Bihar Election 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचार योगी आदित्यनाथ आज गुरुवार को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। जो भारतीय जनता पार्टी के लिए चुनावी प्रचार अभियान की शुरुआत पटना से करेंगे। इस दौरान वह पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली दानापुर विधानसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी दोपहर लगभग 11:00 बजे पटना पहुंचेंगे, जहां से वह सीधे दानापुर रवाना होंगे। यहां वह भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव के नामांकन कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वह एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। दानापुर के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सहरसा के लिए प्रस्थान करेगा, जहां वह भाजपा प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक डॉ. आलोक रंजन के नामांकन में शामिल होंगे। सहरसा में भी एक जनसभा का आयोजन किया गया है।
प्रशासन ने किए सुरक्षा इंतजाम
Bihar Election 2025: मुख्यमंत्री योगी के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। दानापुर और सहरसा में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है और ट्रैफिक को लेकर विशेष योजना लागू की गई है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह
Bihar Election 2025: मुख्यमंत्री योगी के आगमन को लेकर पटना और सहरसा में भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों शहरों को भगवा झंडों, पोस्टरों और होर्डिंग्स से सजा दिया है। भाजपा के स्थानीय नेताओं का मानना है कि योगी आदित्यनाथ का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का काम करेगा और चुनावी अभियान को मजबूती देगा।
दानापुर सीट पर दिलचस्प मुकाबला
Bihar Election 2025: गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र दानापुर सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की संभावना है। भाजपा ने यहां से एक बार फिर रामकृपाल यादव को चुनावी मैदान में उतारा है। जबकि राजद ने पूर्व विधायक रीतलाल यादव टिकट दिया है। पिछले विधानसभा चुनाव में रीतलाल ने भाजपा की आशा सिन्हा को हराया था। इस बार भाजपा ने आशा सिन्हा का टिकट काट दिया, जिससे वह नाराज होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। इससे यहां त्रिकोणीय मुकाबला बनने की संभावना है।







