Home » ओपिनियन » Uttar Pradesh Assembly Elections 2027: अखिलेश यादव का सॉफ्ट हिंदुत्व और आजम का मुस्लिम कार्ड, सीएम योगी से मुकाबले के लिए दो नावों की सवारी

Uttar Pradesh Assembly Elections 2027: अखिलेश यादव का सॉफ्ट हिंदुत्व और आजम का मुस्लिम कार्ड, सीएम योगी से मुकाबले के लिए दो नावों की सवारी

Akhilesh Yadav:

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में सुंदरकांड पाठ, अखिलेश यादव की श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता और 12 दिसंबर को परिवार सहित अयोध्या जाकर रामलला व हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना करने की योजना के साफ संकेत हैं कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए दोहरी रणनीति पर काम कर रहे हैं। वे एक ओर तो पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए ) समीकरण के साथ भाजपा के परंपरागत वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए अपनी ‘सॉफ्ट हिंदुत्व’ की छवि पेश कर रहे हैं और दूसरी तरफ मुस्लिम वोटों को एकजुट रखने के लिए सक्रिय हैं।यह सही है कि राजनीति में जीत के लिए हर पार्टी या नेता अपने हिसाब से समीकरण और रणनीति बनाने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन यह भी सच है कि कपड़े बदल देने से आदमी की न तो सूरत बदलती है और न सीरत। आखिर अखिलेश यह कैसे भूल रहे हैं कि उनके जिन स्वर्गीय पिता मुलायम सिंह की जयंती पर आज सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा है, वर्ष 1990 में उन्हीं के मुख्यमंत्री काल में अयोध्या में कारसेवकों पर गोलियां चली थी। मुलायम सिंह यादव की कट्टर मुस्लिम-समर्थक राजनीति या तुष्टिकरण की नीति के चलते लोग उन्हें “मौलाना मुलायम” या “मुल्ला मुलायम” तक कहते थे।

Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव के सामने अहम चुनौती

अखिलेश यादव के सामने सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी विधानसभा चुनाव के सबसे बड़े चेहरे हैं।वे विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर जनता के बीच दमदार भूमिका में हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के साथ ही उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त करने और सर्वांगीण विकास की दिशा में जो ठोस काम किये, उनकी देशभर में चर्चा हो रही है। उन्होंने अयोध्या, मथुरा और काशी जैसे पौराणिक तीर्थ स्थलों में करोड़ों रुपए के जो विकास कार्य किये, उससे देश-विदेश के तीर्थयात्री खुश हैं। आज इन तीर्थ स्थलों पर बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों के आने से राज्य के साथ ही देश के अन्य भागों में भी आर्थिक विकास के नए रास्ते खुले हैं।एक तरफ योगी आदित्यनाथ हैं जो तीर्थ स्थलों के विकास और आर्थिक उन्नति की सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं और दूसरी तरफ अखिलेश यादव हैं, जिन्हें अब जाकर राम और कृष्ण की याद आ रही है। आखिर ऐसे में जनता किसे महत्व देगी? क्या मुलायम सिंह यादव तुष्टिकरण की जो राजनीति करते रहे, अखिलेश ने उसी का अनुसरण नहीं किया? क्या ‘MY’ (मुस्लिम-यादव) फैक्टर उनके लिए चुनावों में महत्वपूर्ण नहीं रहा?

Akhilesh Yadav: आजम खान का विक्टिम कार्ड

एक तरफ अखिलेश भाजपा के परंपरागत वोट बैंक में घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनकी पार्टी के नेता मुस्लिम समाज को भरोसा दे रहे हैं कि समाजवादी पार्टी हमेशा उनके साथ है।सपा के लिए ‘MY’ (मुस्लिम-यादव) फैक्टर आज भी महत्वपूर्ण है। इस बीच आजम खान के अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आने और उनकी सक्रियता से सपा कार्यकर्ताओं को उम्मीदें जगी हैं, लेकिन आजम खान मुस्लिम समाज के वोटों पर पहले जैसा असर डाल पाएंगे, इसकी संभावनाएं कम हैं। आजम खान विक्टिम कार्ड खेलकर अपने समाज के लोगों की भावनाओं का दोहन कर रहे हैं, वे कह रहे हैं कि उन्हें मुसलमान होने या शिक्षा संस्थान बनाने की सजा मिली, लेकिन उन्हें यह भी अहसास रहना चाहिए कि जमीन कब्जाने के मामले में उनके खिलाफ शिकायत करने वालों में मुस्लिम समाज के लोग भी शामिल हैं।वे मुस्लिम कार्ड भले ही खेलें, लेकिन अब स्थितियां उनके लिए पहली जैसी नहीं रही। उनके वे दिन लद गए जब वे सपा सरकार में बड़े ओहदे पर हुआ करते थे और लोग उनके पीछे चला करते थे। इसके अलावा यह भी गौर करने लायक है कि उनके खिलाफ 80 मामले चल रहे हैं, जिनमें वे दोषमुक्त नहीं हुए हैं। ऐसे में वे चुनाव को कितना और किस हद तक प्रभावित कर सकेंगे, यह अहम सवाल है। अखिलेश यादव आज आजम खान के बूते मुस्लिम वोटों को समेटे रखने की कोशिशें तो कर रहे हैं, लेकिन यह इतना आसान नहीं है।

असदुद्दीन ओवैसी की चुनौती

उत्तर प्रदेश में लगभग 19–20 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता हैं।करीब 143 से 150 सीटों पर इनका प्रभाव माना जाता है।आजम खान विक्टिम कार्ड खेलकर इन्हें सपा के साथ एकजुट रखने की कोशिश तो कर रहे हैं, लेकिन असदुद्दीन ओवैसी की चुनौती और वोट बंटवारे की आशंका को कैसे नजरंदाज किया जा सकता है? असदुद्दीन ओवैसी मुस्लिम मतदाताओं से सपा के प्रति वफादारी न दिखाने की अपील कर रहे हैं, वे आजम खान की भूमिका, उम्र व सेहत पर भी सवाल उठा रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद के साथ उनका गठबंधन मुस्लिम व दलित समीकरण साधने की कोशिश कर रहा है। इसका नुकसान सपा को होना तय है। जाहिर है कि अखिलेश यादव आज ऐसे मोड़ पर हैं जहां उन्हें न तो सॉफ्ट हिंदुत्व और न ही मुस्लिम कार्ड का फायदा होने की गारांटी है। सॉफ्ट हिंदुत्व का दांव इसलिए उनके काम नहीं आएगा कि लोग सपा का पुराना इतिहास भूले नहीं हैं और आजम खान के बूते मुस्लिम कार्ड की सफलता की गुंजाइश अब पहले जैसी नहीं रही।इस समय अखिलेश दो नावों पर सवार तो हैं, लेकिन यदि खेवनहार कमजोर हों, पतवार सही से काम न करें, तो नाव का भंवर से पार पाना काफी चुनौतीपूर्ण साबित होता है।

सुशील चौधरी
संपादक
khabarindia

ये भी पढ़ें- AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान के बिगड़े बोल, दुल्हन की तुलना तवायफ से की; BJP ने जताया विरोध