Home » राजनीति » संतोष कुमारी से पहले इन युवाओं ने भी राजनीति के दिग्गजों को दी मात, मेयर से विधायक तक रचा इतिहास

संतोष कुमारी से पहले इन युवाओं ने भी राजनीति के दिग्गजों को दी मात, मेयर से विधायक तक रचा इतिहास

Young Indian Political Leaders:

Young Indian Political Leaders: देश की राजनीति में अब युवा भी अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा और नगर निगम तक, कई युवाओं ने कम उम्र में चुनाव जीतकर सत्ता के दिग्गजों को चुनौती दी है। राजस्थान की संतोष कुमारी ने महज 21 साल, 1 महीने और 6 दिन की उम्र में जिला प्रमुख बनकर इतिहास रचा है। हालांकि, उनसे पहले भी कई युवा अपनी जीत और कामकाज के दम पर देशभर में चर्चा बटोर चुके हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही युवा चेहरों के बारे में।

Young Indian Political Leaders: 1. पूजा: मुखिया बनकर पूरा किया परिवार का 50 साल पुराना सपना

बिहार के गया जिले की गरारी पंचायत की मुखिया पूजा ने साल 2019 में शादी के बाद चुनाव लड़ने का फैसला किया। ससुराल वालों के प्रोत्साहन से उन्होंने मुखिया का चुनाव जीता और अपने परिवार का 50 साल पुराना सपना पूरा किया। शुरुआत में अनुभव की कमी को लेकर उन्हें ताने सुनने पड़े, लेकिन गांव की महिलाओं के समर्थन से उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की। पूजा ने पंचायत में ‘महिला आम सभा’ की शुरुआत की, जिसे बाद में गया की 320 पंचायतों में लागू किया गया। उनके नेतृत्व में गरारी पंचायत को ‘मॉडल महिला-हितैषी पंचायत’ घोषित किया गया। महिला रोजगार, स्वच्छता, नली-गली और प्रधानमंत्री आवास योजना में बेहतर काम के लिए उन्हें स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिल्ली भी आमंत्रित किया गया।

Young Indian Political Leaders: 2. संतोष कुमारी: 21 साल की उम्र में बनीं सबसे युवा जिला प्रमुख

Young Indian Political Leaders:

राजस्थान के जैसलमेर की संतोष कुमारी ने महज 21 साल, 1 महीने और 6 दिन की उम्र में जिला प्रमुख बनकर इतिहास रच दिया। एक सामान्य और गैर-राजनीतिक परिवार से आने वाली संतोष के पिता ग्राम विकास अधिकारी हैं। बीए शिक्षित संतोष ने पूर्व मंत्री शालेह मोहम्मद और फकीर परिवार के भरोसे पर अनारक्षित सामान्य वार्ड से चुनाव लड़ा। उन्होंने चुनाव में 6202 वोटों से शानदार जीत दर्ज की और बाद में निर्विरोध जिला प्रमुख चुनी गईं। Gen Z पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करने वाली संतोष का लक्ष्य वंचित गांवों और ढाणियों का विकास करना और पिछड़े इलाकों में बेहतर शिक्षा पहुंचाना है।

3. आर्या राजेंद्रन: 21 साल की उम्र में बनीं देश की सबसे युवा मेयर

Young Indian Political Leaders:

केरल की आर्या राजेंद्रन ने महज 21 साल की उम्र में तिरुवनंतपुरम नगर निगम की मेयर बनकर इतिहास रच दिया था। कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पार्षद का चुनाव जीता और इसके बाद देश की सबसे युवा मेयर बनीं। एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली आर्या का कोई बड़ा राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं था। मेयर बनने के बाद उन्होंने शहर में कचरा प्रबंधन, स्वच्छता अभियान, सार्वजनिक परिवहन और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कई योजनाओं पर काम किया। इसके बाद वह देश में युवा नेतृत्व की एक प्रमुख मिसाल बन गईं।

4. अनुष्का कुमारी: 21 साल की उम्र में बनीं सबसे कम उम्र की मुखिया

Young Indian Political Leaders:

बिहार के शिवहर जिले की कुशहर पंचायत की अनुष्का कुमारी ने महज 21 साल की उम्र में मुखिया का चुनाव जीतकर अपनी पहचान बनाई। उन्होंने रीता देवी को 287 वोटों से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। अनुष्का बेंगलुरु से हिस्ट्री ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई कर चुकी हैं। वह पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनील सिंह की बेटी हैं और अपने दादा को आदर्श मानती हैं। क्षेत्र की समस्याओं और भ्रष्टाचार को खत्म करने के उद्देश्य से उन्होंने चुनाव लड़ा। राजनीति के साथ-साथ वह आगे भी अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं।

5. रेशमा मरियम रॉय: 21 साल में बनीं सबसे युवा पंचायत अध्यक्ष

Young Indian Political Leaders:

केरल के पत्तनमतिट्टा जिले की रेशमा मरियम रॉय ने भी 21 साल की उम्र में पंचायत चुनाव जीतकर सबसे कम उम्र की पंचायत अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड बनाया था। चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु सीमा 21 साल पूरी करते ही उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया और जीत हासिल की।  अपने कार्यकाल के दौरान रेशमा ने ग्रामीण बुनियादी ढांचे, महिलाओं के स्वरोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए काम किया। बिना किसी बड़ी राजनीतिक विरासत के उन्होंने अपनी मेहनत और काम के दम पर स्थानीय राजनीति में अलग पहचान बनाई।

6. रविंद्र सिंह भाटी: निर्दलीय चुनाव जीतकर बने विधायक

Young Indian Political Leaders:

राजस्थान के बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक बने रविंद्र सिंह भाटी युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और जोधपुर के जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष बने। इसके बाद 2023 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में उन्होंने बिना किसी बड़े राजनीतिक दल के समर्थन के निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। विधायक बनने के बाद उन्होंने अपने क्षेत्र में पेयजल संकट, शिक्षा, रोजगार और सीमावर्ती गांवों के विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

7. अंशुमन सिंह राजपूत: 27 साल की उम्र में बने विधायक

Young Indian Political Leaders:

राजस्थान के बीकानेर जिले की कोलायत विधानसभा सीट से विधायक बने अंशुमन सिंह राजपूत भी राज्य के युवा राजनीतिक चेहरों में शामिल हैं। महज 27 साल की उम्र में विधानसभा चुनाव जीतकर उन्होंने युवाओं का प्रतिनिधित्व किया। विधायक बनने के बाद उन्होंने अपने क्षेत्र के दूरदराज के गांवों में बिजली, पानी और चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया। इसके अलावा युवाओं के लिए खेल और शिक्षा के अवसर बढ़ाने, ग्रामीण सड़कों का विकास करने और किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए भी सक्रिय रहे।

8. अदिति सिंह: कम उम्र में राजनीति में बनाई मजबूत पहचान

Young Indian Political Leaders:

उत्तर प्रदेश की रायबरेली सदर सीट से विधायक रहीं अदिति सिंह ने भी कम उम्र में राजनीति में कदम रखकर अपनी अलग पहचान बनाई। विदेश से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने रायबरेली की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और चुनाव जीतकर विधायक बनीं। अपने विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने सड़क निर्माण, बिजली आपूर्ति, सरकारी स्कूलों के विकास और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी। क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के जरिए उन्होंने अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत की।

यह भी पढ़े- सहारनपुर की सीट पर सपा-कांग्रेस में क्यों बढ़ी तकरार? अखिलेश ने चला नया दांव