Home » उत्तर प्रदेश » सहारनपुर की सीट पर सपा-कांग्रेस में क्यों बढ़ी तकरार? अखिलेश ने चला नया दांव

सहारनपुर की सीट पर सपा-कांग्रेस में क्यों बढ़ी तकरार? अखिलेश ने चला नया दांव

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर खींचतान तेज होती दिखाई दे रही है। इस सियासी टकराव के केंद्र में सहारनपुर की सहारनपुर देहात विधानसभा सीट भी आ गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा MLC शाहनवाज खान को इस सीट से चुनाव लड़ाने का ऐलान किया था। इसके बाद सपा के मौजूदा विधायक आशु मलिक की दावेदारी को लेकर विवाद सामने आया। अब समाजवादी पार्टी ने आशु मलिक को दोबारा टिकट देकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह मामला सिर्फ सीटों के बंटवारे का है या इसके पीछे सहारनपुर की स्थानीय राजनीति और शाहनवाज खान का राजनीतिक भविष्य भी जुड़ा है?

शाहनवाज को चुनाव लड़ाने का इमरान ने किया था ऐलान

मई 2025 में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सार्वजनिक मंच से सपा MLC शाहनवाज खान को सहारनपुर देहात सीट से चुनाव लड़ाने का ऐलान किया था। यह सीट फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक आशु मलिक के पास है। इमरान के इस बयान को सपा के मौजूदा विधायक की दावेदारी के सामने चुनौती के तौर पर देखा गया। इस दौरान उन्होंने सपा के स्थानीय नेताओं को भी चुनौती दी थी। इसके बाद आशु मलिक और इमरान मसूद के बीच जुबानी टकराव सामने आया।

Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव ने ही शाहनवाज को बनाया था MLC

शाहनवाज खान को साल 2022 में समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद सदस्य बनाया था। उस समय अखिलेश यादव ने उन पर भरोसा जताया था। शाहनवाज के पिता सरफराज खान भी सपा के वरिष्ठ नेता रहे हैं और मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। ऐसे में शाहनवाज को पार्टी में मजबूत राजनीतिक पहचान मिली। हालांकि, बाद के दिनों में उनकी नजदीकियां कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के साथ बढ़ती दिखाई देने लगीं।

इमरान की गैरमौजूदगी में शाहनवाज संभालने लगे कामकाज

सहारनपुर की राजनीति में शाहनवाज खान की सक्रियता इमरान मसूद के साथ बढ़ने लगी। बताया जाता है कि इमरान की गैरमौजूदगी में शाहनवाज उनका राजनीतिक कामकाज भी देखते थे। धीरे-धीरे इमरान मसूद उनके राजनीतिक भविष्य की खुलकर पैरवी करने लगे। सहारनपुर देहात से चुनाव लड़ाने के ऐलान ने सपा के स्थानीय नेतृत्व के साथ मतभेद को सार्वजनिक कर दिया।

Akhilesh Yadav: शाहनवाज पर अखिलेश ने दिया था बड़ा बयान

शाहनवाज खान को लेकर अखिलेश यादव से भी सवाल पूछा गया था। उनसे कहा गया कि शाहनवाज इमरान मसूद के साथ ज्यादा दिखाई देते हैं और सपा के कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता कम नजर आती है। इस पर अखिलेश ने जवाब दिया था, ‘बदल देंगे और जो नया आएगा, वह दिखाई देगा।’ उनके इस बयान को शाहनवाज की पार्टी में भूमिका को लेकर नाराजगी के संकेत के तौर पर देखा गया।

आशु मलिक को दोबारा टिकट देकर सपा ने दिया संदेश

अब समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर देहात सीट से मौजूदा विधायक आशु मलिक को दोबारा टिकट दे दिया है। इस फैसले से पार्टी ने फिलहाल अपने मौजूदा विधायक पर भरोसा बरकरार रखा है। वहीं, इमरान मसूद की ओर से शाहनवाज खान को चुनाव लड़ाने का ऐलान अब सपा के टिकट के फैसले से अलग खड़ा नजर आ रहा है। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले सहारनपुर की यह सीट सपा-कांग्रेस के रिश्तों और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम हो गई है।

ये भी पढ़ें…NDA का कुनबा कैसे बढ़ रहा है? 2 साल में 4 दल आए साथ