Home » राजनीति » अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी में उमड़ा हुजूम, 2.5 करोड़ की Defender से पहुंची बारात

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी में उमड़ा हुजूम, 2.5 करोड़ की Defender से पहुंची बारात

Anant Singh:

Anant Singh: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है। पटना के नदावां में आयोजित इस शाही शादी में दूल्हे ऋषिकेश कुमार उर्फ अनिकेत की बारात धूमधाम से पहुंची। शादी समारोह में झारखंडी बैंड की धुन, लग्जरी गाड़ियों और मेहमानों की भारी भीड़ ने खास आकर्षण पैदा किया। इस दौरान अनंत सिंह का देसी अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने हाथ में गमछा लहराकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। आइए जानते हैं इस शाही शादी की बड़ी बातें।

Anant Singh: 2.5 करोड़ की Defender से बारात लेकर पहुंचे दूल्हे राजा

शिवांगी सिंह के होने वाले पति ऋषिकेश कुमार उर्फ अनिकेत की बारात पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर से निकली। इस दौरान दूल्हे राजा लैंड रोवर Defender में सवार होकर विवाह स्थल पहुंचे। खास बात यह है कि करीब 2.5 करोड़ रुपये की यह लग्जरी कार अनंत सिंह ने तिलक समारोह में अपने होने वाले दामाद को उपहार में दी थी। कार को शादी के लिए विशेष रूप से सजाया गया था।

Anant Singh: झारखंडी बैंड की धुन पर जमकर थिरके बाराती

बारात में झारखंड के प्रसिद्ध झारखंडी बैंड की धुन ने समां बांध दिया। ढोल-नगाड़ों और बैंड की आवाज पर बारातियों ने जमकर डांस किया। दूल्हे के पिता रणविजय कुमार सिंह भी बेटे की बारात निकलने की खुशी में खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। बारात निकलने से पहले दूल्हे की मां आशा देवी ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार बेटे का परछावन किया।

गमछा लहराकर अनंत सिंह ने किया लोगों का अभिवादन

शादी समारोह के बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्हें देखने और उनसे मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इस दौरान अनंत सिंह ने हाथ में गमछा लेकर हवा में लहराया और वहां मौजूद भीड़ का अभिवादन किया। उनका यह देसी अंदाज समारोह में आकर्षण का केंद्र बन गया।

शादी में शाही भोज, आम और खास सभी के लिए खास इंतजाम

शिवांगी सिंह की शादी में मेहमानों के लिए भव्य भोज का आयोजन किया गया। शादी में शामिल होने पहुंचे लोगों के लिए खाने-पीने के विशेष इंतजाम किए गए। मेहमानों की थाली में कई तरह के पकवान और मिठाइयां परोसी गईं। खास बात यह रही कि आम हो या खास, सभी के लिए एक जैसी मेहमाननवाजी की व्यवस्था की गई।

दूल्हे ऋषिकेश कुमार की पहली तस्वीर आई सामने

शादी समारोह से दूल्हे ऋषिकेश कुमार उर्फ अनिकेत की पहली तस्वीर भी सामने आई। तस्वीर में वह शाही अंदाज में नजर आए। उनकी पहली तस्वीर सामने आने के बाद शादी को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई। पटना के नदावां में आयोजित इस समारोह में मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी रहा।

अनंत सिंह के दोस्त का मजेदार जवाब हुआ वायरल

शादी समारोह में अनंत सिंह के एक दोस्त का जवाब भी चर्चा में आ गया। जब पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या वह अनंत सिंह के बचपन के दोस्त हैं, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘नहीं, मैं उनका दोस्त जेल से ही हूं।’ उनका यह जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग मुस्कुराने लगे।

भारी भीड़ के चलते घुड़दौड़ प्रतियोगिता स्थगित

शिवांगी सिंह की शादी से पहले नदावां गांव में भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसे देखने के लिए आसपास के गांवों और दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कई दर्शक प्रतियोगिता देखने के लिए टावर पर चढ़ गए। आयोजन स्थल पर भारी भीड़ और व्यवस्था संबंधी परेशानियों के कारण घुड़दौड़ प्रतियोगिता को स्थगित कर दिया गया। अब इसका आयोजन गुरुवार को किया जाएगा। प्रतियोगिता के विजेता को महिंद्रा थार SUV देने की घोषणा की गई है।

सांसद विवेक ठाकुर समेत कई हस्तियां शादी में पहुंचीं

शिवांगी सिंह की शादी में कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने भी शिरकत की। नवादा के सांसद विवेक ठाकुर नदावां पहुंचे और अनंत सिंह के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने नवदंपति को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

यह भी पढ़े- संतोष कुमारी से पहले इन युवाओं ने भी राजनीति के दिग्गजों को दी मात, मेयर से विधायक तक रचा इतिहास