके बाद दोनों दलों के बीच सोमवार को एक बार फिर बैठक होने की संभावना है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। बैठक के बाद दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को सौहार्दपूर्ण बताया। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भी कहा कि दोनों पार्टियों के बीच अगले दिन फिर बैठक होगी।
यह भी पढ़े- क्या इजराइल के मामले में मोदी सरकार के साथ खड़े हैं राहुल गांधी? जानिए क्या कहा








